गौरी शंकर गुप्ता/बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व एवं बिलासपुर विधायक श्री अमर अग्रवाल के मार्गदर्शन में बिलासपुर में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 137वें एपिसोड का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम तार बाहर क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 29, अहिल्याबाई नगर स्थित शक्ति केंद्र के बूथ क्रमांक 195 में आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और वार्डवासियों ने एक साथ बैठकर प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा के जिला उपाध्यक्ष श्री अजीत सिंह भोगल उपस्थित रहे। 137वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आत्मनिर्भर भारत, स्वच्छता, युवा शक्ति और देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि जब देश का प्रत्येक नागरिक अपने-अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करता है, तो राष्ट्र प्रगति के पथ पर तेजी से आगे बढ़ता है। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय उत्पादों की खरीद और उन्हें प्रोत्साहन देने के लिए “वोकल फॉर लोकल” के मूल मंत्र पर विशेष जोर दिया।
संबोधन समाप्त होने के पश्चात कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा जिला उपाध्यक्ष अजीत सिंह भोगल ने कहा कि प्रधानमंत्री जी की ‘मन की बात’ महज एक प्रसारण या कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह देश के कोने-कोने में बसे जन-जन से सीधे जुड़ने का एक अत्यंत सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के विकासपरक और दूरदर्शी विचारों को पार्टी के हर कार्यकर्ता को बूथ स्तर तक ले जाकर घर-घर तक पहुंचाना है।
अहिल्याबाई नगर शक्ति केंद्र में आयोजित इस कार्यक्रम में संगठन के कई स्थानीय पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक शामिल हुए। इस अवसर पर प्रमुख रूप से बूथ अध्यक्ष श्री विनोद मेहरा, श्यामू राव, विमल दरिया, श्रीमती रश्मि साहू, प्रवीण नायडू और बबलू सिंह सहित अनेक वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता तथा वार्डवासी उपस्थित रहे।
