Category: छत्तीसगढ़

  • उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने प्रदेश का पहला सड़क सुरक्षा अनुभव कक्ष का किया शुभारंभ

    उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने प्रदेश का पहला सड़क सुरक्षा अनुभव कक्ष का किया शुभारंभ

    रायपुर,

    प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आज परिवहन कार्यालय, कबीरधाम में राज्य का पहला सड़क सुरक्षा अनुभव कक्ष का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह कक्ष मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की एक कड़ी है।

    उन्होंने कहा कि कबीरधाम जिला प्रदेश का पहला जिला है जहां इस प्रकार का अनुभव कक्ष स्थापित किया गया है। इस उद्घाटन समारोह में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कक्ष के सभी पहलुओं का अवलोकन किया और इसकी कार्यप्रणाली पर विस्तार से जानकारी ली। सड़क सुरक्षा अनुभव कक्ष का उद्देश्य नागरिकों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस कक्ष में विभिन्न प्रकार की सड़क सुरक्षा संबंधित जानकारी और सामग्री प्रस्तुत की गई है, जिसमें वाहन चालकों को दुर्घटनाओं से बचने के उपाय, ट्रैफिक नियमों के पालन और सुरक्षित ड्राइविंग के बारे में बताया गया है। कक्ष में विभिन्न वर्चुअल अनुभव, वीडियो और मॉडल्स के जरिए सड़क सुरक्षा को समझने का एक आकर्षक तरीका अपनाया गया है।

        उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि बचपन से ही हमें सही और गलत का भेद सिखाया जाता है। माताओं की भूमिका बच्चों को जीवन के उचित और अनुचित कार्यों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण होती है। इसी प्रकार यह सत्र समाज में सुरक्षा और नियमों के प्रति एक सकारात्मक सोच विकसित करेगा। उन्होंने कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रक्रिया को निरंतर जारी रखा जाए, ताकि हर व्यक्ति सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक हो सके। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने सड़क सुरक्षा अनुभव कक्ष के शुभारंभ में कहा कि अब ड्राइविंग लाइसेंस बनाने आने वाले व्यक्तियों को एक विशेष ऑडियो, वीडियो सत्र से गुजरना होगा। यह सत्र आवेदनकर्ताओं को ट्रैफिक नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है।

    उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक व्यक्ति ट्रैफिक नियमों, चालान प्रक्रिया और सुरक्षित वाहन संचालन के महत्व को गहराई से समझे। ऑडियो, वीडियो सत्र पूरा करने के बाद प्रतिभागियों को एक प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। यह प्रमाण पत्र यह दर्शाएगा कि उन्होंने सड़क सुरक्षा के नियमों को समझ लिया है। यह सत्र लोगों को सड़क पर सही निर्णय लेने और सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित करेगा। इससे न केवल ट्रैफिक नियमों के पालन में सुधार होगा, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की संख्या भी कम होगी। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि विभागीय प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और जागरूकता बढ़ाने के लिए यह कदम उठाया गया है। यह सुनिश्चित करेगा कि ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने वाला हर व्यक्ति सड़क पर जिम्मेदारी से वाहन चलाए। उन्होंने कहा कि संपूर्ण छत्तीसगढ़ में इस प्रक्रिया की शुरुआत कवर्धा से की गई है। इसे पूरे राज्य में लागू किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिले।

    उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा के समक्ष उस समय कार्यालय में लाईसेंस बनवाने के लिए आए नागरिकों ने भी सड़क सुरक्षा अनुभव कक्ष का अवलोकन किया और वहां उपलब्ध जानकारी का लाभ लिया। उन्होंने कहा कि इस कक्ष की स्थापना से न केवल स्थानीय नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता मिलेगी। इस उद्घाटन के साथ ही कबीरधाम जिला एक कदम और आगे बढ़ा है, जहां सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता के साथ-साथ सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता दी जा रही है।

  • मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर निरंतर धान खरीदी का सिलसिला जारी

    मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर निरंतर धान खरीदी का सिलसिला जारी

    रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में प्रदेश के किसानों से सुगमता पूर्वक धान की खरीदी की जा रही है। वहीं धान खरीदी व्यवस्था पर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा लगातार मॉनीटरिंग की जा रही है। राज्य में 14 नवम्बर से शुरू हुए धान खरीदी का सिलसिला अनवरत रूप से जारी है। अब तक लगभग 93.44 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है। धान खरीदी के एवज में 18.69 लाख किसानों को बैंक लिकिंग व्यवस्था के तहत 21 हजार 040 करोड़ रूपए का भुगतान किया गया है। धान खरीदी का यह अभियान 31 जनवरी 2025 तक चलेगी।

    प्रदेश के समस्त पंजीकृत कृषकों को खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में धान विक्रय हेतु टोकन की सुविधा ऑनलाईन एप्प (टोकन तुंहर हांथ) एवं उपार्जन केन्द्रों में 25 जनवरी 2025 तक के लिए उपलब्ध कराया गया है। किसान सुविधा अनुसार तिथी का चयन कर नियमानुसार धान विक्रय कर सकते है।

    धान खरीदी के साथ-साथ मिलर्स द्वारा धान का उठाव भी तेजी से हो रहा है। धान उठाव के लिए लगभग 62.72 लाख मीट्रिक टन धान के लिए डीओ और टीओ जारी किया गया है, जिसके विरूद्ध अब तक 36.38 लाख मीट्रिक टन धान का उठाव कर लिया गया है।

    खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस खरीफ वर्ष के लिए 27.78 लाख किसानों द्वारा पंजीयन कराया गया है। इसमें 1.59 लाख नए किसान शामिल है। इस वर्ष 2739 उपार्जन केन्द्रों के माध्यम से 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी अनुमानित है।

    खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आज 02 जनवरी 2025 को 62494 किसानों से 2.90 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी की गई है। इसके लिए 81 हजार 926 टोकन जारी किए गए थे। आगामी दिवस के लिए 83 हजार 303 टोकन जारी किए गए हैं।

  • राज्य सरकार प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए प्रतिबद्ध: मंत्री राजवाड़े

    राज्य सरकार प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए प्रतिबद्ध: मंत्री राजवाड़े

    रायपुर :  महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण विभाग मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने आज सक्ती जिले के नगर पंचायत जैजैपुर को 3.30 करोड़ रूपए से अधिक की लागत के 29 विकास व निर्माण कार्यों का सौगात दी है। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा आगामी समय में मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना में परित्यक्ता और विधवा महिलाओं को भी शामिल किया जाएगा। उन्होंने नगर पंचायत जैजैपुर सहित जिलेवासियों को विकास कार्यों के लिए शुभकामनाएं दी।

    मंत्री राजवाड़े ने नव वर्ष 2025 की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सभी क्षेत्रों में विकास के कार्य लगातार किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज नगर पंचायत जैजैपुर क्षेत्र में 3 करोड़ 30 लाख रुपए से भी अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। प्रदेश सरकार के गठन के बाद अल्प समय में ही तेजी से अनेकों कार्य कराए जा रहे है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए प्रतिबद्ध है। महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं के खाते में प्रतिमाह 1000 रुपए की 11वीं किस्त जारी की जा चुकी है। इसी तरह किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है। रामलला दर्शन योजना के तहत अयोध्या धाम में प्रभु राम का निःशुल्क दर्शन भी कराए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत 18 लाख आवास की स्वीकृति प्रदान की गई है, जिससे बड़ी संख्या में प्रदेश के नागरिक लाभान्वित हो रहे हैं।

    इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य, नगर पंचायत जैजैपुर अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, पूर्व विधायकगण सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी नारी शक्ति और आमजन बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

  • पेरिस पैरालंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली नित्या श्री अर्जुन अवॉर्ड से होंगी सम्मानित

    पेरिस पैरालंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली नित्या श्री अर्जुन अवॉर्ड से होंगी सम्मानित

    रायपुर

    खेल प्रतियोगिताओं में जीत हासिल करने वाले खिलाड़ियों के पीछे उनके ट्रेनर्स की अहम भूमिका होती है. वे खिलाड़ियों को सफल बनाने के लिए खुद भी कड़ी मेहनत करते हैं. ऐसे ही एक कोच की चर्चा पूरे देश में हो रही है. हम बात कर रहे हैं छत्तीसगढ़ के कोट राहुल पांडेय की, जिन्होंने नित्या श्री को एक बेहतरीन प्लेयर बनाया और पेरिस पैरालंपिक 2024 में शानदार प्रदर्शन करने योग्य बनाया.

