घरघोड़ा/रायगढ़। रायगढ़ जिले के घरघोड़ा क्षेत्र में जमीन की खरीद-बिक्री, मुआवजा और राजस्व प्रक्रियाओं में बिचौलियों की बढ़ती सक्रियता के बीच धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला उजागर हुआ है। एनटीपीसी तलाईपाली कोयला खनन परियोजना के लिए अधिग्रहित जमीन के मुआवजे में से 49 लाख 50 हजार रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर बिचौलिए को घरघोड़ा पुलिस ने दबोच लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि उसका एक अन्य साथी फिलहाल फरार है।
मुआवजा खाते में आए 69.64 लाख, चालाकी से 49.50 लाख कराए ट्रांसफर रायगढ़ पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार ग्राम तिलाईपाली (बिच्छीनारा) निवासी अमीर कुमार राठिया की जमीन और मकान एनटीपीसी परियोजना के लिए अधिग्रहित किए गए थे। इसके एवज में शासन की ओर से उनके बैंक खाते में 69,64,618 रुपये की मुआवजा राशि जमा की गई थी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि गांव के ही खगेश्वर गुप्ता ने कागजी कार्रवाई कराने के बहाने उसकी बैंक पासबुक अपने पास रख ली। इसके बाद 8 जून 2026 को खगेश्वर अपने साथी प्रदीप गुप्ता के साथ शिकायतकर्ता को पंजाब नेशनल बैंक शाखा रायकेरा ले गया। वहां बच्चों के नाम 5-5 लाख रुपये जमा कराने की बात कहकर चेक पर हस्ताक्षर करवा लिए गए, लेकिन शिकायतकर्ता की अनभिज्ञता का फायदा उठाकर भारी-भरकम राशि अन्य खातों में ट्रांसफर करा ली गई।
बैंक स्टेटमेंट से हुआ पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा जब पीड़ित ने बैंक जाकर खाते का स्टेटमेंट निकलवाया तो उसके होश उड़ गए। धोखाधड़ी का विवरण इस प्रकार है:
-
मोतीलाल गुप्ता के खाते में: ₹25,000,000 (25 लाख रुपये)
-
जगदीश गुप्ता के खाते में: ₹2,450,000 (24.50 लाख रुपये)
-
कुल धोखाधड़ी राशि: ₹4,950,000 (49.50 लाख रुपये)
पीड़ित की सहमति और जानकारी के बिना हस्ताक्षरित चेकों का दुरुपयोग कर यह राशि आरोपियों ने अपने परिचितों व रिश्तेदारों के खातों में ट्रांसफर करा ली थी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, BNS की धाराओं में केस दर्ज पीड़ित की शिकायत पर विवेचना करते हुए घरघोड़ा पुलिस ने पीएनबी रायकेरा शाखा से बैंक स्टेटमेंट व दस्तावेज हासिल किए। मामले में अपराध क्रमांक 257/2026, धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीकृत किया गया।
जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी खगेश्वर गुप्ता (पिता जनार्दन गुप्ता, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम तिलाईपाली, थाना तमनार) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साथी प्रदीप गुप्ता के साथ मिलकर ठगी की बात कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। फरार आरोपी प्रदीप गुप्ता की तलाश जारी है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह की ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शही मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि ग्रामीणों की गाढ़ी कमाई और मुआवजे की राशि पर डाका डालने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी।
एसएसपी की आम जनता को सलाह:
बैंक खाते, पासबुक, चेकबुक और एटीएम कार्ड किसी भी अन्य व्यक्ति या बिचौलिए के हाथ में न सौंपें।
बिना पढ़े या समझे किसी भी वित्तीय अथवा बैंक दस्तावेज पर अपने हस्ताक्षर न करें।
बैंक खातों की नियमित जांच कराएं और किसी भी संदिग्ध लेन-देन की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाने में दें।
