गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़। रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र अंतर्गत गेरवानी स्थित शासकीय देशी कम्पोजिट मदिरा दुकान में तैनात प्राइवेट सुरक्षा गार्ड पर जानलेवा फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने महज कुछ ही दिनों के भीतर बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में चलाई जा रही कार्रवाई के तहत पूंजीपथरा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को बिहार के जमुई जिले में खेत से घेराबंदी कर दबोचा।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई अवैध पिस्टल भी बरामद कर ली है।
17 अगस्त की रात क्या हुआ था? (घटनाक्रम)
17 अगस्त 2026 की रात लगभग 10:30 बजे गेरवानी स्थित देशी मदिरा दुकान में ईगल हंटर सॉल्यूशन लिमिटेड के सुरक्षा गार्ड चन्द्रशेखर पटेल (उम्र 43 वर्ष) ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान दो युवक शराब दुकान के पास पहुंचे और बहस करने लगे।
गार्ड द्वारा late night शराब दुकान आने पर डांट-फटकार लगाने से गुस्साए एक युवक ने पिस्टल निकालकर गार्ड पर सीधी फायरिंग कर दी। गोली गार्ड के पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल गार्ड की रिपोर्ट पर पूंजीपथरा थाने में अपराध क्रमांक 206/2026 (धारा 296, 351(3), 109(1) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग, बिहार में चला 2 घंटे का सर्च ऑपरेशन
घटना के तुरंत बाद पुलिस टीमों ने आसपास के इलाके और संयंत्रों के सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की। जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिला कि गेरवानी स्थित अग्रोहा स्टील प्राइवेट लिमिटेड में मजदूरी करने वाला विवेक कुमार यादव (उम्र 19 वर्ष, निवासी जीतझिंगोई, थाना खैरा, जिला जमुई, बिहार) घटना के बाद से ही अपने लेबर क्वार्टर से गायब है।
SSP शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक दिलीप बेहरा के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम बिहार के जमुई जिले के लिए रवाना हुई। स्थानीय पुलिस की मदद से जब खैरा गांव में दबिश दी गई, तो आरोपी घर छोड़कर खेतों की ओर भाग गया। पुलिस टीम ने 2 घंटे तक खेतों की घेराबंदी कर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया और आरोपी विवेक यादव को धर दबोचा।
पूछताछ में बड़ा खुलासा: फोरमैन को डराने खरीदी थी पिस्टल, दोस्त का बदला लेने चलाई गोली
रायगढ़ लाकर की गई पूछताछ में आरोपी विवेक यादव ने चौंकाने वाले खुलासे किए:
-
30 हजार में खरीदी थी पिस्टल: आरोपी ने बताया कि अग्रोहा स्टील प्लांट का फोरमैन प्रमोद शुक्ला उसे परेशान करता था। उसे डराने-धमकाने के लिए वह अपने गांव बिहार गया था और ₹30,000 में एक पिस्टल और कारतूस खरीदा था।
-
दुकान पर विवाद और फायरिंग: 17 अगस्त की शाम वह अपने साथी रोशन ठाकुर के साथ शराब पीने गया था। वहां गार्ड चन्द्रशेखर पटेल ने डांटकर भगा दिया। लेबर क्वार्टर लौटने पर जब उसका साथी रोशन रोने लगा, तो बदला लेने के लिए विवेक अपने कमरे से पिस्टल लेकर वापस आया और गार्ड के पेट में गोली मार दी।
पुलिस कार्रवाई और जब्ती
-
गिरफ्तार आरोपी: विवेक कुमार यादव (पिता रामेश्वर यादव, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम जीतझिंगोई, थाना खैरा, जिला जमुई, बिहार)।
-
जब्ती: 01 अवैध पिस्टल।
-
फरार आरोपी: घटना में शामिल आरोपी का साथी रोशन ठाकुर फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, साइबर थाना प्रभारी विजय चेलक, उपनिरीक्षक दिलीप बेहरा, आरक्षक हेम सागर पटेल, विक्रम कुजूर, ओम प्रकाश तिवारी और विनोद शर्मा की सराहनीय भूमिका रही। उत्कृष्ट कार्य के लिए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने पूरी टीम को बधाई दी है।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का कड़ा संदेश:
“अपराध कर दूसरे राज्य या जिले में जाकर छिपने वाले अपराधियों को रायगढ़ पुलिस किसी भी सूरत में नहीं बख्शेगी। हमारी टीमें तकनीकी साक्ष्यों के बल पर पाताल से भी अपराधियों को ढूंढकर कानून के कटघरे में खड़ा करेंगी।”
