Category: राज्य

  • महतारी वंदन की राशि से पुष्पा कर रही है अपने पति की मदद

    महतारी वंदन की राशि से पुष्पा कर रही है अपने पति की मदद

    महासमुंद

    महासमुंद अंतर्गत वार्ड नम्बर 04 की निवासी पुष्पा यादव  को महतारी वंदना योजना का नियमित लाभ मिल रहा है। प्रतिमाह एक हजार रुपए मिलने वाली राशि से न केवल उनके दैनिक जीवन की जरूरतें पूरा हो रही है, बल्कि मासिक राशन खर्च के लिए भी मददगार साबित हो रहा है। पुष्पा ने बताया कि वे इस राशि का उपयोग अपने पति के बढाई व्यवसाय में उपयोग होने वाले सामग्रियों की खरीद के लिए भी कर रही है। इससे उनके मन सुकून के साथ एक नए आत्मविश्वास जागृत हुआ है। साथ ही अब उनके पति का व्यवसाय आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ रहा है।

        पुष्पा ने बताया कि जब भी वे अपने पति को परिश्रम करते देखती थी उनके मन में सहयोग की भावना जागृत होती थी लेकिन हाथ में पैसे नहीं होने के कारण वे सीधे मदद नहीं कर पा रही थी। महतारी वंदन की राशि मिलने से उन्होंने अपने पति के व्यवसाय के लिए कटर और रेंदा मशीन खरीदी जिससे उनके पति के बढ़ाई काम में गति आई। अब उनके पति गुणवत्तापूर्ण और तेज गति से कार्य करने में सक्षम हो गया है। उनके पति श्री संतोष यादव ने बताया कि महतारी वंदन योजना की राशि से मेरे व्यवसाय में गति आई है। अब मैं उसी सामग्री को कम समय में और सफाई के साथ बना लेता हूं। बेहतर काम करने के कारण अब मुझे काम की भी कमी नहीं रहती है। पुष्पा और उनके पति ने इस महत्वपूर्ण योजना के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय सहित शासन-प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित किया है।

    गौरतलब है कि राज्य शासन द्वारा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और स्वास्थ्य तथा पोषण स्तर में सुधार लाने के लिए महतारी वंदन योजना की शुरूआत की गई है। इस योजना के तहत प्रतिमाह 01 हजार रूपए महिलाओं के बैंक खाते में अंतरित की जाती है। योजना से महिलाओं में आत्मविश्वास जागृत हुआ है। जिले के लगभग 3 लाख 26 हजार महिलाएं इस योजना से लाभान्वित हो रही हैं। योजना अंतर्गत महतारी वंदन योजना की 10 किस्त की राशि जारी हो चुकी है।

  • गंगालूर एरिया कमेटी के डिप्टी कमांडर ने किया आत्मसमर्पण, 3 लाख का था इनामी

    गंगालूर एरिया कमेटी के डिप्टी कमांडर ने किया आत्मसमर्पण, 3 लाख का था इनामी

    दंतेवाड़ा

    नक्सल प्रभावित क्षेत्र दंतेवाड़ा में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. नक्सलियों के गंगालूर एरिया कमेटी के डिप्टी कमांडर ने आज आत्मसमर्ण कर दिया है. SP गौरव रॉय और CRPF डीआईजी राकेश कुमार के सामने लोन वर्राटू (घर वापसी अभियान) के तहत सरेंडर किया. आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली हुर्रा के सिर पर 3 लाख रुपए का ईनाम घोषित था.

    जानकारी के मुताबिक, आत्मसमर्पित माओवादी गंगालूर एरिया कमेटी अंतर्गत प्लाटून नंबर 12 में ए सेक्शन डिप्टी कमांडर के पद पर था सक्रिय. जिसने आज आत्मसमर्पण कर दिया है. आत्मसमर्पित नक्सली को सरकार 25 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि और 10 हजार की मासिक 3 वर्ष तक आर्थिक सहायता प्रदान करेगी. लोन वर्राटू अभियान के तहत अब तक 209 ईनामी माओवादी सहित कुल 889 माओवादी आत्मसमर्पण कर चुके है.

  • एनएचएम ने जारी किए पदस्थापन आदेश, 7 विशेषज्ञ चिकित्सक व 35 चिकित्सा अधिकारी होंगे नियुक्त

    एनएचएम ने जारी किए पदस्थापन आदेश, 7 विशेषज्ञ चिकित्सक व 35 चिकित्सा अधिकारी होंगे नियुक्त

    रायपुर: राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एनएचएम ने मंगलवार को 7 विशेषज्ञ चिकित्सकों और 35 चिकित्सा अधिकारियों की पदस्थापना आदेश जारी किए हैं। इनमें रायपुर संभाग के शासकीय अस्पतालों में 6, बिलासपुर संभाग में 12, सरगुजा संभाग में 5, बस्तर संभाग में 6 और दुर्ग संभाग में 6 चिकित्सा अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।

