गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़। जिला पुलिस बल रायगढ़ में अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए सहायक उप निरीक्षक (ASI) गंगा राम भगत और प्रधान आरक्षक अवध बिहारी विश्वकर्मा पुलिस सेवा से सेवानिवृत्त हो गए हैं। उनके सम्मान में पुलिस कार्यालय रायगढ़ में सेवा सम्मान कार्यक्रम का आयोजन कर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और सहकर्मियों ने दोनों पुलिसकर्मियों के लंबे सेवाकाल और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
समारोह में एडिशनल एसपी अनिल कुमार सोनी, एडिशनल एसपी (ट्रैफिक) पुष्पेंद्र बघेल, डीएसपी (ट्रैफिक) उत्तम प्रताप सिंह, डीएसपी सुशांतो बनर्जी और रक्षित निरीक्षक अमित सिंह सहित पुलिस कार्यालय के कई अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान रक्षित निरीक्षक अमित सिंह ने सेवानिवृत्त हुए पुलिसकर्मियों के सेवाकाल की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि सहायक उप निरीक्षक गंगा राम भगत मूलतः जशपुर जिले के कुनकुरी थाना अंतर्गत ग्राम जामटोली के निवासी हैं और वे वर्ष 1987 में जिला पुलिस मुरैना (मध्यप्रदेश) में आरक्षक के पद पर भर्ती हुए थे। राज्य गठन के बाद उन्होंने रायगढ़ जिले के पुसौर, रैरूमाखुर्द, कापू, धरमजयगढ़ तथा जांजगीर-चांपा व सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सेवाएं दीं। उन्हें वर्ष 2006 में प्रधान आरक्षक और 2015 में सहायक उप निरीक्षक के पद पर पदोन्नति मिली थी।
वहीं प्रधान आरक्षक अवध बिहारी विश्वकर्मा वर्ष 1995 में रायगढ़ पुलिस में आरक्षक के रूप में भर्ती हुए थे और वर्ष 2016 में प्रधान आरक्षक बने। उन्होंने अपने 31 वर्षों से अधिक के सेवाकाल में धरमजयगढ़, अजाक, खरसिया, पूंजीपथरा, तमनार और घरघोड़ा जैसे मैदानी क्षेत्रों में सेवाएं देकर पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने में योगदान दिया। वर्तमान में वे परिवार के साथ जगतपुर नयापारा, रायगढ़ में निवासरत हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एडिशनल एसपी अनिल सोनी ने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि अनुशासन, कर्तव्य और जनसेवा के प्रति समर्पण का दायित्व है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति सेवा का अंत नहीं बल्कि जीवन की एक नई पारी की शुरुआत है, जिससे अब सेवानिवृत्त कर्मचारी अपना समय परिवार और सामाजिक जीवन को दे सकेंगे। विदाई समारोह के अंत में दोनों पुलिसकर्मियों को शॉल व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
