गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़ (छत्तीसगढ़)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में रायगढ़ जिले में महिलाओं एवं नाबालिग बालिकाओं की सुरक्षा व त्वरित न्याय हेतु संचालित “अभियान संवेदना” के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने घर से लापता हुई 16 वर्षीय नाबालिग बालिका को सकुशल दस्तयाब करते हुए उसे शादी का झांसा देकर भगा ले जाने वाले 23 वर्षीय आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
स्कूल जाने के नाम पर निकली थी छात्रा, केलो डैम से हुई बरामद
घटनाक्रम के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को 16 वर्षीय नाबालिग बालिका अपने घर से स्कूल जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग न मिलने पर थाना कोतवाली में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपराध क्रमांक 408/2026, धारा 137(2) बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाते हुए 1 अगस्त 2026 को बालिका को केलो डैम के पास से आरोपी विनय केरकेट्टा (23 वर्ष) के साथ बरामद कर लिया।
शादी का झांसा देकर पत्थलगांव में बनाए शारीरिक संबंध
पीड़िता से महिला पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में की गई पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी विनय केरकेट्टा ने उसे शादी का प्रलोभन दिया और अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर पत्थलगांव ले गया। वहां अपने परिचितों के घर रखकर उसने पीड़िता के साथ दैहिक शोषण (दुष्कर्म) किया।
पुलिस द्वारा पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। मेडिकल रिपोर्ट और बालिका के बयानों के आधार पर दर्ज मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 87, 65(1) तथा पॉक्सो (POCSO) अधिनियम की धारा 4 व 6 जोड़ी गईं।
बाइक व मोबाइल जब्त, आरोपी भेजा गया जेल
पूछताछ में अपराध कबूल करने के बाद पुलिस ने आरोपी विनय केरकेट्टा (निवासी कृष्णापुर, थाना कोतरारोड, जिला रायगढ़) को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पैशन प्रो मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 13 AG 0302) तथा एक मोबाइल फोन जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस सफल कार्रवाई में एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन में नव-पदस्थ थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक प्रिया साहू, आरक्षक कोमल तिवारी, कमलेश यादव एवं हमराह स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश:
“महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में रायगढ़ पुलिस की नीति पूरी तरह स्पष्ट है—महिला संबंधी किसी भी शिकायत पर तत्काल, संवेदनशील व कानूनसम्मत कार्रवाई करना और अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
