गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र में सोशल मीडिया पर सस्ते प्रचार और रील बनाने के चक्कर में छात्राओं को असहज करने वाले एक युवक पर रायगढ़ पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। स्कूल से घर लौट रही छात्राओं के सामने अश्लील गाना गाते हुए वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड करने वाले युवक को पुलिस ने थाने तलब कर कड़ी फटकार और समझाइश दी।
वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (SDOP) सिद्धांत तिवारी ने धरमजयगढ़ पुलिस को मामले की जांच और संबंधित इंस्टाग्राम आईडीधारक के खिलाफ त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
इंस्टाग्राम आईडी के आधार पर पकड़ाया आरोपी युवक
धरमजयगढ़ पुलिस ने सोशल मीडिया निगरानी के जरिए आरोपी युवक की पहचान जयदेव मंडल (25 वर्ष), निवासी धरमजयगढ़ कॉलोनी के रूप में की। पुलिस ने उसे तत्काल थाने बुलाकर वायरल वीडियो के संबंध में पूछताछ की। कड़ी पूछताछ में युवक ने अपने ही मोबाइल फोन से सार्वजनिक स्थान पर छात्राओं के सामने उक्त अशोभनीय वीडियो बनाने और उसे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर करने की बात कबूल कर ली।
एसडीओपी सिद्धांत तिवारी ने दी कड़ी हिदायत, युवक ने मांगी माफी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी सिद्धांत तिवारी ने युवक को सोशल मीडिया के जिम्मेदार और मर्यादित उपयोग की सख्त समझाइश दी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं, छात्राओं या किसी भी नागरिक की गरिमा को ठेस पहुंचाना और उन्हें असहज करने वाली अश्लील सामग्री इंटरनेट पर प्रसारित करना कानूनन अनुचित है। पुलिस की कड़ी फटकार और कानूनी प्रावधानों की जानकारी के बाद युवक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए लिखित में माफी मांगी और भविष्य में ऐसी किसी घटना की पुनरावृत्ति न करने का वचन दिया।
रायगढ़ पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल की कड़ी नजर
एसडीओपी सिद्धांत तिवारी ने नागरिकों और युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया का उपयोग सकारात्मक, रचनात्मक और कानून के दायरे में रहकर करें। रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उनकी विशेष ‘सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल’ द्वारा इंस्टाग्राम, फेसबुक, यूट्यूब और एक्स (ट्विटर) जैसे सभी प्रमुख प्लेटफॉर्म्स की चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है। किसी व्यक्ति की गरिमा को ठेस पहुंचाने, अश्लीलता फैलाने या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले पोस्ट शेयर करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
