गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़। आगामी जन्माष्टमी, विभिन्न आयोजनों और मेलों को देखते हुए रायगढ़ पुलिस ने जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में गुंडा एवं निगरानी बदमाशों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस द्वारा बदमाशों को थानों में तलब कर अपराध और विवाद से पूरी तरह दूर रहने की सख्त हिदायत दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के माहौल में अशांति फैलाने, मारपीट, शराबखोरी या उपद्रव करने वालों के खिलाफ कठोर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान के तहत एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के मार्गदर्शन में थाना खरसिया, छाल एवं भूपदेवपुर में क्षेत्र के गुंडा व निगरानी बदमाशों को थाने बुलाकर सख्त समझाइश दी गई।
एसडीओपी सतीश भार्गव ने बदमाशों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि वे अपराध का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटें। उन्होंने कहा कि त्योहार आम नागरिकों के लिए आस्था का अवसर हैं, ऐसे में किसी भी व्यक्ति को शांति भंग करने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
इसी क्रम में थाना चक्रधरनगर में भी डीएसपी राहुल उईके ने क्षेत्र के बदमाशों को तलब कर दो टूक शब्दों में चेतावनी दी। उन्होंने थाना प्रभारी चक्रधरनगर राकेश मिश्रा को निर्देशित किया कि बदमाशों की दैनिक गतिविधियों और आवागमन पर लगातार नजर रखी जाए।
डीएसपी ने कहा कि यदि किसी भी बदमाश के खिलाफ शिकायत मिलती है या वह किसी संदिग्ध गतिविधि में शामिल पाया जाता है, तो उस पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई होगी। आगामी त्योहारों को देखते हुए भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, गश्त बढ़ा दी गई है और डायल-112 की टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने आम नागरिकों से त्योहारों को शांतिपूर्ण माहौल में मनाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की अपील की है।
