गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़। शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर 5 सितंबर 2026 को रायगढ़ जिला मुख्यालय स्थित नगर निगम ऑडिटोरियम में भव्य ‘शिक्षक सम्मान समारोह 2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रायगढ़ के लोकप्रिय जननेता एवं प्रदेश के वित्त मंत्री माननीय श्रीमान ओमप्रकाश चौधरी (ओपी चौधरी) उपस्थित रहे। वित्त मंत्री के हाथों शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय व नवाचारी कार्य करने वाले विकासखंड घरघोड़ा के उत्कृष्ट शिक्षकों को ‘शिक्षा दूत पुरस्कार’ और ‘ज्ञानदीप पुरस्कार’ प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान प्राथमिक स्तर पर गतिविधियों और नवाचारों के जरिए अध्यापन कराने वाले सहायक शिक्षकों को सम्मानित किया गया। ‘शिक्षा दूत पुरस्कार 2024-25’ के लिए शासकीय प्राथमिक शाला नावापारा (घरघोड़ा) की श्रीमती निधि केसरवानी तथा शासकीय प्राथमिक शाला कंचनपुर की श्रीमती सरिता गुप्ता को सम्मानित किया गया। वहीं ‘शिक्षा दूत पुरस्कार 2025-26’ सुश्री पवित्रा सिदार (शासकीय प्राथमिक शाला इंदिरा आवास छोटे गुमड़ा), श्री बाबूलाल धृतलहरे (शासकीय प्राथमिक शाला कुरूंजखोल) एवं श्री प्रशांत बेहरा (शासकीय प्राथमिक शाला चोटीगुड़ा) को प्रदान किया गया।
इसके अतिरिक्त, माध्यमिक स्तर पर उत्कृष्ट नेतृत्व व पठन-पाठन का माहौल तैयार करने के लिए शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय दनौट के प्रधान पाठक श्री दुधेश्वर साय पैंकरा को प्रतिष्ठित ‘ज्ञानदीप पुरस्कार 2024-25’ से अलंकृत किया गया। पुरस्कार स्वरूप शिक्षा दूत प्राप्तकर्ताओं को 5,000 रुपये का चेक, शॉल एवं प्रशस्ति पत्र तथा ज्ञानदीप पुरस्कार विजेता को 7,000 रुपये का चेक, शॉल व सम्मान प्रतीक प्रदान किया गया।
सम्मानित होने वाले घरघोड़ा विकासखंड के ये सभी शिक्षक अपनी गतिविधि-आधारित शिक्षण शैलियों, स्व-निर्मित नवाचारी सहायक शिक्षण सामग्री (TLM), कमजोर विद्यार्थियों के विशेष मार्गदर्शन, नए तरीकों से बच्चों के कौशल विकास तथा पठन-पाठन में गुणवत्तापूर्ण सुधार लाने के लिए क्षेत्र में जाने जाते हैं। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने मंच से शिक्षकों के इन प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना की।
शिक्षकों की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) घरघोड़ा आदरणीय श्रीमान शशिधर निषाद ने सभी पुरस्कृत शिक्षकों को अपनी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि इन समर्पित शिक्षकों की लगन और नवाचार से पूरे विकासखंड का नाम रोशन हुआ है, जिससे अन्य शिक्षकों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिशा में बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।
