गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) श्री राम गोपाल गर्ग दो दिवसीय वार्षिक प्रवास पर जिला रायगढ़ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पुलिस कार्यालय का विस्तृत निरीक्षण करते हुए शाखावार कामकाज की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस कार्यालय पूरे जिले की पुलिसिंग का नियंत्रण केंद्र है, इसलिए जवानों के वेलफेयर, वेतन, देयक और अवकाश से संबंधित मामलों का प्राथमिकता के साथ समय पर निराकरण होना चाहिए।
सीसीटीएनएस और नए आपराधिक कानूनों पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान आईजी गर्ग ने नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन में सीसीटीएनएस (CCTNS) की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि ई-साक्ष्य, ई-समन और डिजिटल प्रक्रियाओं का संचालन इसी के माध्यम से हो रहा है, इसलिए कर्मचारियों को इसके लिए नियमित रूप से प्रशिक्षित किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने चिटफंड मामलों की प्रगति, ऑनलाइन पोर्टल अपडेट और शासकीय संपत्तियों के सही रख-रखाव के निर्देश एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह को दिए।
थाना चक्रधरनगर का औचक निरीक्षण और संवाद
देर शाम आईजी गर्ग ने एसएसपी शशि मोहन सिंह, एएसपी अनिल सोनी और सीएसपी मयंक मिश्रा के साथ थाना चक्रधरनगर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विवेचक कक्ष, मालखाना और हेल्प डेस्क का जायजा लिया। सीसीटीएनएस कक्ष में उन्होंने कर्मचारियों से सीधे संवाद कर कार्यों की जानकारी ली। एसएसपी ने बताया कि जिले में मैनुअल रोजनामचा बंद कर पूरी तरह से ऑनलाइन रोजनामचा एंट्री की जा रही है, जिस पर आईजी ने रायगढ़ पुलिस की तकनीक-आधारित पुलिसिंग की विशेष प्रशंसा की।
फील्ड पुलिसिंग और आमजन के विश्वास पर दिया संदेश
पत्रकारों से चर्चा करते हुए आईजी राम गोपाल गर्ग ने कहा कि रायगढ़ रेंज का दूसरा सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण जिला है। उन्होंने पारदर्शिता, डिजिटल प्रगति और टीम वर्क के साथ सभी मामलों के शत-प्रतिशत समयबद्ध निराकरण पर बल दिया। निरीक्षण के अंत में थाना चक्रधरनगर स्टाफ द्वारा आईजी को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया, वहीं आईजी गर्ग ने एसएसपी शशि मोहन सिंह की कुशल नियंत्रण व्यवस्था और पुलिसिंग की खुलकर सराहना की।