बिलासपुर। जिले में एक लापता व्यक्ति को पुलिस डॉग विमला ने 10 किलोमीटर की तलाश के बाद घने जंगल से बेहोशी हालत में ढूंढ निकाला। यह व्यक्ति दो दिन पहले खेत से गायब हुआ था। यह घटना बेलगहना पुलिस चौकी क्षेत्र के डांडबछाली गांव की है। 21 फरवरी को अरुण सिंह सिदार ने बेलगहना थाने में अपने चाचा तरुण सिदार (48 वर्ष) के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तरुण 19 फरवरी की सुबह तुलुफ गांव स्थित अपने खेत जाने के लिए घर से निकले थे और रात तक वापस नहीं लौटे।परिजनों ने उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। बाद में उन्हें पता चला कि तरुण सिदार को घटना वाले दिन अपने साथियों भक्तनारायण, सूरज सिंह, बलराम सिदार और शत्रुहन सिदार के साथ तुलुफ के खेत में शराब पीते हुए देखा गया था। इसके बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
बेलगहना पुलिस चौकी में गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज कर तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और अनुविभागीय अधिकारी नूपुर उपाध्याय के निर्देश पर एक टीम गठित की गई। बेलगहना पुलिस ने संदिग्ध घटनास्थल पर लगातार तलाश अभियान चलाया। पुलिस ने लापता तरुण सिदार के साथियों से पूछताछ की, लेकिन नशे की हालत में होने के कारण वे कोई जानकारी नहीं दे पाए। आखिरकार, तलाश के दौरान तरुण सिंह की टोपी और चप्पल मौके पर बरामद हुई। इसके बाद बेलगहना पुलिस ने डॉग स्क्वाड की मदद ली। बिलासपुर से पुलिस डॉग विमला और डॉग हैंडलर मनोज साहू को घटनास्थल पर भेजा गया।
डॉग विमला ने टोपी और चप्पल की गंध के सहारे लगभग 10 किलोमीटर तक घने जंगल में तलाश की। आखिरकार, डॉग विमला अचेत अवस्था में पड़े तरुण सिदार तक पहुंच गई, जिसके बाद उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया।
Author Profile
Latest entries
विदेशMay 30, 2026ईरान-अमेरिका के बीच बड़ी डील! 300 अरब डॉलर के प्रस्ताव से बढ़ी हलचल
BILASPURMay 30, 2026बिलासपुर के खाद्य तेल एजेंसी के गोदाम में भयंकर आग, करोड़ों के नुकसान की आशंका
छत्तीसगढ़May 30, 2026प्रति एकड़ 2 बोरी यूरिया और 1-1 बोरी डीएपी ले सकेंगे किसान
RaipurMay 30, 2026छत्तीसगढ़ रेल कॉर्पोरेशन की बैठक सम्पन्न




