गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़/धरमजयगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत धरमजयगढ़ पुलिस ने जुए-सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम उदउदा में आम रास्ते पर संचालित सार्वजनिक जुआ फड़ पर दबिश देकर 5 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मौके से ताश की पत्तियों के साथ-साथ ₹17,650 नगद और जुआरियों की 8 दोपहिया वाहन (अनुमानित कीमत लगभग 2.5 लाख रुपये) जब्त किए गए हैं।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पुलिस ने दी दबिश
पुलिस को रविवार शाम मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि ग्राम उदउदा के आगे आम रास्ते पर कुछ लोग हार-जीत का दांव लगाकर “काट-पत्ती” नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्धांत तिवारी के निर्देशन एवं थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर घेराबंदी कर 5 आरोपियों को दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपी और जब्ती
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए जुआरियों में शामिल हैं:
-
उमेश देवनाथ (43 वर्ष), निवासी धरमजयगढ़ कॉलोनी
-
काली चरण शाह (58 वर्ष), निवासी धरमजयगढ़ कॉलोनी
-
मधुसुदन मंडल (45 वर्ष), निवासी दुर्गापुर कॉलोनी
-
सुशांत दास (44 वर्ष), निवासी धरमजयगढ़ कॉलोनी
-
ओमप्रकाश यादव (26 वर्ष), निवासी लाभवहरी, थाना धरमजयगढ़

बरामदगी: तलाशी के दौरान फड़ और आरोपियों के पास से ₹17,650 नगद, 52 पत्ती ताश, बिछाने की सामग्री तथा फड़ के पास खड़ी 8 मोटरसाइकिलें (सुपर स्प्लेंडर, होंडा एक्टिवा, टीवीएस जुपिटर, एचएफ डीलक्स, हीरो ग्लैमर, सीडी डीलक्स, होंडा साइन एवं स्प्लेंडर) जब्त की गईं।
वैधानिक और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
आरोपियों के खिलाफ थाना धरमजयगढ़ में धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। इसके अलावा, सार्वजनिक स्थान पर शांति व्यवस्था प्रभावित करने पर जुआरियों के खिलाफ पृथक से धारा 170 बीएनएसएस (BNSS) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश
“जुआ, सट्टा और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस का ‘ऑपरेशन अंकुश’ लगातार जारी रहेगा। सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”
