गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत मस्जिदपारा में झाड़ियों के बीच बोरी में बंद मिली महिला की लाश के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में त्वरित कार्रवाई करते हुए धरमजयगढ़ पुलिस ने मृतिका के पति मोहब्बत चौहान को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.
झाड़ियों के बीच बोरी में बंद मिला था शव
प्रकरण के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को मस्जिदपारा स्थित एक बाड़ी परिसर में झाड़ियों के बीच प्लास्टिक की बोरी से ढका हुआ एक अज्ञात शव बरामद हुआ था. स्थानीय नागरिक की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की. बाद में शव की पहचान 48 वर्षीय राजकुमारी चौहान के रूप में हुई.
जांच में सामने आया कि मृतिका और उसका पति मोहब्बत चौहान पिछले एक वर्ष से इसी बाड़ी परिसर में रहकर देखरेख का काम करते थे. दोनों शराब पीने के आदी थे और 12 जुलाई की रात को दोनों के बीच जोरदार विवाद और मारपीट की आवाजें पड़ोसियों ने सुनी थीं. घटना के बाद से ही आरोपी पति मौके से फरार था.
शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुली पोल
मृतिका के शव का जब डॉक्टरों की टीम ने शॉर्ट पोस्टमार्टम किया, तो शरीर के कई हिस्सों, हाथ-पैर और बाईं कनपटी पर किसी ठोस वस्तु से गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण मौत होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस ने इसे हत्यात्मक प्रकृति का मामला माना. पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 188/2026 के तहत नई भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) एवं 238(बी) के तहत केस दर्ज कर फरार पति की तलाश शुरू की.
मामूली की-पैड मोबाइल के लिए ले ली जान
पुलिस ने घेराबंदी कर जब संदेही पति मोहब्बत चौहान (47 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी ने उसका की-पैड मोबाइल फोन किसी के पास गिरवी रख दिया था. 12 जुलाई की रात जब उसने मोबाइल के बारे में पूछा और पत्नी ने सही जवाब नहीं दिया, तो उसने गुस्से में आकर पास ही पड़े लकड़ी के एक चौड़े पट्टे से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल लकड़ी का पट्टा भी बरामद कर लिया है.
ससुर की हत्या मामले में भी जा चुका है जेल
पुलिस जांच में आरोपी मोहब्बत चौहान का खौफनाक क्रिमिनल रिकॉर्ड भी सामने आया है. आरोपी डगभौना (थाना कापु) का मूल निवासी है और पहले भी आपराधिक प्रवृत्तियों में लिप्त रहा है. वह पूर्व में अपने ससुर की हत्या के संगीन मामले में भी जेल की सजा काट चुका है.
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का कड़ा संदेश:
“घरेलू हिंसा या पारिवारिक विवाद की आड़ में किसी भी प्रकार के हिंसक कृत्य को रायगढ़ पुलिस कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। हत्या जैसे जघन्य और क्रूर अपराधों को अंजाम देने वाले अपराधियों को त्वरित गति से कानून के दायरे में लाकर सलाखों के पीछे पहुंचाना हमारी सबसे पहली प्राथमिकता है।”
इस अंध कत्ल की गुत्थी को 48 घंटे में सुलझाने में धरमजयगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े, प्रशिक्षु उप निरीक्षक शिवम कोंगरे और उनकी पूरी पुलिस टीम की सराहनीय और महत्वपूर्ण भूमिका रही।
