गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़। शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर 5 सितंबर 2026 को रायगढ़ पुलिस द्वारा जिलेभर के शैक्षणिक संस्थानों में एक अभिनव और विशेष आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” के चतुर्थ सप्ताह के पहले दिन जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ व्यापक साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान “रक्षक बने ‘साइबर शिक्षक’, साइबर शिक्षा से ही साइबर सुरक्षा” की मूल थीम पर पुलिस अधिकारियों ने खुद ‘साइबर शिक्षक’ की भूमिका निभाते हुए शिक्षकों और छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन ठगी व साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री शशि मोहन सिंह के कुशल मार्गदर्शन में पूर्व निर्धारित योजना के तहत जिले के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों, अनुविभागीय अधिकारियों (SDOP) एवं थाना प्रभारियों ने अपनी टीमों के साथ विभिन्न स्कूलों में दस्तक दी। पुलिस अधिकारियों ने सर्वप्रथम शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं और तत्पश्चात साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहकर समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने वर्तमान समय में तेजी से पनप रहे साइबर अपराधों के तरीकों, जैसे—फेक कॉल, डिजिटल अरेस्ट, पार्ट-टाइम जॉब के नाम पर धोखाधड़ी और फर्जी लिंक के बारे में विस्तार से समझाया। शिक्षकों से अपील की गई कि वे विद्यार्थियों के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के वातावरण में भी साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाकर ‘साइबर शिक्षक’ की भूमिका निभाएं। इस अवसर पर पोर्टल cgpolice-cyberjaagrutiabhiyaan.com अथवा ‘मेरी सेल्फी’ फ्रेम में दिए गए QR कोड को स्कैन कर सेल्फी लेने और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर साइबर जागरूकता का प्रसार करने के लिए प्रेरित किया गया।
साइबर अपराधों से सुरक्षा के लिए रायगढ़ पुलिस की महत्वपूर्ण सलाह:
-
किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ अपना OTP (वन टाइम पासवर्ड) साझा न करें।
-
सोशल मीडिया अथवा व्हाट्सएप पर आए अनजान और संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें।
-
बैंक खाते, यूपीआई पिन या व्यक्तिगत दस्तावेज किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करें।
-
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अज्ञात लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने से बचें।
-
अनजान व्यक्तियों के साथ वीडियो कॉल या संदिग्ध चैट करते समय पूरी तरह सतर्क रहें।
-
यदि दुर्भाग्यवश कोई साइबर धोखाधड़ी का शिकार होता है, तो तुरंत 1930 राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें।
-
साइबर अपराध संबंधी अपनी शिकायत आधिकारिक पोर्टल
cybercrime.gov.inपर दर्ज कराएं।
शिक्षक दिवस पर आयोजित इस विशेष अभियान के माध्यम से रायगढ़ पुलिस ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि साइबर शिक्षा ही वर्तमान दौर में साइबर सुरक्षा की सबसे मजबूत ढाल है। जिलेभर के सभी स्कूलों में एक साथ आयोजित इन कार्यक्रमों में शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया और साइबर अपराधों के खिलाफ सतर्क रहकर दूसरों को जागरूक करने का संकल्प लिया।
