गौरी शंकर गुप्ता/घरघोड़ा। शिक्षक दिवस के सुअवसर पर रायगढ़ जिले के घरघोड़ा विकासखंड के उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्य करने वाले सहायक शिक्षकों एवं प्रधान पाठकों को राज्य के वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा ‘शिक्षा दूत’ एवं ‘ज्ञानदीप’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान शिक्षकों को सम्मान स्वरूप शॉल, श्रीफल तथा प्रशस्ति पत्र के साथ वित्तीय प्रोत्साहन राशि का चेक प्रदान किया गया।
5 सितंबर 2026 को आयोजित इस सम्मान समारोह में शैक्षणिक सत्र 2024-25 के शिक्षा दूत पुरस्कार के लिए शासकीय प्राथमिक शाला नावापारा की सहायक शिक्षक निधि केशरवानी और शासकीय प्राथमिक शाला कंचनपुर की सरिता गुप्ता को सम्मानित किया गया। वहीं, शैक्षणिक सत्र 2025-26 के शिक्षा दूत पुरस्कार से शासकीय प्राथमिक शाला इंदिरा आवास छोटे गुमड़ा की पवित्रा सिदार, शासकीय प्राथमिक शाला कुरूंजखोल के बाबूलाल धृतलहरे तथा शासकीय प्राथमिक शाला चोटीगुड़ा के प्रशांत बेहरा को नवाजा गया।
इसके अतिरिक्त, शैक्षणिक सत्र 2024-25 के प्रतिष्ठित ‘ज्ञानदीप पुरस्कार’ से शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय दनौट के प्रधान पाठक दुधेश्वर साय पैंकरा को सम्मानित किया गया। पुरस्कार योजना के प्रावधानों के तहत शिक्षा दूत पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं को 5,000 रुपये का चेक व सम्मान स्वरूप शॉल तथा ज्ञानदीप पुरस्कार विजेता को 7,000 रुपये का चेक व शॉल भेंट कर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने उनकी सेवाओं की सराहना की।
विकासखंड घरघोड़ा के ये पुरस्कृत शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों में गतिविधि-आधारित शिक्षण, नवाचारी सहायक शिक्षण सामग्री (TLM) के उपयोग, कमजोर विद्यार्थियों को विशेष मार्गदर्शन देकर मुख्यधारा से जोड़ने तथा नए-नए तरीकों से बच्चों के कौशल विकास एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदर्शन के लिए विशेष रूप से जाने जाते हैं।
शिक्षकों की इस उपलब्धि पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) घरघोड़ा शशिधर निषाद ने सभी पुरस्कृत गुरुजनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि इन शिक्षकों का समर्पण और नवाचार क्षेत्र के अन्य शिक्षकों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा।
