गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़। रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत जयस्तंभ चौक स्थित दो किराना दुकानों में हुई सिलसिलेवार चोरी की गुत्थी को रायगढ़ पुलिस ने सुलझा लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन और एएसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी को राजनांदगांव जिले के चिचोला बस स्टैंड से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए नगदी व चांदी समेत कुल ₹6,30,286 की संपत्ति बरामद की गई है।
बारिश का फायदा उठाकर फॉल सीलिंग तोड़ दुकानों में घुसा था आरोपी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23-24 अगस्त 2026 की दरम्यानी रात जयस्तंभ चौक स्थित संतोष किराना दुकान और गोकुलचंद मामराज किराना दुकान में सेंधमारी हुई थी। रात में हो रही तेज बारिश का फायदा उठाकर आरोपी छत पर चढ़ा और टीन शीट व दीवार के बीच की जगह से फॉल सीलिंग तोड़कर दुकानों के गल्ले से करीब ₹4.90 लाख नगद, चांदी के सिक्के, बिस्किट और किराना सामान पार कर दिया था। थाना घरघोड़ा में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
100 से अधिक सीसीटीवी खंगाले, नागपुर से पीछा करते हुए चिचोला में दबोचा
एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी और साइबर डीएसपी शिखर मरावी के नेतृत्व में पुलिस व साइबर टीम ने घटनास्थल के आसपास 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। संदेही की पहचान ग्राम बरपाली नवाडीह निवासी सतीश चौहान (32 वर्ष) के रूप में हुई। आरोपी ने चोरी के पैसों से लैलूंगा की तमन्ना मोबाइल दुकान से ₹19,300 में सैमसंग का नया मोबाइल खरीदा और नागपुर भाग गया।
पुलिस की लगातार तकनीकी निगरानी देख वह नागपुर से भी भागने की फिराक में था, तभी पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे चिचोला बस स्टैंड (राजनांदगांव) में दबोच लिया।
₹6.30 लाख से अधिक का माल बरामद, आरोपी भेजा गया जेल
पूछताछ में आरोपी सतीश चौहान ने दोनों दुकानों में चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी के मेमोरंडम के आधार पर पुलिस ने ₹2,64,146 नगद, 1 किलो 508 ग्राम चांदी (कीमत लगभग ₹3,46,840) और सैमसंग मोबाइल जप्त किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने त्वरित और समन्वित कार्रवाई के लिए साइबर व थाना घरघोड़ा की टीम की सराहना की है।
