गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध नशीले पदार्थों और शराब के क्रय-विक्रय पर पूर्णतः अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी मुस्तैदी से मैदान में उतर चुका है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री शशि मोहन सिंह के कुशल दिशा-निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत पुलिस की अलग-अलग टीमों ने संगठित रूप से कार्रवाई की है।
थाना साइबर, घरघोड़ा, पुसौर, पूंजीपथरा और चौकी खरसिया की टीमों ने विभिन्न ग्रामीण एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में योजनाबद्ध तरीके से रेड मारकर कुल 69.66 लीटर अवैध महुआ, हाथभट्ठी, देशी व अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस व्यापक कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 7 आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।
साइबर और घरघोड़ा पुलिस की संयुक्त सर्जिकल स्ट्राइक
अभियान के तहत सबसे बड़ी सफलता थाना साइबर और थाना घरघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम को मिली। मुखबिर की पक्की सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम रायकेरा में रहने वाले रूपेश बेहरा (36 वर्ष) के रिहायशी मकान पर अचानक छापेमारी की। घर की सघन तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध शराब का जखीरा बरामद हुआ। इसमें 25 लीटर महुआ शराब, 7 पाव अंग्रेजी शराब और 12 पाव देशी प्लेन शराब शामिल थी। कुल 28.420 लीटर शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत ₹7,410 आंकी गई है। इसके साथ ही शराब बिक्री की ₹210 नगद राशि भी बरामद की गई।
पुसौर और खरसिया में हाथभट्ठी व महुआ शराब पर कार्रवाई
थाना पुसौर पुलिस ने भी सूचना तंत्र को सक्रिय करते हुए ग्राम बरपाली (सूपा क्षेत्र) में लगातार दो बड़ी कार्रवाइयां कीं। पुलिस ने पहली रेड में किशन भारती (26 वर्ष) को 7 लीटर महुआ शराब के साथ पकड़ा, जबकि दूसरी रेड में राकेश भारती (27 वर्ष) के पास से भी 7 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की। दोनों के पास से जब्त शराब की कुल कीमत ₹2,800 बताई जा रही है।
इसी प्रकार, चौकी खरसिया पुलिस ने ग्राम तेलीकोट बरभाठा रोड पर घेराबंदी कर हरवंश टंडन (56 वर्ष) नाम के अधेड़ को दबोचा। आरोपी के कब्जे से सार्वजनिक स्थान पर बिक्री के उद्देश्य से रखी गई 10 लीटर अवैध हाथभट्ठी की महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत ₹2,000 है।
पूंजीपथरा पुलिस का एक्शन: गांवों से लेकर हाईवे के ढाबे तक रेड
थाना पूंजीपथरा पुलिस ने अपने क्षेत्र के तीन अलग-अलग संवेदनशील ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। पहली कार्रवाई में ग्राम पाकादरहा से उमेश कुमार खाण्डे (25 वर्ष) को 9 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ पकड़ा गया। दूसरी कार्रवाई में ग्राम बिलासखार से उत्तम राठिया (22 वर्ष) के कब्जे से 12 लीटर हाथभट्ठी से निर्मित महुआ शराब जब्त की गई।
इसके बाद पुलिस टीम ने तराईमाल स्थित ‘फौजी ढाबा’ पर अचानक दबिश दी। यहाँ अवैध रूप से ग्राहकों को परोसने के लिए रखी गई 20 नग (180 एमएल) गोल्डन गोवा सुपीरियर व्हिस्की बरामद हुई। ढाबा संचालक प्रेम सिंह (40 वर्ष) के कब्जे से कुल 3.240 लीटर महंगी अंग्रेजी शराब जब्त की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री शशि मोहन सिंह का कड़ा संदेश:
“रायगढ़ जिले में ‘ऑपरेशन आघात’ के माध्यम से समाज में नशा घोलने वाले और अवैध रूप से शराब का निर्माण, परिवहन या बिक्री करने वाले अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रहार जारी रहेगा। यह एक गैर-कानूनी कृत्य है जो सामाजिक शांति को भंग करता है। इस तरह के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मैं आम जनता से भी अपील करता हूं कि वे जागरूक नागरिक की तरह अपने आसपास होने वाली ऐसी अवैध गतिविधियों की तुरंत सूचना स्थानीय पुलिस को दें, ताकि समय रहते सख्त कदम उठाए जा सकें।”
