Raigarh Police Action Against Anti-National Activity: गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़। रायगढ़ जिले में मासूम बच्चे को भारत विरोधी नारे सिखाने, महिला प्रताड़ना और राष्ट्रीय एकता को नुकसान पहुंचाने जैसे गंभीर आरोपों में घिरे आरोपी वसीम मोहम्मद के खिलाफ पुलिस ने कानूनी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री शशि मोहन सिंह के कड़े निर्देशों पर महिला थाना रायगढ़ में दर्ज इस संवेदनशील मामले की विवेचना तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है। डीएसपी उन्नति ठाकुर के सुपरविजन में मामले की गहन जांच थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस द्वारा की जा रही है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 मई 2026 को एक स्थानीय पीड़िता ने रायगढ़ के महिला थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने आरोप लगाया था कि आरोपी वसीम मोहम्मद (43 वर्ष), निवासी जोगीडीपा रायगढ़ द्वारा उसे शारीरिक और मानसिक रूप से गंभीर प्रताड़ना दी जा रही थी। इसके अलावा आरोपी ने महिला के नाबालिग बेटे को “पाकिस्तान जिंदाबाद” और “हिंदुस्तान मुर्दाबाद” जैसे देश विरोधी नारे सिखाए थे, जिसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था।
शिकायत के आधार पर महिला थाना रायगढ़ में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 52/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 85, 351, 152 और 197 तथा छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम, 1968 की धारा 4 के अंतर्गत गंभीर अपराध पंजीबद्ध किया गया था।
एनडीपीएस मामले में जेल में निरुद्ध था आरोपी
पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि आरोपी वसीम मोहम्मद को 25 मई 2026 को करीब 6 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ सिटी कोतवाली रायगढ़ पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया था। वह एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत जिला जेल रायगढ़ में न्यायिक अभिरक्षा में बंद था।
प्रोडक्शन वारंट पर लेकर घटनास्थल की गई तस्दीक
महिला थाने में दर्ज देशद्रोह व प्रताड़ना के गंभीर अपराध की विवेचना के लिए निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस ने न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त किया और आरोपी को एक दिन की पुलिस रिमांड पर लिया। पुलिस टीम आरोपी को घटनास्थल ले गई, जहां घटना का री-क्रेएशन, स्थल निरीक्षण और साक्ष्यों का संकलन किया गया। इस दौरान आरोपी “हिंदुस्तान जिंदाबाद, पाकिस्तान मुर्दाबाद” के नारे लगाता दिखा। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद पुलिस ने आरोपी को पुनः अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह की सख्त चेतावनी
मामले की प्रगति पर रायगढ़ एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कड़ा संदेश देते हुए कहा, “राष्ट्र विरोधी मानसिकता फैलाने, महिलाओं के विरुद्ध अपराध करने तथा सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने की किसी भी कोशिश पर रायगढ़ पुलिस साक्ष्य आधारित कठोरतम वैधानिक कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”
