गौरी शंकर गुप्ता/घरघोड़ा। विकासखंड घरघोड़ा अंतर्गत कार्यरत शिक्षक विजय पंडा अपने अनूठे “मासिक वेतन का एक प्रतिशत अभियान” के माध्यम से सरकारी स्कूलों में शिक्षा का समग्र और उत्साहजनक वातावरण बनाने में विगत एक वर्ष से निरंतर जुटे हुए हैं। सीमित संसाधनों के बल पर छात्र-छात्राओं के चेहरे पर मुस्कान लाने और उन्हें पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करने का उनका यह प्रयास अब एक मिसाल बनता जा रहा है।
इसी अभियान की कड़ी में अगस्त माह में शिक्षक विजय पंडा प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय कटंगडीह पहुँचे। यहाँ उन्होंने शत-प्रतिशत छात्र-छात्राओं को टाई व बेल्ट वितरित किए, साथ ही माध्यमिक खंड के विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए कॉपियां प्रदान कीं।
विद्यालय स्टाफ और शिक्षाविदों का मिला सराहनीय सहयोग
कटंगडीह विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण अंचल में शिक्षा की अलख जगाने में जुटे विद्यालय प्रमुख रामदुलार राठिया, एलिसेंट टोप्पो, दिलीप पटेल, खुलेश्वरी भास्कर और अंजना नायक का विशेष सहयोग मिला।
इस अवसर पर नगर के वरिष्ठ शिक्षाविद शिव प्रसाद तिवारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने शिक्षक विजय पंडा के इस निस्वार्थ प्रयास की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
प्रदेश भर के शिक्षकों से अभियान से जुड़ने का आह्वान
“मासिक वेतन का एक प्रतिशत अभियान” के सूत्रधार शिक्षक विजय पंडा ने रायगढ़ जिले के साथ-साथ पूरे प्रदेश के शिक्षक समुदाय से इस मुहिम का हिस्सा बनने का विनम्र अनुरोध किया है।
शिक्षक विजय पंडा का संदेश:
“यदि प्रत्येक शिक्षक अपने मासिक वेतन का मात्र एक प्रतिशत हिस्सा बच्चों के प्रोत्साहन और शाला की बुनियादी आवश्यकताओं में लगाए, तो पूरे प्रदेश के सरकारी स्कूलों में एक नवीन, सकारात्मक और उत्साहजनक शैक्षणिक वातावरण का निर्माण हो सकता है।”
