गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़। रायगढ़ जिले में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत चक्रधरनगर थाना पुलिस ने त्वरित और कड़ी कार्रवाई की है। राह चलती महिला से छेड़खानी करने और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में महिला संबंधी अपराधों पर दिखाई गई इस तत्परता की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है।
पति को खाना देने जा रही महिला से की थी बदसलूकी
घटना 2 अगस्त 2026 की दोपहर करीब 12 बजे की है। ग्राम एकताल निवासी 22 वर्षीय पीड़िता अपने बच्चों के साथ पति को खाना देने जा रही थी। इसी दौरान गांव के ही दो युवक पीछे से आए और महिला से छेड़खानी करते हुए किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देने लगे।
तभी रास्ते से गुजर रहे एक परिचित को देखकर आरोपी मौके से भाग निकले। पीड़िता ने अपने पति और गांव के वरिष्ठजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद 12 अगस्त को थाना चक्रधरनगर पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।
प्रशिक्षु महिला एसआई ने दर्ज की FIR, दबिश देकर पकड़ा
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में चक्रधरनगर थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशिक्षु उप-निरीक्षक मनीषा ध्रुवे को तत्काल एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के निर्देश दिए। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 और 351(3) के तहत अपराध पंजीकृत किया।
पुलिस ने इन दो आरोपियों को किया गिरफ्तार:
-
उमेश प्रधान (पिता विद्याधर प्रधान, उम्र 26 वर्ष) – निवासी ग्राम एकताल (स्कूलपारा), थाना चक्रधरनगर।
-
अभिषेक गोधिया (पिता हेमलाल गोधिया, उम्र 24 वर्ष) – निवासी ग्राम एकताल (बस्ती मंडलापारा), थाना चक्रधरनगर।
पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों के घरों पर दबिश देकर उन्हें हिरासत में लिया। थाने लाकर की गई कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल दाखिल करा दिया गया है।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी राकेश मिश्रा, प्रशिक्षु महिला एसआई मनीषा ध्रुवे, आरक्षक चंद्र कुमार बंजारे, जितेन्द्र कुर्रे और मिनकेतन पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
