गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़। रायगढ़ जिला पुलिस द्वारा एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत घरघोड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घर विवाद के चलते अपने ही बड़े भाई पर लोहे के टांगा से प्राणघातक हमला कर पिछले दो महीने से फरार चल रहे आरोपी रूपधर राठिया (47 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल लोहे का टांगा (आलाजरब) बरामद कर लिया है और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम चिमटापानी निवासी प्रार्थी महेत राम राठिया (50 वर्ष) ने 4 जुलाई 2026 को थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि 22 जून 2026 की शाम वह अपने पिता और छोटे भाई रूपधर राठिया के साथ घर की परछी में बैठा था। इस दौरान मकान के बंटवारे और घर से बाहर निकलने की बात को लेकर दोनों भाइयों में विवाद हो गया।
विवाद इतना बढ़ा कि रूपधर राठिया ने गाली-गलौज करते हुए पास रखे लोहे के टांगा से अपने बड़े भाई महेत राम पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में महेत राम के सिर, सिर के पिछले हिस्से और बाईं आंख के पास गंभीर चोटें आईं। ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर डायल-112 की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया था।
| विवरण (Case Summary) | जानकारी / स्थिति (Details / Status) |
| घटनास्थल (Location) | ग्राम चिमटापानी, थाना घरघोड़ा, जिला रायगढ़ |
| गिरफ्तार आरोपी (Accused) | रूपधर राठिया (47 वर्ष), निवासी ग्राम चिमटापानी |
| पीड़ित (Victim) | महेत राम राठिया (50 वर्ष – आरोपी का बड़ा भाई) |
| दर्ज धाराएं (Legal Sections) | धारा 296, 351(3), 115(2) व 109(2) बीएनएस (हत्या का प्रयास) |
| जब्ती (Seized Weapon) | घटना में प्रयुक्त लोहे का टांगा (आलाजरब) |
शुरुआत में पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था, लेकिन घायल की मेडिकल रिपोर्ट और गवाहों के बयानों के आधार पर प्रकरण में हत्या के प्रयास से संबंधित धारा 109(2) बीएनएस (BNS) जोड़ी गई। घटना के बाद से आरोपी बाहर भाग गया था और मजदूरी कर रहा था।
एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने गांव में मुखबिरों को सक्रिय कर रखा था। 4 सितंबर को जैसे ही सूचना मिली कि आरोपी गांव लौटा है, पुलिस टीम ने चिमटापानी में घेराबंदी कर आरोपी रूपधर राठिया को हिरासत में ले लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या के प्रयास में प्रयुक्त टांगा जब्त कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
