गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़ । रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम राजपुर (पुटुपारा) में एक मामूली विवाद में खाकी वर्दीधारी पुलिसकर्मियों और उनके साथियों द्वारा एक बुजुर्ग के साथ कथित तौर पर तीखी बदसलूकी और उन्हें जबरन कार में बैठाकर ले जाने का गंभीर मामला सामने आया है। इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।
वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि वर्दीधारी और सादे कपड़ों में मौजूद लोग स्थानीय लोगों के विरोध के बावजूद बुजुर्ग को जबरन कार में ठूंस रहे हैं और बहस कर रहे हैं।
दुकान के पास गेट खुला रहने पर भड़का विवाद प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पुटुपारा में एक दुकान के बाहर सड़क किनारे धान से लदी गाड़ियां खड़ी थीं। दुकान के सामने बरामदे (परछी) में बुजुर्ग शिवचरण गुप्ता बैठकर अपने मोबाइल पर बात कर रहे थे। इसी बीच गाड़ी का मुख्य गेट खुला रह गया था।
इसी दौरान वहां से गुजर रही एक सफेद रंग की वैगनआर कार (क्रमांक CG 13 AM 0302) में सवार लोग हॉर्न बजाने लगे। जब तक कर्मचारी धान लेकर पहुंचा और गेट बंद करने लगा, तब तक कार सवार लोग बाहर निकल आए और गेट खुला होने की बात को लेकर बुजुर्ग पर चिल्लाने लगे।
खाकी वर्दी की हनक और जबरन ले जाने का आरोप प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि कार में खाकी वर्दी पहने पुलिसकर्मी के साथ अन्य लोग सवार थे। उन्होंने खुद को बड़ा पुलिस अफसर बताते हुए बुजुर्ग शिवचरण गुप्ता के साथ बदसलूकी और हुड़दंग शुरू कर दिया। बुजुर्ग के अपनी बात रखने पर भी वे शांत नहीं हुए।
विवाद बढ़ने पर वर्दीधारी और उनके साथियों ने बुजुर्ग को जबरन कार की पिछली सीट पर बैठा लिया और मौके से रवाना हो गए। पीड़ित पक्ष के अनुसार, आरोपी बुजुर्ग को कुछ दूरी पर ले जाकर कलार दुकान के पास छोड़कर चले गए। इस दौरान उनसे अवैध वसूली की कोशिश का आरोप भी लगाया गया है।
वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश घटना के वक्त मौजूद राहगीरों ने इस पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो सामने आने के बाद लैलूंगा क्षेत्र के ग्रामीणों और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच करने और वर्दी का रौब दिखाकर बुजुर्ग से अभद्रता करने वाले दोषियों के खिलाफ तत्काल कड़ा संज्ञान लेते हुए दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।
