गौरी शंकर गुप्ता/घरघोड़ा। रायगढ़ जिले के घरघोड़ा स्थित शासकीय भँवर सिंह पोर्ते महाविद्यालय में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक नया मील का पत्थर जुड़ गया है। महाविद्यालय में नवीन स्नातकोत्तर (PG) पाठ्यक्रम एमएससी (वनस्पति विज्ञान, जंतु विज्ञान एवं कंप्यूटर विज्ञान) को छत्तीसगढ़ शासन से औपचारिक मान्यता तथा शहीद नंद कुमार पटेल विश्वविद्यालय, रायगढ़ से सम्बद्धता प्राप्त हो गई है। सम्बद्धता मिलते ही महाविद्यालय में एमएससी की कक्षाओं के लिए प्रवेश प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
ग्रामीण एवं आंचलिक क्षेत्र के इस प्रमुख महाविद्यालय में एमएससी पाठ्यक्रम शुरू होने से स्थानीय छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध नागरिकों और शिक्षाविदों ने महाविद्यालय प्रबंधन व प्राचार्य को शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
बीएससी और बीसीए पास छात्रों में जबरदस्त उत्साह घरघोड़ा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से स्नातक (BSc एवं BCA) उत्तीर्ण कर चुके विद्यार्थी स्नातकोत्तर कक्षाओं में प्रवेश के लिए काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं। दूर-दराज के बड़े शहरों में जाने के बजाय अपने ही अंचल में एमएससी की सुविधा मिलने से खासकर छात्राओं को बड़ा लाभ मिलेगा।
वर्तमान में निर्धारित सीट संख्या के आधार पर छात्र-छात्राएं मेरिट सूची (Merit List) जारी होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के लिए बनाई गई हेल्प डेस्क महाविद्यालय प्रबंधन, प्राचार्य एवं शैक्षणिक स्टाफ के साझा प्रयासों से एमएससी पाठ्यक्रमों में आसानी से प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण कराने के लिए परिसर में एक ‘हेल्प डेस्क’ (Help Desk) की स्थापना की गई है। इस हेल्प डेस्क के माध्यम से छात्रों को फॉर्म भरने, सीट आवंटन, विषयों के चयन और मेरिट सूची से जुड़ी सभी जानकारियां आसानी से उपलब्ध कराई जा रही हैं।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों का कहना है कि भँवर सिंह पोर्ते महाविद्यालय लगातार उत्तरोत्तर नए पाठ्यक्रमों की वृद्धि की ओर अग्रसर है। क्षेत्रीय शिक्षण संस्थाओं और नागरिकों के सतत सहयोग से अब ग्रामीण अंचल के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
