गौरी शंकर गुप्ता/घरघोड़ा (रायगढ़)। रायगढ़ जिले के घरघोड़ा स्थित सरस्वती शिशु मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव जन्माष्टमी पर्व अत्यंत धूमधाम, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित विशेष कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना, आरती, दीप प्रज्ज्वलन और मधुर भजन-कीर्तन के साथ हुआ। इसके बाद छात्र-छात्राओं द्वारा सामूहिक सांस्कृतिक नृत्य और बाल-लीलाओं की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं।
परिसर में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान के पश्चात विद्यालय से एक विशाल एवं भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसने पूरे नगर का भ्रमण किया। शोभायात्रा में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चे राधा और कृष्ण की मनमोहक पोशाकों में सजे हुए नजर आए। नगर के विभिन्न चौकों और प्रमुख मार्गों पर विद्यार्थियों ने सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किए और जयकारों के साथ नारों का उद्घोष किया। शोभायात्रा का नगर में स्थान-स्थान पर समाजसेवियों और नागरिकों द्वारा पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया तथा बच्चों को उपहार एवं मिष्ठान वितरित किए गए।
शोभायात्रा के समापन अवसर पर पारंपरिक दही हांडी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। हांडी फोड़ने के लिए विद्यालय के छात्रों ने बड़े उत्साह के साथ मानव पिरामिड बनाया और मटकी फोड़कर माखन-मिश्री उत्सव मनाया। इस पूरे आयोजन के दौरान “नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयकारों से पूरा घरघोड़ा नगर गुंजायमान रहा।
इस पावन अवसर पर मुख्य अतिथि एवं अध्यक्ष जानेश्वर मिश्रा, सचिव सुनील सिंह ठाकुर (अधिवक्ता), प्राचार्य जितेंद्र कुमार मिश्रा, पूर्व प्राचार्य देव नारायण पटेल, प्रधानाचार्य अनिता गोपाल तथा विद्यालय के समस्त आचार्य, दीदियां और छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इसके अलावा बच्चों का उत्साहवर्धन करने के लिए राजपूत क्षत्रिय महिला समाज घरघोड़ा की अध्यक्ष झरना ठाकुर एवं गीता मिश्रा भी विशेष रूप से कार्यक्रम में शामिल हुईं।
समारोह के अंत में वक्ताओं ने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन हमें कर्म, धर्म, प्रेम और कर्तव्य पथ पर निरंतर आगे बढ़ने का संदेश देता है, जिसे सभी को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। विद्यालय परिवार और नगरवासियों के सहयोग से यह जन्माष्टमी पर्व अत्यंत गरिमामय और सफल तरीके से संपन्न हुआ।
