गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिले में महिला एवं नाबालिगों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे ‘अभियान संवेदना’ के अंतर्गत चौकी जोबी पुलिस ने त्वरित और कड़ी वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस ने घर में घुसकर 50 वर्षीय महिला से गाली-गलौज, मारपीट, कपड़े खींचकर छेड़खानी करने और घटना का वीडियो बनाने के गंभीर आरोप में ग्राम ओंगना के सरपंच अमित राठिया सहित चार आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मामले की विस्तृत जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला ने चौकी जोबी (थाना खरसिया) में शिकायत दर्ज कराई कि 27 अगस्त 2026 की रात लगभग 8 बजे जब वह अपने घर पर थी, तब पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी अमित राठिया, अनिल कुमार राठिया (निवासी आँगना, थाना धरमजयगढ़), धनसिंह राठिया और इगेन्द्र राठिया (निवासी पुछियापाली) जबरन उसके घर में घुस आए। आरोपियों ने अकारण गाली-गलौज करते हुए हाथ और मुक्कों से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता ने अपनी लिखित शिकायत में गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि आरोपियों द्वारा उसकी असमत लूटने की नीयत से उसके कपड़े खींचकर उतारने का प्रयास किया गया। जब महिला जान बचाकर गली की ओर भागी, तो आरोपी अनिल राठिया ने उसे पीछे से पकड़ लिया, जबकि अमित राठिया और धनसिंह राठिया मारपीट करते हुए कपड़े खींचने लगे। वहीं आरोपी इगेन्द्र राठिया अपने मोबाइल फोन से पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना रहा था। महिला की चीख-पुकार सुनकर जब बचाव के लिए स्थानीय ग्रामीण पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके साथ भी हाथापाई और मारपीट की।
प्राथमिक जांच और पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 115(2), 76 और 3(5) के तहत अपराध पंजीकृत कर विवेचना शुरू की। चौकी प्रभारी जोबी (सहायक उप निरीक्षक लक्ष्मी नारायण राठौर) की अगुवाई में गठित पुलिस टीम ने तुरंत दबिश देकर चारों आरोपियों—अमित राठिया (36 वर्ष, सरपंच ग्राम ओंगना), अनिल कुमार राठिया (30 वर्ष), धनसिंह राठिया (52 वर्ष) और इगेन्द्र राठिया (22 वर्ष)—को हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अपराध में प्रयुक्त एचएफ डिलक्स एवं पल्सर मोटरसाइकिल तथा वीडियो रिकॉर्ड करने में इस्तेमाल किया गया ओप्पो (Oppo) स्मार्टफोन भी जब्त किया है।
मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि “महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में रायगढ़ पुलिस की नीति पूरी तरह स्पष्ट और शून्य-सहिष्णुता (Zero Tolerance) की है। महिला संबंधी किसी भी शिकायत पर तत्काल, संवेदनशील और कानूनसम्मत कार्रवाई करते हुए अपराधियों के विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कदम उठाना रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
