गौरी शंकर गुप्ता/लैलूंगा। Lailunga Police Operation Aaghat Action के तहत रायगढ़ पुलिस को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार दूसरे दिन बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में लैलूंगा पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के लखनऊ निवासी एक महिला और पुरुष तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 4.108 किलोग्राम अवैध गांजा और तस्करी में इस्तेमाल बोलेरो वाहन सहित कुल 10 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
थाना प्रभारी लैलूंगा उपनिरीक्षक गिरधारी साव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की बोलेरो (क्रमांक 26 BH 4095 B) में ओडिशा की ओर से गांजा लेकर तस्कर लैलूंगा-पत्थलगांव के रास्ते उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पाकरगांव मार्ग पर संदिग्ध वाहनों की सघन निगरानी शुरू की।
घेराबंदी कर बोलेरो को रोका, पिट्ठू बैग से निकला गांजा
चेकिंग के दौरान बोलेरो चालक ने पुलिस को देखकर वाहन भगाने का प्रयास किया, लेकिन लैलूंगा पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी कर गाड़ी को रोक लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम जशवंत कुमार शर्मा (32 वर्ष, निवासी मडियाव, लखनऊ) और महिला ने ज्योति जाटव (23 वर्ष, निवासी तालकटोरा, लखनऊ) बताया। महिला के पिट्ठू बैग की तलाशी लेने पर 4 पैकेटों में भरा 4.108 किलोग्राम गांजा (कीमत ₹2 लाख) बरामद हुआ।
10 लाख की संपत्ति जब्त, आरोपी भेजे गए जेल
पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त ₹8 लाख कीमत की बोलेरो वाहन और ₹2 लाख का गांजा मिलाकर कुल ₹10 लाख की संपत्ति जब्त की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
नशे के सौदागरों पर जारी रहेगा ‘ऑपरेशन आघात’
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि रायगढ़ जिले में नशे के अवैध कारोबार में लिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। रायगढ़ पुलिस की यह कार्रवाई क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोहों पर कड़ा प्रहार है।
