गौरी शंकर गुप्ता/बिलासपुर। Bilaspur LCIT College Welcome Gala बिलासपुर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय से संबद्ध एलसीआईटी कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड साइंस के कला एवं मानविकी विभाग (Department of Arts & Humanities) द्वारा नवागत विद्यार्थियों के स्वागत में ‘वेनिस कार्निवल – द वेलकम गाला’ का भव्य आयोजन किया गया। सेमिनार हॉल में आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) रामगोपाल गर्ग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन, राष्ट्रगीत एवं राज्यगीत के साथ हुआ, जिसके पश्चात महाविद्यालय परिवार द्वारा मुख्य अतिथि का स्वागत किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि आईजी रामगोपाल गर्ग ने प्रशासनिक (UPSC/CGPSC) व पुलिस सेवाओं तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में मानविकी (Arts & Humanities) के विषयों जैसे इतिहास, भूगोल, समाजशास्त्र, भाषा और अर्थशास्त्र की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को सफलता के व्यावहारिक सूत्र देते हुए ईर्ष्या त्यागकर आत्म-विकास पर ध्यान देने, सहपाठियों की मदद करने और ज्ञान का विस्तार करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि पहचान केवल अंकसूची तक सीमित न होकर चरित्र, अनुशासन और सही प्रश्न पूछने के कौशल से बनती है।
आईजी गर्ग ने कठिन परिश्रम के साथ स्मार्ट रणनीति और समय प्रबंधन को अनिवार्य बताया। सामाजिक जिम्मेदारियों का जिक्र करते हुए उन्होंने टू-व्हीलर चलाते समय जीवन सुरक्षा के लिए अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने का आग्रह किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि रिसर्च का दायरा केवल साइंस तक सीमित नहीं है, बल्कि समाजशास्त्र के छात्र नशे जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रभावों पर शोध कर सरकार को प्रभावी नीति-निर्माण में सहयोग दे सकते हैं। इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एनसीसी कैडेट्स को मुख्य अतिथि द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान एलसीआईटी के चेयरमैन प्रमोद जैन, ट्रस्टी मैडम, उपकार सर, अभिनव सर, पटनायक सर, त्यागी सर, मनीष सिन्हा सर, एनसीसी अधिकारी, विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। समारोह में छात्र-छात्राओं द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। कार्यक्रम के समापन अवसर पर चेयरमैन प्रमोद जैन ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए नवागत विद्यार्थियों के उज्ज्वल और सफल भविष्य की कामना की।
