गौरी शंकर गुप्ता/घरघोड़ा (रायगढ़)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले का नाम एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय खेल पटल पर गर्व से ऊंचा हुआ है। थाईलैंड में आयोजित ‘9वीं हीरोज इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2026’ में रायगढ़ जिले के घरघोड़ा तहसील स्थित नवागढ़ गांव के प्रतिभावान खिलाड़ी ऋषभ सिंह ठाकुर (रोशन) ने अपने शानदार प्रदर्शन के बदौलत भारत के लिए कांस्य (ब्रॉन्ज) मेडल हासिल किया है।
31 जुलाई से 2 अगस्त तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में ऋषभ ने 36 किलोग्राम भार वर्ग में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए तिरंगा लहराया।
1 पॉइंट से चूके फाइनल, फिर भी जीता ब्रॉन्ज
प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले में बेहद रोमांचक और कांटे की टक्कर देखने को मिली। भारत के ऋषभ सिंह ठाकुर और श्रीलंका के खिलाड़ी के बीच हुए मुकाबले में श्रीलंका ने 14 पॉइंट और भारत के ऋषभ ने 13 पॉइंट हासिल किए। महज 1 अंक से पिछड़ने के बाद भी ऋषभ ने हार नहीं मानी और अपने उत्कृष्ट खेल के दम पर देश के लिए कांस्य पदक सुरक्षित किया।
रायगढ़ के खिलाड़ियों का थाईलैंड में दबदबा
इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में रायगढ़ जिले से कुल 3 खिलाड़ियों ने भाग लिया था और तीनों ने ही पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया:
-
ऋषि सिंह (कोच): गोल्ड एवं सिल्वर मेडल
-
कु. अनिया सिंह: गोल्ड मेडल
-
ऋषभ सिंह ठाकुर: ब्रॉन्ज मेडल
अमरूद के पेड़ से अंतरराष्ट्रीय पोडियम तक का संघर्षपूर्ण सफर
पीएम श्री सेजेस इंग्लिश मीडियम स्कूल घरघोड़ा में कक्षा 8वीं के छात्र ऋषभ का खेल सफर बेहद प्रेरणादायक रहा है। ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले ऋषभ पिछले एक वर्ष से विनर ताइक्वांडो एकेडमिक जिला रायगढ़ में कोच ऋषि सिंह से प्रशिक्षण ले रहे हैं।
अपनी सफलता और संघर्ष को याद करते हुए ऋषभ ने बताया:
“शुरुआत में मेरे पास सुविधाएं नहीं थीं, तो मैं अमरूद के पेड़ पर सीमेंट की बोरी लटकाकर ताइक्वांडो की किक का अभ्यास करता था। आज जब विदेशी सरजमीं पर हाथों में मेडल और कंधे पर तिरंगा ओढ़े विक्ट्री स्टैंड पर खड़ा था, तो वह पल मेरी जिंदगी का सबसे गर्व महसूस कराने वाला पल था।”
परिवार का सहयोग और अगला लक्ष्य
ऋषभ की प्रतिभा को पहचानकर उनके माता-पिता ने उन्हें प्रशिक्षण के लिए रायगढ़ भेजा। इस यात्रा में उनके नाना, बड़ी मम्मी, रोशनी, प्रियल और श्रीजल दीदी का भी पूरा सहयोग रहा, जो रोज उन्हें प्रशिक्षण स्थल तक लाते और ले जाते थे।
ऋषभ की उपलब्धियों का सिलसिला यहीं नहीं थमा है। उन्होंने पेंड्रा में आयोजित स्कूल गेम्स का जोन लेवल मैच जीतकर स्टेट लेवल प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर लिया है। अब वे 15 अक्टूबर से 18 अक्टूबर 2026 तक रायपुर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
ऋषभ की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरा देश, छत्तीसगढ़ राज्य और उनके क्षेत्रवासी बेहद गौरवान्वित हैं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं।