    बता दें, कोच राहुल पांडेय की शिष्या नित्या श्री ने पेरिस 2024 पैरालंपिक में महिला एकल श्रेणी से भारत के लिए कांस्य पदक जीता था. वहीं आज नित्या का नाम अर्जुन पुरस्कार से होने वाले खिलाड़ियों में दर्ज हो गया है. इसके बाद से कोट राहुल को लेकर देशभर में चर्चा तेज हो गई है.

    बता दें, राहुल पांडेय ने नित्या सहित कई खिलाड़ियों को प्रशिक्षित किया है और उनके प्रदर्शन में सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. एक रिपोर्ट के अनुसार, राहुल पांडेय ने छह खिलाड़ियों को प्रशिक्षित किया था और उनमें से दो ने पैरालिंपिक खेलों में पदक जीते.

    वर्तमान में राहुल पाण्डेय असम रणजी टीम के स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच पद पर कार्यरत हैं. राहुल पांडेय ने अपनी मेहनत और लगन से साबित कर दिया है, कि छत्तीसगढ़ में भी प्रतिभाशाली कोच हैं. नित्या को अर्जुन पुरस्कार मिलना राज्य के लिए गौरव का क्षण है.

  • मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रयासों से आईटी हब के रूप में उभर रहा है नवा रायपुर

    मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रयासों से आईटी हब के रूप में उभर रहा है नवा रायपुर

    रायपुर : सतरूपाविकसित भारत की तर्ज पर विकसित छत्तीसगढ़ की संकल्पना को साकार करने की दिशा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार सतत प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में नवा रायपुर अटल नगर में सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं पर कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री साय की पहल का नतीजा है कि छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर क्षेत्र में आईटी और आईटी- इनेबल्ड सर्विसेस का तेजी से विकास हो रहा है। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं। राज्य सरकार की योजनाओं और संस्थाओं की पहल से नवा रायपुर युवाओं के लिए रोजगार और विकास का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है।

     वित्त मंत्री ओ पी चौधरी ने बताया कि नवा रायपुर में स्क्वायर बिजनेस सर्विसेज और टेली परफॉर्मेंस जैसी प्रमुख आईटी कंपनियों ने अपनी सेवाएं शुरू की हैं, जिससे अब तक 260 से अधिक युवाओं को रोजगार प्राप्त हुआ है।

    रायपुर के एक साधारण मध्य वर्गीय परिवार से ताल्लुक रखने वाली 24 वर्षीय सतरूपा का सपना था कि वह आत्मनिर्भर होकर परिवार का सहारा बने। खेती- किसानी और घरेलू काम काज करने वाली सतरूपा  की मां को अपनी बेटी पर गर्व है,   क्योंकि पढ़ाई पूरी करने के बाद सतरूपा आज न केवल आत्मनिर्भर है,  बल्कि परिवार को भी आर्थिक संबल प्रदान कर रही है। नवा रायपुर के स्क्वायर बिजनेस सर्विसेज में नौकरी कर रही सतरूपा ने मेहनत और लगन से तरक्की की राह पकड़ ली। पहले साल में ही उसे पदोन्नति मिली और उसका वेतन बढ़ा, जिससे उसने अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूती दी। नवा रायपुर में स्क्वायर बिजनेस सर्विसेज ने 180 और टेली परफॉर्मेंस ने 80 पदों पर भर्ती की है। इसके अलावा,  टेली परफॉर्मेंस ने 100 और कर्मचारियों की भर्ती करने की योजना बनाई है और सीएसएम टेक्नोलॉजीज ने 200 प्रोफेशनल्स की भर्ती के लिए आवेदन मंगाए हैं। यह न केवल नवा रायपुर के लिए बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए सकारात्मक बदलाव के संकेत है।

