गौरी शंकर गुप्ता/जशपुर। नगर पालिका जशपुर के सफाई कर्मचारियों की विभिन्न कार्यस्थलीय समस्याओं को लेकर नगर पालिका उपाध्यक्ष युवराज यश प्रताप सिंह जूदेव ने एक महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक के दौरान उन्होंने सीधे कर्मचारियों से संवाद स्थापित कर उनकी जमीनी समस्याओं को सुना। इस दौरान सफाई कर्मचारियों ने विशेष रूप से मानसून और बरसात के मौसम में काम करने के दौरान होने वाली व्यावहारिक परेशानियों और सुरक्षा संसाधनों की कमी से उपाध्यक्ष को अवगत कराया।
शनिवार शाम को सामने आई जानकारी के अनुसार, सफाई कर्मियों ने बताया कि बारिश के दिनों में पूरे शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए उन्हें निरंतर मैदान में उतरकर काम करना पड़ता है। हालांकि, पर्याप्त संख्या में रेनकोट और सुरक्षा जूतों (गंमबूट्स) की व्यवस्था न होने के कारण उन्हें स्वास्थ्य संबंधी और शारीरिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मूसलाधार बारिश के बीच बिना आवश्यक सुरक्षा किट के काम करना कर्मचारियों के लिए काफी जोखिम भरा साबित हो रहा है।
लापरवाही पर उपाध्यक्ष जूदेव ने जताई नाराजगी: सफाई कर्मियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए नगर पालिका उपाध्यक्ष युवराज यश प्रताप सिंह जूदेव ने कहा कि बरसात के दिनों में कर्मचारियों को रेनकोट और जूते जैसे प्राथमिक साधन उपलब्ध न कराया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफाई कर्मचारी विषम परिस्थितियों और खराब मौसम के बीच भी शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनकी मूलभूत आवश्यकताओं और व्यक्तिगत सुरक्षा का पूरा ध्यान रखना नगर पालिका प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
सुरक्षा सामग्री और जल्द समाधान का दिया भरोसा: उपाध्यक्ष ने प्रशासनिक लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि इस तरह की अनदेखी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि सफाई कर्मचारियों की आवश्यकताओं को गंभीरता से लेते हुए समय पर सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। जूदेव ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि उन्हें कार्य के दौरान लगने वाली सुरक्षा सामग्री तत्काल मुहैया कराई जाएगी और उनकी अन्य सभी समस्याओं का भी प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण किया जाएगा।
