गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़। रायगढ़ जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस और सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के एक बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। ओडिशा से गांजे की बड़ी खेप लेकर उत्तर प्रदेश जा रहे तस्करों के काफिले को पुलिस ने नाकेबंदी कर धर दबोचा। कार्रवाई में उत्तर प्रदेश निवासी 8 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 34 पैकेट में रखा 34.865 किलोग्राम अवैध गांजा, एक टाटा सफारी, दो हुंडई औरा कार, एक स्कूटी और 8 मोबाइल हैंडसेट जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत ₹61,53,200 आंकी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस पूरी कार्रवाई का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 3 सितंबर को लैलूंगा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि काले रंग की टाटा सफारी (UP 70 DF 0050) में भारी मात्रा में गांजा लादकर जमुना-लैलूंगा-पत्थलगांव के रास्ते उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी अनिल सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में लैलूंगा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक गिरधारी साव के नेतृत्व में टीम ने कमरगा के पास नाकेबंदी की। इस दौरान तेज रफ्तार सफारी के चालक ने पुलिस के प्राइवेट वाहन को टक्कर मार दी और भागने का प्रयास किया, लेकिन लैलूंगा पुलिस ने पीछा कर मोतीपुर के पास सफारी और आगे पायलटिंग कर रही स्कूटी को घेरकर पकड़ लिया।
| विवरण (Case Breakdown) | जानकारी / स्थिति (Information / Status) |
| अभियान एवं स्थान (Operation & Location) | “ऑपरेशन आघात”, लैलूंगा (रायगढ़) व सरिया (सारंगढ़) |
| बरामद गांजा (Seized Cannabis) | 34 पैकेट में 34.865 किग्रा (कीमत ₹17.43 लाख) |
| जब्त वाहन (Seized Vehicles) | 1 टाटा सफारी, 2 हुंडई औरा कार, 1 स्कूटी |
| कुल जप्ती (Total Seizure Value) | ₹61,53,200 रुपये (गांजा, वाहन व 8 मोबाइल) |
| गिरफ्तार आरोपी (Arrested Smugglers) | 08 आरोपी (निवासी अलीगढ़, प्रयागराज, फतेहपुर, कौशांबी UP) |
| दर्ज मामला (Registered Case) | थाना लैलूंगा में धारा 20(B), 29 NDPS एक्ट |
सफारी चालक अनिल कुमार चौधरी और स्कूटी चालक गगन कुमार चौधरी से पूछताछ में खुलासा हुआ कि उनके साथ 6 अन्य तस्कर दो हुंडई औरा कारों में आगे-आगे रास्ते की रेकी और पायलटिंग कर रहे थे।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की सरिया पुलिस ने कंचनपुर बैरियर के पास दोनों हुंडई औरा कारों को रोककर उसमें सवार 6 संदिग्धों (संदीप सिंह, ललित पाल, शुभम सिंह, दीपांशु सिंह, प्रिंस सिंह और देवेंद्र तिवारी) को हिरासत में लिया। दोनों जिलों की पुलिस के बीच सूचनाओं के सटीक तालमेल से पूरे तस्कर सिंडिकेट को बेनकाब कर दिया गया। सभी 8 आरोपियों के खिलाफ लैलूंगा थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।