    नवा रायपुर के आईटी हब बनने की प्रक्रिया में राज्य सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। रायपुर और नवा रायपुर के बीच आईटी पेशेवरों के लिए मुफ्त बस सेवा की तथा स्क्वायर बिजनेस सर्विसेज के कर्मचारियों के लिए आवासीय समाधान भी उपलब्ध कराने की योजना है। सीबीडी सेक्टर 21 में अत्याधुनिक कार्यालयों का निर्माण किया जा रहा है, जो कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण प्रदान करेंगे।

    नवा रायपुर में आईटी क्षेत्र के विकास के साथ ही आने वाले समय में 10,000 से अधिक रोजगार के अवसर उत्पन्न होने की संभावना है।

  • पीएम आवास योजना से तुलसा का पक्का मकान बनाने का सपना हुआ साकार

    पीएम आवास योजना से तुलसा का पक्का मकान बनाने का सपना हुआ साकार

    सुकमा :  प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में रहने वाले आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए पक्के आवास का सपना साकार किया है। इस योजना के तहत गरीब और जरूरतमंद परिवारों को स्थायी घर मिल रहे हैं, जो उनकी जीवनशैली में सुधार और सम्मान लेकर आते हैं।

    पक्का मकान बनाने का सपना हुआ साकार
    सुकमा जिले के छिंदगढ़ विकासखंड के छिंदगढ़ पंचायत निवासी तुलसा राणा पिता महादेव राणा जो पहले अपने खपरैल एवं मिट्टी
    से बने घर में रहते थे, अब प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत एक पक्का मकान बन जाने से चौन से अपने घर में आरामदायक जिंदगी व्यतीत कर रहे हैं। हितग्राही तुलसा राणा ने कभी सोचा नहीं था कि उनका परिवार कभी अपने सपनों का घर बना पाएगा, लेकिन इस योजना ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। अब वे अपने परिवार के साथ सुरक्षित और सम्मानपूर्ण जीवन जी रहे हैं। हितग्राही तुलसा राणा ने प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत पक्का आवास मिलने पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत मुझे जो पक्का आवास मिला है, वह मेरे परिवार के लिए एक सपना सच होने जैसा है। पहले हम कच्ची दीवारों और खपरैल से बने पुराने घर में जैसे-तैसे जीवन व्यतीत कर रहे थे। कच्ची छत होने के कारण हमेशा बारिश के समय पानी टपकता था। इसके साथ ही बच्चों के बड़े होने के साथ ही हमे नए आवास की आवश्यकता महसूस होने लगी थी।”

    पीएम आवास योजना से मिला आर्थिक सहयोग
    शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजना प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास की स्वीकृति होने से तुलसा राणा के पक्का मकान का सपना साकार हुआ। उन्होंने योजनान्तर्गत अभिसरण के तहत मनरेगा से मजदूरी भुगतान, स्वच्छ भारत मिशन से शौचालय निर्माण एवं दीन दयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना के तहत एकल बत्ती कनेक्शन भी प्राप्त कर लिया। इस योजना के तहत तुलसा को अब एक पक्का और सुरक्षित मकान मिल गया है, जिसमें उनके परिवार को बेहतर जीवनशैली और सुरक्षा मिल रही है। उनका कहना है कि अब मेरे परिवार को ठंड, गर्मी या बारिश किसी भी मौसम की चिंता नहीं रहती।

    पक्का मकान के लिए सरकार को दिया धन्यवाद
    पीएम आवास लाभार्थी तुलसा राणा ने पक्के आवास दिलाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार को धन्यवाद देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने हम जैसे ग़रीब परिवारों को स्थायी और सुरक्षित घर प्रदान करके हमें एक सुखमय और सम्मान जनक जीवन जीने का अवसर दिया है।मुझे पीएम आवास दिलाने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रशासन को बहुत बहुत धन्यवाद ।

