गौरी शंकर गुप्ता/घरघोड़ा (रायगढ़)। शासन के स्पष्ट निर्देशों के परिपालन में शासकीय कन्या पूर्व माध्यमिक शाला घरघोड़ा में देशव्यापी ‘साक्षरता पखवाड़ा’ का गरिमामय माहौल में शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की नन्हीं छात्राओं के कर-कमलों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों ने राष्ट्रीय एवं सामाजिक परिदृश्य में शिक्षा के बुनियादी महत्व को रेखांकित करते हुए छात्राओं को अपने परिवार व समाज को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़े रखने के लिए प्रेरित किया।
साक्षरता पखवाड़े के अंतर्गत आगामी दिनों में आयोजित होने वाली विविध गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की रूपरेखा पर अखिलेश मिश्रा एवं संस्था प्रभारी ज्योति मैडम ने विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने सभी छात्राओं से पखवाड़े के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न शैक्षणिक प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में पूरे उत्साह के साथ सहभागिता करने का आह्वान किया। वहीं, शिक्षिका निवेदिता सिंह ठाकुर एवं शिक्षक विजय पंडा ने साक्षरता की अलख को घर-घर तक पहुँचाने और जन-जन को जागरूक करने हेतु छात्राओं को मार्गदर्शन प्रदान किया।
विद्यालय स्तर पर संचालित इस देशव्यापी साक्षरता पखवाड़े को सामाजिक रूप से अधिक प्रभावी और सफल बनाने के लिए एक विशेष पहल की गई। “मासिक वेतन का एक प्रतिशत अभियान” के तहत शिक्षक विजय पंडा ने नन्हीं छात्राओं को पहाड़ा पुस्तिका, कलम (पेन) एवं अभ्यास पुस्तिकाएं नि:शुल्क प्रदान कीं। उन्होंने छात्राओं को जीवन में शिक्षा के अमूल्य महत्व को समझाते हुए निरंतर अध्ययनरत रहने के लिए प्रोत्साहित किया, जिसे विद्यालय परिवार और स्थानीय स्तर पर काफी सराहा जा रहा है।
गौरतलब है कि शासकीय कन्या पूर्व माध्यमिक शाला घरघोड़ा द्वारा प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी साक्षरता पखवाड़े को पूरे उत्साह व निष्ठा के साथ मनाने तथा शासन के उद्देश्यों को साकार करने का संकल्प लिया गया है। इस दौरान विद्यालय में विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के जरिए छात्राओं को साक्षरता के प्रति जागरूक किया जाएगा।
