गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में ‘ऑपरेशन आघात’ चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 30 अगस्त 2026 को थाना चक्रधरनगर, पुसौर एवं चौकी जोबी पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर मुखबिरों से मिली सटीक सूचनाओं के आधार पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। इन कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल 47 लीटर 400 एमएल से अधिक अवैध कच्ची महुआ व अंग्रेजी शराब बरामद की है। इसके साथ ही शराब परिवहन और अवैध बिक्री में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिलें तथा बिक्री की नकद रकम भी जब्त की गई है। पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत सख्त वैधानिक मामले दर्ज किए गए हैं।
कार्रवाई की पहली कड़ी में थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में गठित टीम ने इंदिरा विहार बैरियर मेन रोड पर घेराबंदी कर काले रंग की पल्सर बाइक (CG 13 AV 1201) को रोका।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम विनय कुमार खेस्स (39 वर्ष) निवासी रामभांठा संजय मैदान तथा दिनेश लकड़ा (35 वर्ष) निवासी उरांव पारा गोवर्धनपुर बताया। बाइक की तलाशी लेने पर बोरियों में भरी 30 लीटर कच्ची महुआ शराब (कीमत करीब 6,000 रुपये) बरामद हुई। पुलिस ने 20,000 रुपये कीमत की पल्सर बाइक और शराब जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2), 59(क) आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।
दूसरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी जोबी सहायक उप निरीक्षक लक्ष्मी नारायण राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम खम्हार में गोर पार तिराहा के पास रेड मारी।
वहां बाइक (HF Deluxe CG 13 AS 8486) से घूम-घूमकर शराब बेच रहे 19 वर्षीय युवक परमेश्वर राठिया को पकड़ा गया। उसके बैग से अलग-अलग ब्रांड की 5 लीटर 400 एमएल शराब, बिक्री रकम 160 रुपये और 80,000 रुपये कीमत की मोटरसाइकिल जब्त की गई। वहीं तीसरी कार्रवाई में थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस के नेतृत्व में पुसौर पुलिस ने ग्राम पड़िगांव के साप्ताहिक बाजार के पास घेराबंदी कर गोविंद चौहान (38 वर्ष) को 12 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट में कार्रवाई की।
