गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भकुर्रा में हुई एक युवक की अंधी हत्या के मामले को पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर सुलझा लिया है. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मृतक के ही एक सगे दोस्त को हत्या के संगीन आरोप में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है. इस पूरे अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाने में घटनास्थल पर छूटे एक गमछे और रायगढ़ पुलिस की खोजी कुतिया (Police Dog) ‘रूबी’ ने बेहद टर्निंग पॉइंट भूमिका निभाई.
घर की परछी में लहूलुहान मिला था शव
प्रकरण के अनुसार, 12 जुलाई 2026 की रात भकुर्रा आवासपारा निवासी गोरखनाथ चौहान ने लैलूंगा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके 23 वर्षीय पुत्र रामनाथ उर्फ सोनू चौहान का शव घर की परछी में खून से लथपथ पड़ा हुआ है. मृतक के सिर और गर्दन के पास घर में इस्तेमाल होने वाला एक भारी-भरकम शील पत्थर (सिलबट्टा) पड़ा हुआ था, जिस पर खून के निशान थे.
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. पुलिस को घटनास्थल के सूक्ष्म निरीक्षण के दौरान एक संदिग्ध गमछा और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य मिले, जिन्हें तुरंत जब्त कर लिया गया.
डॉग ‘रूबी’ ने भीड़ में से कातिल को सूंघकर निकाला
अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाने के लिए पुलिस के डॉग स्क्वाड की मदद ली गई. डॉग मास्टर आरक्षक वीरेंद्र अनंत ने जैसे ही खोजी डॉग ‘रूबी’ को घटनास्थल पर मिले संदिग्ध गमछे और सुरागों को सुंघाया, वैसे ही रूबी ने गांव में खड़े कई लोगों के बीच से गुजरते हुए मृतक के दोस्त भुवनेश्वर यादव के पास जाकर रुकने का स्पष्ट संकेत दे दिया.
डॉग के पक्के इशारे के बाद पुलिस ने भुवनेश्वर को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
साथ बैठकर पी रहे थे शराब, फिर हुआ खूनी खेल
आरोपी भुवनेश्वर यादव (26 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन वह और रामनाथ साथ बैठकर खाना खा रहे थे और दोनों ने मिलकर शराब भी पी थी. शराब के नशे में दोनों के बीच किसी पुरानी बात को लेकर आपसी रंजिश में कहासुनी और विवाद शुरू हो गया. विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर भुवनेश्वर ने घर में रखे भारी-भरकम शील पत्थर से रामनाथ के सिर और गर्दन पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए, जिससे रामनाथ की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना के वक्त पहने गए खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए हैं.
पुराना अपराधी है आरोपी, डॉग मास्टर को मिलेगा इनाम
लैलूंगा पुलिस ने आरोपी भुवनेश्वर यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है. जांच में पता चला है कि आरोपी पहले भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है और पूर्व में दुष्कर्म (Rape) के एक मामले में जेल की सजा काट चुका है.
एसएसपी का कड़ा संदेश व इनाम की घोषणा:
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने लैलूंगा पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। उन्होंने इस अंधे कत्ल को चंद घंटों में सुलझाने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली डॉग ‘रूबी’ के हैंडलर/डॉग मास्टर आरक्षक वीरेंद्र अनंत को उत्कृष्ट कार्य के लिए विशेष रूप से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
इस त्वरित और साक्ष्य-आधारित सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव और लैलूंगा पुलिस स्टाफ का विशेष योगदान रहा।
