गौरी शंकर गुप्ता/कोरबा (छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ राज्य केशरवानी वैश्य सभा के तत्वावधान में तथा केशरवानी वैश्य तरुण सभा के सौजन्य से “उत्कृष्ट प्रतिभा एवं मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह–2026” का आयोजन रविवार को कोरबा के राजीव गांधी ऑडिटोरियम में ऐतिहासिक गरिमा और भव्यता के साथ संपन्न हुआ।
समारोह में शिक्षा, खेल, कला और सामाजिक सेवाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर समाज का नाम रोशन करने वाले सैकड़ों होनहार विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने की ₹20 लाख की घोषणा
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री एवं कोरबा विधायक श्री लखन लाल देवांगन शामिल हुए। उन्होंने अपने ओजस्वी संबोधन में कहा:
“किसी भी जीवंत समाज की वास्तविक पहचान और शक्ति उसकी शिक्षित, अनुशासित और जागरूक युवा पीढ़ी होती है। प्रतिभावान बच्चों का सम्मान केवल उनका उत्साहवर्धन नहीं है, बल्कि पूरे समाज में शिक्षा के प्रति नई अलख जगाने का सशक्त माध्यम है।”
इस अवसर पर मंत्री देवांगन ने केशरवानी वैश्य सभा, कोरबा के नए सामाजिक भवन निर्माण के लिए ₹20 लाख की स्वेच्छानुदान राशि प्रदान करने की घोषणा की, जिसका पूरे ऑडिटोरियम में उपस्थित हजारों समाजबंधुओं ने करतल ध्वनि से स्वागत किया।
मेधावी छात्र-छात्राओं को मिली प्रोत्साहन राशि
-
सुश्री रिया केशरवानी (10वीं बोर्ड टॉपर): वर्ष 2025-26 की कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में 98.83% अंक हासिल कर समाज में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने पर सुश्री रिया को श्री नीलेश गुप्ता (कोरबा) द्वारा अपने पूज्य पिता की स्मृति में ₹10,000 तथा श्री अशोक केशरवानी (मनेन्द्रगढ़) द्वारा ₹51,000 का चेक (कुल ₹61,000) प्रोत्साहन स्वरूप प्रदान किया गया।
-
सुश्री माही केशरवानी (12वीं बोर्ड टॉपर): कक्षा 12वीं में 93.60% अंक लाने पर सुश्री माही को ई. सुधीर गुप्ता (बिलासपुर) द्वारा अपनी माताजी की स्मृति में ₹21,000 की नकद राशि दी गई।
-
भविष्य के लिए ₹1 लाख का बड़ा ऐलान: कार्यक्रम में मनेन्द्रगढ़ के श्री अशोक केशरवानी ने घोषणा की कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 की 10वीं बोर्ड परीक्षा में समाज में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को ₹1,00,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।

गरिमामयी उपस्थिति और व्यवस्थापक
कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ राज्य केशरवानी वैश्य सभा के प्रदेशाध्यक्ष श्री नीलेश कुमार गुप्ता एवं तरुण सभा के प्रदेशाध्यक्ष श्री मधुकर गुप्ता ने की। मंच का सफल एवं प्रभावी संचालन प्रदेश महामंत्री श्री राजेश गुप्ता (सारंगढ़), श्रीमती भावना सूर्यप्रकाश केशरी, श्री चंद्रधर केशरी, श्री मिथलेश केशरवानी एवं कार्यक्रम संयोजक श्री निश्चल केशरवानी ने किया।
विशिष्ट अतिथियों में कोरबा महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, पार्षद नरेंद्र देवांगन, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, भवानी साव, डॉ. विनय गुप्ता, अश्विनी केशरवानी, त्रिभुवन केशरवानी, बिंदु केशरवानी, राहुल केशरवानी सहित प्रदेशभर से आए नगर सभाओं के अध्यक्ष, पदाधिकारी, महिला व युवा प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
