गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़। एनएमएल तलईपल्ली कोयला खनन परियोजना ने अपने परियोजना प्रभावित गांवों के स्थानीय युवाओं के कौशल विकास और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक बड़ा कदम उठाया है। इस कड़ी में संस्थान ने ओपी जिंदल कम्युनिटी कॉलेज (OPJCC), पूंजीपथरा, रायगढ़ के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं।
समझौता ज्ञापन पर एनएमएल तलईपल्ली के प्रभारी परियोजना प्रमुख एवं महाप्रबंधक (टीएस) श्री आनंद जी अग्रवाल तथा ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. आर. डी. पाटीदार ने दोनों संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में औपचारिक हस्ताक्षर किए।
इस एमओयू के तहत परियोजना प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं के लिए तीन महीने का विशेष कौशल विकास और व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य स्थानीय युवाओं को आधुनिक उद्योगों की तकनीकी आवश्यकताओं के अनुसार तैयार करना है, ताकि उनकी रोजगार क्षमता (Employability) में सुधार हो सके और वे बेहतर आजीविका के अवसरों से जुड़ सकें।
जिला प्रशासन रायगढ़ के सहयोग व मार्गदर्शन में शुरू की जा रही यह पहल एनएमएल तलईपल्ली की सामुदायिक कल्याण (CSR), स्थानीय युवाओं के आर्थिक-सामाजिक सशक्तीकरण तथा सतत आजीविका सृजन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इस कार्यक्रम के जरिए क्षेत्र के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाकर रायगढ़ जिले के समग्र विकास में भागीदार बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
