गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़। रायगढ़ जिले के तमनार ब्लॉक अंतर्गत प्राथमिक शाला केरा खोल में पदस्थ नवाचारी शिक्षक चन्द्र मणी चौहान को राज्य शिक्षक सम्मान वर्ष 2027 के लिए चयनित किया गया है। शिक्षक दिवस (5 सितंबर) के अवसर पर प्रदेश के माननीय स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने राज्य शिक्षक सम्मान सूची की आधिकारिक घोषणा की, जिसमें रायगढ़ जिले के इस प्रतिभावान शिक्षक का नाम प्रमुखता से शामिल है।
शिक्षा में सुधार, नवाचार और सामाजिक जुड़ाव के आधार पर हुआ चयन
शिक्षा के क्षेत्र में राज्य स्तर पर सर्वोच्च माने जाने वाले इस सम्मान के लिए शिक्षकों की बहुआयामी गतिविधियों का गहन आकलन किया जाता है। शिक्षक चन्द्र मणी चौहान का चयन उनके द्वारा शिक्षा के गुणवत्तापूर्ण स्तर में सुधार, विद्यालयीन गतिविधियों के कुशल संचालन, नवाचारों के प्रति उनकी रुचि, समाज के प्रति जुड़ाव, सामाजिक समरसता तथा राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान के आधार पर किया गया है।
तमनार के अंतिम छोर पर बसे गांव के स्कूल को दिलाई प्रादेशिक पहचान
तमनार ब्लॉक के अंतिम छोर पर स्थित एक छोटे से गांव केरा खोल में पदस्थ रहते हुए शिक्षक चन्द्र मणी चौहान ने शिक्षा के स्तर को ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उन्होंने न केवल अपने विद्यालय का नाम ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर रोशन करने का लक्ष्य तय किया, बल्कि अपनी नियमित शिक्षकीय जिम्मेदारियों से आगे बढ़कर ग्रामीणों के साथ गहरा समन्वय स्थापित किया।
ग्रामीणों को विद्यालय के विकास और राष्ट्रीय कार्यक्रमों से जोड़कर रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है, जिसने उनकी एक जन-शिक्षक की छवि का निर्माण किया।
परिजन और मित्र खुशी से झूमे, बधाईयों का लगा तांता
राज्य स्तर पर मिलने वाले इस प्रतिष्ठित सम्मान की घोषणा होते ही शिक्षक चन्द्र मणी चौहान के परिवार में खुशी का माहौल है। वहीं, शिक्षा जगत से जुड़े उनके सहयोगियों, मित्रों और स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए अग्रिम शुभकामनाएं और बधाई दी हैं। उनके इस चयन से पूरे तमनार ब्लॉक और रायगढ़ जिले का नाम गौरवान्वित हुआ है।
