गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़। जिला रायगढ़ पुलिस ने नागरिकों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क करने के उद्देश्य से गुरुवार (10 सितंबर 2026) को “साइबर जागृति अभियान” के तहत एक राज्यस्तरीय साइबर अपराध जागरूकता लघु फिल्म प्रतियोगिता की घोषणा की है। इस प्रतियोगिता की आधिकारिक थीम — “संकल्प: साइबर क्राइम मुक्त छत्तीसगढ़” रखी गई है।
अभियान के दौरान रोटरी क्लब रायगढ़ एवं अन्य सहयोगी संस्थाओं का साथ रहेगा, जबकि प्रतियोगिता का संपूर्ण प्रबंधन Take 3 Studios द्वारा किया जाएगा।
एसएसपी शशांक मोहन सिंह ने बताया अभियान का उद्देश्य; मोबाइल से बनी फिल्में भी स्वीकार
आज आयोजित प्रेसवार्ता में एसएसपी रायगढ़ श्री शशि मोहन सिंह ने बताया कि तेजी से बढ़ते डिजिटल लेन-देन और सोशल मीडिया के उपयोग के कारण ठगी के नए-नए तरीके सामने आ रहे हैं। अपराधी डर, लालच और तकनीकी अज्ञानता का फायदा उठाकर लोगों को चूना लगा रहे हैं। ऐसे में केवल अपराध के बाद कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि जागरूकता सबसे बड़ा बचाव है।
इस प्रतियोगिता में फिल्मकारों, छात्रों, युवाओं, कंटेंट क्रिएटर्स और आम नागरिकों को आमंत्रित किया गया है। मोबाइल फोन से बनाई गई फिल्में भी प्रतियोगिता में मान्य होंगी और उन्हें विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जाएगा।
प्रतियोगिता के विषय, नियम और पुरस्कार राशियां
प्रतिभागी हिंदी, इंग्लिश और छत्तीसगढ़ी भाषा में डिजिटल अरेस्ट, डिजिटल अरेस्ट/सीबीआई/कस्टम्स ठगी, सेक्सटॉर्शन, ओटीपी/यूपीआई फ्रॉड, फिशिंग, डीपफेक, फेक लोन ऐप, जॉब स्कैम और ऑनलाइन बुलिंग जैसे विषयों पर फिल्म बना सकते हैं। फिल्मों में केवल अपराध ही नहीं, बल्कि बचाव और हेल्पलाइन की जानकारी देना भी अनिवार्य है।
प्रतियोगिता दो मुख्य श्रेणियों में आयोजित होगी:
श्रेणी ‘अ’ (3 से 6 मिनट):
-
प्रथम पुरस्कार: ₹1,00,000
-
द्वितीय पुरस्कार: ₹75,000
-
तृतीय पुरस्कार: ₹50,000
श्रेणी ‘ब’ (1 से 3 मिनट / रील्स):
-
प्रथम पुरस्कार: ₹75,000
-
द्वितीय पुरस्कार: ₹50,000
-
तृतीय पुरस्कार: ₹25,000
महत्वपूर्ण तिथियां और आवेदन की प्रक्रिया
-
प्रविष्टि जमा करने की अंतिम तिथि: 24 सितंबर 2026
-
परिणामों की घोषणा: 27 सितंबर 2026
-
परिणाम स्थल: ऑडिटोरियम, रायगढ़
प्रतिभागियों को अपनी मौलिक फिल्म Google Drive या अन्य फाइल-होस्टिंग प्लेटफॉर्म पर अपलोड करके उसका पब्लिक लिंक जमा करना होगा। विस्तृत जानकारी, नियम व आवेदन के लिए प्रतिभागी filmotsav.org पर विजिट कर सकते हैं या हेल्पलाइन नंबर 8817420420 व ईमेल [email protected] पर संपर्क कर सकते हैं।
