गौरी शंकर गुप्ता/घरघोड़ा/रायगढ़। रायगढ़ जिले के घरघोड़ा विकासखंड स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय (सेजेस) रायकेरा में 11 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर एक भव्य तिरंगा रैली का आयोजन पूरी आन-बान और शान के साथ किया गया। राज्य शासन, जिला प्रशासन रायगढ़ एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्री श्यामानंद साहू के निर्देशानुसार निकाली गई इस रैली का सफल संयोजन विद्यालय के प्राचार्य श्री एस. के. करण के कुशल मार्गदर्शन तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के कार्यक्रम अधिकारी श्री रामकुमार पटेल के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
रैली का मुख्य उद्देश्य आगामी 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) के अवसर पर क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक को अपने-अपने घरों में राष्ट्रध्वज तिरंगा फहराने के लिए जागरूक व प्रेरित करना था। रैली में विद्यालय की कक्षा 6वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों और समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हाथों में तिरंगा थामे विद्यार्थियों के “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम” और “हर घर तिरंगा-घर-घर तिरंगा” के गगनभेदी नारों से पूरा रायकेरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री एस. के. करण ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि यह तिरंगा यात्रा देश की आजादी और सीमाओं की रक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को समर्पित है। तिरंगा हमारी राष्ट्रीय अस्मिता, पहचान और एकता का प्रतीक है। वहीं NSS कार्यक्रम अधिकारी श्री रामकुमार पटेल ने क्षेत्रवासियों एवं ग्रामीणों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़कर अपने घरों में सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने और वीर सेनानियों को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करने की भावुक अपील की।
आयोजन को सफल बनाने में श्रीमती अलमा सोरेंग, श्रीमती दिव्या माधुरी तिग्गा, खेम सिंह राठिया, गोकुल कुमार नायक, कु. तनुजा यादव, टिकेश प्रधान, कु. श्वेता तिर्की, दशरथ साव, सुधाकर तिग्गा, विजय साहू, दयासागर देहरी, रुद्र प्रताप पुरसेट, दिनेश्वर प्रसाद कुर्रे, मुरलीधर साहू, हितेश्वर कुमार निषाद, जग्गू राठिया, रीमा, ललित सिदार सहित विद्यालय के समस्त शैक्षणिक व गैर-शैक्षणिक स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
