गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़। रायगढ़ जिला मुख्यालय में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध “जन्माष्टमी पर्व एवं झूला उत्सव” के दौरान उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और व्यस्ततम यातायात को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस रायगढ़ द्वारा विशेष रूट चार्ट और मार्ग डायवर्सन व्यवस्था लागू की गई है। शहर में यातायात को सुचारू और सुरक्षित बनाए रखने के लिए यह विशेष व्यवस्था दिनांक 2 सितंबर 2026 से 6 सितंबर 2026 तक प्रभावशील रहेगी। इस दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर वन-वे (एकांगी मार्ग) व्यवस्था अमल में लाई जाएगी।
यातायात पुलिस द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार, रेलवे स्टेशन (पॉइंट नंबर 06) से चक्रधरनगर की ओर जाने वाले वाहनों को पॉइंट नंबर 08 (सुभाष चौक) और पॉइंट नंबर 09 (गद्दी चौक) से डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन चांदनी चौक या सर्किट हाउस वाले मार्ग से होकर चक्रधरनगर की ओर जा सकेंगे। इसी तरह, चक्रधरनगर से रेलवे स्टेशन की ओर आने वाले यातायात को पॉइंट नंबर 04 (शहीद चौक) से सारंगढ़ चौक और मालधक्का रोड होते हुए पॉइंट नंबर 06 रेलवे स्टेशन की ओर भेजा जाएगा।
उत्सव के दौरान शहर के मुख्य बाजारों और मंदिर परिसरों में जाम की स्थिति से निपटने के लिए यातायात पुलिस ने 6 प्रमुख चौराहों/तिराहों को सभी प्रकार के चार पहिया, दो पहिया और ऑटो वाहनों के आवागमन के लिए पूरी तरह प्रतिबंधित किया है। प्रतिबंधित पॉइंट्स में गद्दी चौक, सुभाष चौक, सारंगढ़ चौक, गोगा राइस मिल ओवरब्रिज, कोष्टापारा तिराहा और सिल्वर पैलेस तिराहा शामिल हैं। आमजनों से अपील की गई है कि वे इन मार्गों पर जाने से बचें और डायवर्टेड रास्तों का इस्तेमाल करें।
श्रद्धालुओं और शहरवासियों की सुविधा के लिए शहर के 5 प्रमुख स्थानों पर वाहनों के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। चक्रधरनगर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए मिनी स्टेडियम, केवड़ाबाड़ी की ओर से आने वाले वाहनों के लिए रामलीला मैदान, कोतरारोड मार्ग के वाहनों के लिए नटवर स्कूल, सारंगढ़-चंद्रपुर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए पुराना सारंगढ़ बस स्टैंड और स्थानीय शहरवासियों के वाहनों के लिए गांधी गंज में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। रायगढ़ यातायात पुलिस ने सभी नागरिकों और श्रद्धालुओं से इस यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।
