बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर-रामानुजगंज मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूल जा रही दो शिक्षिकाएं ट्रक की चपेट में आ गईं. हादसे में स्कूटी सवार एक शिक्षिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना बसंतपुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार, दोनों शिक्षिकाएं अपने विद्यालय करमडीहा स्कूल के लिए स्कूटी से निकली थीं. इसी दौरान मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया. हादसा इतना भीषण था कि एक शिक्षिका ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हादसे में एक शिक्षिका की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरी शिक्षिका रजनी केवट गंभीर रूप से घायल हो गईं. दोनों ही करमडीहा स्कूल में पदस्थ थीं.
घायल शिक्षिका को तत्काल स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से वाड्रफनगर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है. हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया. सूचना मिलने पर बसंतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने ट्रक को जब्त कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है. इस दर्दनाक हादसे के बाद स्कूल स्टाफ और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है. स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के कड़े इंतजाम की मांग उठाई है.
