गौरी शंकर गुप्ता/बिलासपुर। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से बिलासपुर के मुंगेली नाका क्षेत्र में “हर घर तिरंगा – घर-घर तिरंगा” अभियान के तहत भव्य ध्वज वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
यह कार्यक्रम नगर विधायक श्री अमर अग्रवाल के कुशल मार्गदर्शन एवं भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष श्री दीपक सिंह के दिशा-निर्देशों पर उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ।
13 से 15 अगस्त तक हर घर-प्रतिष्ठान पर तिरंगा फहराने का संकल्प
अभियान के अंतर्गत मुंगेली नाका क्षेत्र में 13 अगस्त से 15 अगस्त तक प्रत्येक घर और व्यावसायिक प्रतिष्ठान पर स्वाभिमान के साथ तिरंगा फहराने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष अजीत सिंह भोगल एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के जिलाध्यक्ष की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यकर्ताओं ने मुंगेली नाका क्षेत्र के व्यापारियों, दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों के घर-घर जाकर तिरंगा ध्वज का वितरण किया।
व्यापारियों और नागरिकों में दिखा जबरदस्त उत्साह
ध्वज वितरण के दौरान क्षेत्र में देशभक्ति का अनूठा माहौल देखने को मिला। व्यापारियों और स्थानीय निवासियों ने बड़े आदर और उत्साह के साथ तिरंगे को स्वीकार करते हुए तुरंत अपने-अपने प्रतिष्ठानों और घरों पर फहराया।
इस अवसर पर पार्षद नितिन पटेल, सुभाष तिवारी, प्रवीण नायडू, नरेंद्र सिंह सिंगरौल, पंकज जायसवाल, अंकित तिवारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
‘तिरंगा हमारी आन-बान और शान है’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला उपाध्यक्ष अजीत सिंह भोगल ने कहा, “तिरंगा हमारी आन-बान और शान का प्रतीक है। हर घर पर तिरंगा फहराकर हम इस बार के स्वतंत्रता दिवस को ऐतिहासिक बनाएंगे और देशभक्ति का पावन संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे।”
