दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आतंकी संगठन आईएसआईएस से जुड़े नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड में छापेमारी की है। हाल ही में गिरफ्तार किए गए पांच आतंकियों से पूछताछ के बाद यह रेड की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया।
खासकर पोटेशियम नाइट्रेट मिला है, जो आतंकी गतिविधियों में इस्तेमाल होने वाला अहम रसायन माना जाता है। पुलिस ने यह भी पुष्टि की है कि यह बरामदगी आतंकी दानिश के ठिकाने से हुई है। दिल्ली पुलिस ने दानिश समेत पांच आतंकियों को कुछ दिन पहले गिरफ्तार किया था। दानिश को 10 सितंबर को लोअर बाजार थाना क्षेत्र के न्यू तबारक लॉज से पकड़ा गया था। इसके बाद अदालत से दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को 12 दिनों तक पूछताछ की अनुमति मिली।
दानिश की गिरफ्तारी के बाद उसके नेटवर्क और योजनाओं का पता लगाने के लिए लगातार छानबीन की जा रही है। इस मामले पर झारखंड पुलिस की आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) भी पूरी तरह से सक्रिय है। एटीएस दानिश के झारखंड में फैले नेटवर्क और सहयोगियों की जानकारी जुटाने में लगी है। इसके लिए एटीएस दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल से लगातार संपर्क में है।
साथ ही टेक्निकल और ह्यूमन इनपुट को भी खंगाला जा रहा है, ताकि इस आतंकी नेटवर्क की गहराई तक जानकारी मिल सके। दानिश के संपर्कों की जांच पूर्व में पकड़े गए आतंकियों से भी की जा रही है। इसमें लोहरदगा का आतंकी फैजान उर्फ फैज, रांची से गिरफ्तार अलकायदा इंडिया सब-कॉन्टिनेंट का मास्टरमाइंड डॉ. इश्तियाक और उसके सहयोगी शामिल हैं।
डॉ. इश्तियाक को पहले दिल्ली पुलिस ने झारखंड एटीएस के सहयोग से पकड़ा था और उस दौरान भी एक बड़ी आतंकी साजिश का खुलासा हुआ था। उस समय पता चला था कि आतंकी झारखंड में अपना प्रशिक्षण केंद्र खोलने की योजना बना चुके थे।
दिल्ली पुलिस और झारखंड एटीएस की संयुक्त कार्रवाई से साफ है कि आतंकी संगठनों की जड़ें न केवल राजधानी बल्कि झारखंड तक फैली हुई हैं। ताजा बरामदगी और पूछताछ से इस नेटवर्क के कई राज खुलने की उम्मीद है, जिससे आने वाले दिनों में बड़ी साजिशों को नाकाम करने में मदद मिल सकती है।
Author Profile
Latest entries
RaipurJune 16, 2026शिक्षा के साथ संस्कारों का समावेश हमारी प्राथमिकता : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय
RaipurJune 15, 2026विश्व रक्तदाता दिवस पर राज्यपाल ने रक्तदाताओं का किया सम्मान
छत्तीसगढ़June 15, 2026मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने जांजगीर-चांपा जिले में 295 करोड़ रुपये से अधिक के 341 विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन
छत्तीसगढ़June 15, 2026उप मुख्यमंत्री 36वें नेशनल कैनो स्प्रिंट चैंपियनशिप के समापन समारोह में हुए शामिल




