गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़। जिले में पिछले कुछ दिनों से जारी मूसलाधार बारिश के बाद केलो डेम (Kelo Dam) के गेट खोल दिए गए हैं। डेम से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण रायगढ़ शहर के कई प्रमुख संपर्क मार्गों, रपट्टा पुलों और तटीय रास्तों पर जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई है, जिससे शहर का सामान्य आवागमन काफी प्रभावित हुआ है।
स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन और रायगढ़ पुलिस की संयुक्त टीमें हाई अलर्ट मोड पर हैं। ग्राउंड जीरो पर राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) और जिला पुलिस बल के जवान तैनात कर दिए गए हैं।
कई प्रमुख मार्गों पर थमा पहिया, केलो पुल पर बढ़ा वाहनों का दबाव
केलो नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण शहर को जोड़ने वाले कई महत्वपूर्ण मार्ग जलमग्न हो गए हैं:
-
बेलादुला रपट्टा पुल: सर्किट हाउस से चक्रधरनगर जाने वाले मार्ग पर स्थित यह रपट्टा पानी में डूब गया।
-
कयाघाट पुल: जूटमिल से चक्रधरनगर की ओर जाने वाला मार्ग अवरुद्ध हुआ।
-
चक्रपथ मार्ग: नदी का पानी चक्रपथ सड़क पर चढ़ जाने से यहां यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
इन तीनों प्रमुख मार्गों पर आवागमन बंद होने के कारण चक्रधरनगर रेलवे फाटक और पंजरी प्लांट केलो पुल पर अचानक वाहनों और यातायात का भारी दबाव बढ़ गया।
तीन थानों का पुलिस बल और SDRF मैदानी मोर्चे पर
यातायात को नियंत्रित करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कदम उठाए हैं। थाना यातायात, थाना चक्रधरनगर, थाना जूटमिल तथा रिजर्व पुलिस लाइन से अतिरिक्त पुलिस बल को प्रभावित क्षेत्रों में तैनात किया गया है।
पुलिस एवं प्रशासन के सतत प्रयासों से दोपहर 3:00 बजे के बाद शहर का यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका है। जलस्तर में गिरावट आने के साथ ही स्थिति और सुधरने की उम्मीद जताई जा रही है।
‘रात 9 से सुबह 6 बजे तक चक्रपथ रहेगा बंद’, पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
रायगढ़ पुलिस ने नागरिकों की सुरक्षा के मद्देनजर आधिकारिक एडवाइजरी जारी की है:
-
रात में चक्रपथ पूर्णतः बंद: सुरक्षा कारणों से रात्रि 9:00 बजे से सुबह 6:00 बजे तक चक्रपथ मार्ग यातायात के लिए पूरी तरह बंद रहेगा। नागरिकों से अपील है कि इस दौरान इस मार्ग पर वाहन न लाएं।
-
वैकल्पिक मार्ग का प्रयोग करें: चक्रधरनगर से शहर की ओर आवागमन करने वाले नागरिक वैकल्पिक मार्ग के रूप में बोदाटिकरा मार्ग का उपयोग कर सकते हैं।
-
संयम बरतने की अपील: पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि जलभराव वाले रास्तों पर अनावश्यक जाने से बचें, पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें और यातायात में धैर्य बनाए रखें।
