गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़। जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा और सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराने के लिए रायगढ़ पुलिस ने विशेष अभियान छेड़ दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के मार्गदर्शन एवं चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में चौकी खरसिया पुलिस टीम ने स्कूल वाहनों की औचक जांच की। पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ स्कूल वाहनों के चालक तेज गति और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हैं, जिससे स्कूली बच्चों की सुरक्षा को गंभीर खतरा बना हुआ है।
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए चौकी खरसिया पुलिस की टीम ने सड़कों पर उतरकर स्कूल बसों, वैनों और अन्य छात्र परिवहन वाहनों की सघन जांच शुरू की।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने स्कूल वाहनों के चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, फिटनेस सर्टिफिकेट और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। इसके साथ ही चालकों द्वारा शराब का सेवन कर वाहन चलाने की आशंका को दूर करने के लिए मौके पर ही ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से उनकी जांच की गई। पुलिस अधिकारियों ने चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्कूली बच्चों को लाते-ले जाते समय गति सीमा पर नियंत्रण रखें और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें।
पुलिस टीम ने चालकों को सख्त हिदायत दी कि वाहन में सवार बच्चों की सुरक्षा उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।
तेज गति, खतरनाक ड्राइविंग, शराब के नशे में वाहन चलाना अथवा नियमों की अनदेखी करने पर कानूनी कार्रवाई के साथ सख्त सजा दी जाएगी। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशानुसार यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। रायगढ़ पुलिस ने स्कूल प्रबंधन, अभिभावकों और चालकों से अपील की है कि वे वाहनों की नियमित जांच करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
