गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़। रायगढ़ जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने ढिमरापुर चौक के पास मुख्य मार्ग किनारे गांजा बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1.120 किलोग्राम अवैध गांजा और बिक्री की रकम सहित कुल 56,030 रुपये का सामान जब्त किया गया है।
कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि ढिमरापुर चौक के पास बंद पड़े एक ठेले के किनारे दो संदिग्ध व्यक्ति अवैध रूप से गांजा रखकर उसे बेचने की फिराक में ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस की टीम ने मौके पर घेराबंदी की और दोनों संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
| आरोपी का नाम | उम्र | मूल निवासी | हाल मुकाम / वर्तमान पता |
| कन्हैया सोनी | 55 वर्ष | ग्राम बनगांव, थाना बागबहार (जशपुर) | दीनदयाल कॉलोनी, ढिमरापुर, थाना कोतवाली (रायगढ़) |
| सोनू कुमार शर्मा | 34 वर्ष | दीनदयाल कॉलोनी, ढिमरापुर, रायगढ़ | दीनदयाल कॉलोनी, ढिमरापुर, थाना कोतवाली (रायगढ़) |
तलाशी लेने पर आरोपी कन्हैया सोनी के कब्जे वाले थैले से 1.009 किलोग्राम गांजा (अनुमानित मूल्य ₹50,000) बरामद हुआ। वहीं, दूसरे आरोपी सोनू कुमार शर्मा के पास से छोटी प्लास्टिक की पन्नियों में पैक किया गया 0.111 किलोग्राम गांजा और बिक्री के 30 रुपये नगद जब्त किए गए। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि वे यह गांजा उड़ीसा से ट्रेन के माध्यम से लाकर ढिमरापुर चौक के पास छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर ग्राहकों को बेचने की तैयारी कर रहे थे।
कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत अपराध दर्ज कर जेल भेज दिया है। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी, सहायक उप निरीक्षक राजेश दर्शन, आरक्षक गणेश राठिया और आरक्षक राजेश बंजारे की सराहनीय भूमिका रही। रायगढ़ पुलिस ने चेतावनी दी है कि जिले में नशे का कारोबार करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
