गौरी शंकर गुप्ता/बिलासपुर। पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय बिलासपुर रेंज में अपनी दीर्घकालिक, निष्ठावान और समर्पित सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्त हो रहे नगर सैनिक (क्र० 245) व्यासनारायण जायसवाल के सम्मान में एक गरिमामय एवं आत्मीय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) राम गोपाल गर्ग के सानिध्य में संपन्न हुआ, जिसमें रेंज कार्यालय के समस्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। आईजी गर्ग ने 38 वर्षों के उत्कृष्ट एवं अनुशासित सेवाकाल की सराहना करते हुए सेवानिवृत्त सैनिक को शॉल, श्रीफल, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
नगर सैनिक व्यासनारायण जायसवाल ने वर्ष 1987-88 में पुलिस विभाग व नगर सेना में अपनी सेवा प्रारंभ की थी। उन्होंने होमगार्ड लाइन सहित थाना तोरवा, बांगो, पामगढ़, उरगा और पाली जैसे महत्वपूर्ण थानों में अपनी सेवाएं दीं।
वर्ष 2002 से वे निरंतर पिछले 24 वर्षों से पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय, बिलासपुर में कार्यरत रहकर अपने पदीय दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन कर रहे थे। अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने ओडिशा (भुवनेश्वर) में आए विनाशकारी चक्रवात एवं भीषण बाढ़ आपदा के दौरान बचाव दल के सदस्य के रूप में अत्यंत साहसिक और सराहनीय कार्य किया था, साथ ही मध्य प्रदेश के गुना जिले में चुनावी सुरक्षा व्यवस्था में भी उत्कृष्ट सेवाएं दी थीं।
समारोह को संबोधित करते हुए आईजी राम गोपाल गर्ग ने कहा कि व्यासनारायण जायसवाल ने बिलासपुर रेंज कार्यालय में पदस्थ रहकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, अनुशासन और निष्ठा के साथ किया है।
विदाई समारोह के दौरान सेवानिवृत्त नगर सैनिक अत्यंत भावुक नजर आए और उन्होंने पुलिस महानिरीक्षक तथा समस्त सहकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सुचारू संचालन शंकर कश्यप द्वारा किया गया। समारोह के उपरांत आईजी राम गोपाल गर्ग ने सेवानिवृत्त नगर सैनिक को उनके आगामी जीवन व उत्तम स्वास्थ्य की शुभकामनाएं देते हुए ससम्मान एक विशेष सुसज्जित वाहन में बैठाकर उनके गृह निवास के लिए रवाना किया।