  • मनरेगा से बना पशु शेड देवीराम के जीवन में आई खुशहाली

    मनरेगा से बना पशु शेड देवीराम के जीवन में आई खुशहाली

    जांजगीर-चांपा :  देवीराम, जो पहले अपने परिवार के लिए स्थायी आय के अभाव में संघर्ष कर रहे थे, ने मनरेगा के तहत अपने लिए एक पशु शेड बनवाने का अवसर मिला। उनके पास कुछ पशु तो थे, लेकिन शेड न होने के कारण उन्हें देखभाल में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। मनरेगा योजना के माध्यम से देवीराम ने न केवल पशु शेड बनवाया, बल्कि इससे उनकी आजीविका में सुधार हुआ। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) ने ग्रामीण क्षेत्रों में गरीब परिवारों के लिए आजीविका और सशक्तिकरण के नए अवसर खोले हैं। इसी के तहत एक छोटे से गाँव में रहने वाले देवीराम की कहानी प्रेरणा का स्रोत बन गई है।

          जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ विकासखण्ड के ग्राम पंचायत कनई में के देवीराम जो पहले मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पालते थे, अक्सर स्थायी आय की कमी से परेशान रहते थे। उनके पास गाय तो थीं, लेकिन पशु शेड न होने के कारण पशुओं की देखभाल में समस्या होती थी। ऐसे में उन्हें महात्मा गांधी नरेगा के माध्यम से बनाए जाने वाले पशु शेड निर्माण की जानकारी रोजगार सहायक के माध्यम से मिलती है। देवीराम ने इस संबंध में तकनीकी सहायक से भी आवश्यक जानकारी ली। फिर तकनीकी सहायक ने प्रस्ताव को ग्राम सभा से पास कराकर उसे जनपद पंचायत के माध्यम से जिला पंचायत भेजा गया। जहां से 95 हजार 600 रुपए की राशि प्रशासकीय स्वीकृति के रूप में प्राप्त हुई। इसके बाद पशु आश्रय का निर्माण शुरू हुआ।

          महात्मा गांधी नरेगा के श्रमिकों ने काम किया और उनका सपनों का पशु शेड बनकर तैयार हो गया। पशु शेड बनने के बाद, देवीराम के पशु बेहतर स्वास्थ्य में रहने लगे। इससे दूध का उत्पादन बढ़ा, जो उनकी आय का मुख्य स्रोत बन गया। अब देवीराम दूध बेचकर अपने परिवार की जरूरतें पूरी कर रहे हैं। इसके अलावा, उन्होंने गायों की संख्या बढ़ाकर दूध उत्पादन में और सुधार किया। पशु शेड बनने के बाद, देवीराम ने दूसरों को भी प्रेरित किया। गाँव के अन्य किसान भी मनरेगा योजना का लाभ उठाकर अपनी आजीविका में सुधार कर रहे हैं। मनरेगा ने देवीराम जैसे कई ग्रामीण परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभाई है। यह योजना न केवल रोजगार उपलब्ध कराती है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के विकास में भी योगदान देती है। देवीराम बताते हैं कि शासकीय योजना और मेहनत के माध्यम से गरीबी को हराया जा सकता है। यह न केवल उनके लिए, बल्कि उनके जैसे कई लोगों के लिए उम्मीद की किरण है। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए चलाई जा रही महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) ने गरीब परिवारों के लिए नई उम्मीदें जगाई हैं। देवीराम ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, पशु शेड बनने से हमारे जीवन में बड़ा बदलाव आया है। पहले हमें बहुत दिक्कत होती थी, लेकिन अब हमारे पशु स्वस्थ हैं और उनकी उत्पादकता बढ़ गई है। इससे हमारे परिवार को स्थायी आय का जरिया मिल गया है।

  • राज्यपाल डेका को मुख्य सचिव एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने दी नए वर्ष की शुभकामनाएं

    राज्यपाल डेका को मुख्य सचिव एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने दी नए वर्ष की शुभकामनाएं

    रायपुर

    राज्यपाल रमेन डेका से आज राजभवन में मुख्य सचिव छत्तीसगढ़ शासन अमिताभ जैन, पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा और प्रधान मुख्य वन संरक्षक व्ही. श्रीनिवास राव ने सौजन्य भेंट की। उन्होंने राज्यपाल को नववर्ष की शुभकामनाएं दी। श्री डेका ने भी उन्हें नववर्ष की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। श्री डेका ने इन अधिकारियों से केन्द्र शासन की फ्लैगशीप योजनाओं, राज्य शासन की योजनाओं की प्रगति, प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति आदि के संबंध में भी जानकारी ली।

  • राज्यपाल डेका को मिला फ्लावर शो का आमंत्रण

    राज्यपाल डेका को मिला फ्लावर शो का आमंत्रण

    रायपुर,

    राज्यपाल रमेन डेका से आज राजभवन में प्रकृति की ओर संस्था के अध्यक्ष मोहन वरल्यानी के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने सौजन्य भेंट की। उन्होंने राज्यपाल को नेहरू-गांधी उद्यान रायपुर में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय फ्लावर शो के लिए आमंत्रित किया। साथ ही बांस के कपड़े से बना तौलिया भेंट किया।

     राज्यपाल ने पर्यावरण और प्रकृति के संरक्षण के लिए संस्था के द्वारा किए जा रहे कार्याे की सराहना की। इस अवसर पर संस्था के  निर्भय धारीवाल, जयेश पिटालिया और डॉ. अनिल चौहान भी उपस्थित थे।

  • निशुल्क शारीरिक हेल्थ इवोल्यूशन-” के लिए किरण वर्मा सम्मानित, पतंजलि योग परिवार ने किया सम्मानित

    निशुल्क शारीरिक हेल्थ इवोल्यूशन-” के लिए किरण वर्मा सम्मानित, पतंजलि योग परिवार ने किया सम्मानित

     

    मनेन्द्रगढ़/एमसीबी

    योग, प्राणायाम के साथ पारस्परिक सहयोग, पर्यावरण जागरूकता एवं भारतीय संस्कृति के प्रति आदर भाव जगाने के लिए समर्पित -“पतंजलि योग समिति”द्वारा नए वर्ष की पहले प्रभात बेला में स्वास्थ्य कल्याण ,शिक्षा एवं सेवाओं के लिए निशुल्क हेल्थ चेकअप कैंप का आयोजन हेल्थ वेलनेस इवोल्यूशन की सुप्रसिद्ध चिकित्सक किरण वर्मा की उपस्थिति में किया गया। पतंजलि योग समिति की ओर से वरिष्ठ योग प्रशिक्षक सतीश उपाध्याय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सहायक नेत्र अधिकारी आर डी दीवान, एवं ईरा कर के द्वारा वेलनेस कोच एवं मिशन स्वास्थ्य परिवार की चिकित्सक किरण वर्मा का पुष्पगुच्छ द्वारा स्वागत किया गया।

    स्वास्थ्य कल्याण शिक्षा और सेवा के तहत निशुल्क परामर्श देते हुए किरण वर्मा ने वजन घटाने, ऊर्जा और स्वास्थ्य फिटनेस, स्वस्थ आहार योजना, स्वस्थ खान पान, त्वचा का स्वास्थ, मस्तिष्क एवं हड्डियों और जोड़ों का स्वास्थ हृदय एवं पाचन आंखों के स्वास्थ्य आदि के लिए उचित परामर्श दिया। कार्यक्रम में  जगदंबा अग्रवाल, रोशन जहां धर्मराज वर्मा, विवेक तिवारी,रामसेवक विश्वकर्मा , कोपनाथ शर्मा ,नसीमा बेगम, दिवाकर, आदि योग साधक उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में वेलनेस कोच एवं मिशन स्वास्थ्य परिवार से जुड़ी एवं शारीरिक हेल्थ इवोल्यूशन और परामर्श देने के लिए किरण वर्मा का पतंजलि योग समिति जिला एमसी बी परिवार की ओर से शाल श्रीफल से सम्मान किया गया। आभार प्रदर्शन कर डी दीवान एवं सतीश उपाध्याय द्वारा किया गया। संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी एवं वरिष्ठ योग प्रशिक्षक द्वारा किया गया।