    मरीजों के इलाज में होगी सुविधा

    इन डॉक्टरों को संबंधित जिलों के पीएचसी, सीएचसी और जिला अस्पतालों में भेजा गया है। यह संविदा नियुक्ति है। इससे मरीजों के इलाज में सुविधा होगी। विशेषज्ञ डॉक्टरों में डॉ. अमिताभ लालजी साहू जिला अस्पताल बेमेतरा, डॉ. क्षमा चोपड़ा कवर्धा, डॉ. निकिता खेस जांजगीर, डॉ. अनु अनि जॉन मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, डॉ. शोएब खान पंडरी रायपुर, डॉ. नील माधव गवेल रायगढ़ और डॉ. महिमा निधि जॉर्ज को मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में पदस्थ किया गया है।

    ये डॉक्टर शामिल

    रायपुर संभाग के चिकित्सा अधिकारियों में डॉ. भारती ठाकुर, डॉ. हारिस चौधरी, डॉ. अजीत कुमार पटेल, डॉ. ओजस्वी गौतम, डॉ. अनूप कुमार मेहर, डॉ. शिवेंद्र सिंह मरई शामिल हैं। इसी तरह बिलासपुर संभाग के लिए डॉ. रिशा जोगी, डॉ. अरशद आलम, डॉ. जीनत शेख, डॉ. प्रतीक्षा सिंह, डॉ. लता गुप्ता, डॉ. प्रवीण कुमार, डॉ. तेजस्विनी सोनी, डॉ. राजेश्वर प्रसाद कश्यप, डॉ. वीरेंद्र कुमार सारवा, डॉ. राजेंद्र कुमार साहू, डॉ. सुयश आंचल, डॉ. अनुराग यादव शामिल हैं।

    सरगुजा संभाग के लिए डॉ. अभिषेक जयसवाल, डॉ. निहारिका कुशवाह, डॉ. अंकिता बड़ा, डॉ. आकांक्षा मिंज, डॉ. अनुराग सिंह यादव शामिल हैं। दुर्ग संभाग के क्रम में डॉ. प्रखर जंघेल, डॉ. मुकेश कुमार वर्मा, डॉ. नेहा रामटेके, डॉ. असमीन निशा, डॉ. शेमन सिंह ठाकुर, डॉ. सूर्य प्रताप सिंह ठाकुर हैं। बस्तर संभाग में डॉ. प्रीति भवानी, डॉ. कविता नाग, डॉ. वैशाली साहू, डॉ. मेहुल पटेल, डॉ. गिरधर गोपाल यादव और डॉ. अतुल राज खटीक को पदस्थ किया गया है।

  • गन्ना किसानों के अध्ययन दल को महाराष्ट्र के लिए डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने किया रवाना

    गन्ना किसानों के अध्ययन दल को महाराष्ट्र के लिए डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने किया रवाना

    कवर्धा

    छत्तीसगढ़ के डिप्टी मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आज गन्ना किसानों के एक अध्ययन दल को महाराष्ट्र के लिए रवाना किया. इस दल में भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना और सरदार पटेल सहकारी शक्कर कारखाना के कार्यक्षेत्र के शतक से अधिक किसान शामिल हैं. यह यात्रा किसानों को गन्ने की आधुनिक खेती की उन्नत तकनीकों से परिचित कराने के उद्देश्य से आयोजित की गई है.

    इस दौरान डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने अपने संबोधन में किसानों को कृषि के क्षेत्र में नई जानकारियों और तकनीकों के महत्व को बताया. उनके साथ प्राधिकृत अधिकारी और कलेक्टर गोपाल वर्मा भी उपस्थित थे, जिन्होंने बताया कि यह यात्रा किसानों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसके माध्यम से वे गन्ने की खेती में नवीनतम अनुसंधान और तकनीकी जानकारी हासिल करेंगे.

    यह अध्ययन दल 1 जनवरी की सुबह कवर्धा से प्रस्थान कर महाराष्ट्र के पुणे स्थित वसंत दादा पाटिल शुगर इंस्टीट्यूट पहुंचेगा, जहां किसानों को एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा. इस प्रशिक्षण में गन्ने की आधुनिक किस्मों, अधिक उत्पादन और उच्च रिकवरी प्राप्त करने की तकनीकों के बारे में जानकारी दी जाएगी. इसके बाद किसान महाराष्ट्र के पड़ेगांव गन्ना रिसर्च सेंटर और बारामती कृषि विज्ञान केंद्र का दौरा करेंगे, जहां उन्हें गन्ने की खेती में अनुसंधान आधारित नवीनतम तकनीकों की जानकारी मिलेगी.

    यात्रा के दौरान किसान पंढरपुर स्थित शक्कर कारखाने का भी भ्रमण करेंगे और शक्कर उत्पादन की प्रक्रिया को गहराई से समझेंगे. इसके बाद, सतारा में किसानों के साथ एक विशेष बैठक का आयोजन किया जाएगा, जिसमें गन्ने की खेती से जुड़े व्यावहारिक अनुभवों का आदान-प्रदान किया जाएगा.

    इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य किसानों को गन्ने की खेती में आधुनिक तकनीकों के बारे में जानकारी देना है, ताकि वे अपनी फसल में अधिक उत्पादन और बेहतर गुणवत्ता सुनिश्चित कर सकें. इससे न केवल किसानों की आय में वृद्धि होगी, बल्कि जिले में गन्ना उत्पादन को एक नई दिशा भी मिलेगी.

    इस अवसर पर दोनों शक्कर कारखानों के प्रबंधसंचालक, कैलाश चंद्रवंशी, भारतीय किसान संघ के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे.

  • माप तौल अधिकारी ने कांटा घरों का किया निरीक्षण, कहा केस होगा

    माप तौल अधिकारी ने कांटा घरों का किया निरीक्षण, कहा केस होगा

    रांची। सीसीएल एनके एरिया में वजन हेरा-फेरी मामले को लेकर मंगलवार को रांची माप तौल विभाग की महिला इंस्पेक्टर अधिकारी संगीता बाड़ा ने खलारी के सीसीएल इलाके के कांटा घरों की जांच की। उन्होंने कहा कि मामले में सीसीएल अधिकारी, वार्षिक मरम्मत का काम करनेवाली कंपनी और कांटा घरों की सुरक्षा में लगे सीआईएसएफ के जवानों के खिलाफ कार्रवाई जाएगी। इससे पहले केडीएच के तीन नंबर कांटा घर को छोड़कर सभी कांटा घरों के अंदर जाकर जांच की और संबंधित विभाग के कर्मी और अधिकारियों से जानकारी हासिल की। इस दौरान इंस्पेक्टर संगीता बाड़ा ने वजन हेरा-फेरी मामले को लेकर सीसीएल की जांच टीम द्वारा दो कांटा घरों में लगी मशीन को खोलकर जांच करने पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि सीसीएल की जांच टीम के अधिकारी ने मुझे यह बताया था कि कांटा घर में कुछ गड़बड़ी है। उसकी मशीन को खोलकर चेक करना है। लेकिन यहां दो और कांटा घरों की मशीन को खोलकर उसके पॉर्ट्स को ले जाया गया है। बिना माप तौल विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में मशीन को खोला जाना अपराध की श्रेणी में आता है। इसके लिए जांच टीम, वहां पर काम करनेवाले कर्मी और सुरक्षाकर्मी के खिलाफ मामला बनता है। रिपोर्ट तैयार कर ली गई है अनुमोदन के बाद उसे कोर्ट में भेजा जाएगा।

  • 09371/09372 डॉ. अंबेडकर नगर-बलिया-डॉ.  अंबेडकर नगर महाकुंभ मेला विशेष ट्रेन (04-04 ट्रिप)

    09371/09372 डॉ. अंबेडकर नगर-बलिया-डॉ. अंबेडकर नगर महाकुंभ मेला विशेष ट्रेन (04-04 ट्रिप)

    भोपाल: रेल प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं एवं यात्रियों को सुगम, सुरक्षित एवं आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महाकुंभ मेला विशेष ट्रेनें संचालित की जा रही हैं। इसी कड़ी में, गाड़ी संख्या 09371/09372 डॉ.  अंबेडकर नगर – बलिया – डॉ.  अंबेडकर नगर महाकुंभ मेला विशेष ट्रेन 04-04 ट्रिप चलाई जा रही है, जो भोपाल मंडल के संत हिरदाराम नगर, विदिशा, गंजबासौदा एवं बीना स्टेशनों पर ठहरकर गंतव्य तक जाएगी।

    गाड़ी संख्या 09371 डॉ. अंबेडकर नगर-बलिया महाकुंभ मेला विशेष ट्रेन (04 ट्रिप)
    गाड़ी संख्या 09371 डॉ.  अंबेडकर नगर-बलिया महाकुंभ मेला विशेष ट्रेन दिनांक 22, 25 जनवरी 2025 एवं 8, 22 फरवरी 2025 को डॉ. अंबेडकर नगर स्टेशन से दोपहर 13.45 बजे प्रस्थान कर, 19.10 बजे संत हिरदाराम नगर, 20.40 बजे विदिशा, 21.10 बजे गंजबासौदा, 23.05 बजे बीना एवं मार्ग के अन्य स्टेशनों से होते हुए अगले दिन शाम 19.15 बजे बलिया स्टेशन पहुंचेगी।

    भोपाल मंडल के संत हिरदाराम नगर, विदिशा, गंजबासौदा एवं बीना स्टेशन से होकर गुजरेगी

    गाड़ी संख्या 09372 बलिया-डॉ.  अंबेडकर नगर महाकुंभ मेला विशेष ट्रेन (04 ट्रिप)
    गाड़ी संख्या 09372 बलिया-डॉ.  अंबेडकर नगर महाकुंभ मेला विशेष ट्रेन दिनांक 23, 26 जनवरी 2025 एवं 9, 23 फरवरी 2025 को रात्रि 23.45 बजे बलिया स्टेशन से प्रस्थान कर, अगले दिन 21.55 बजे बीना, 22.36 बजे गंजबासौदा, 23.06 बजे विदिशा, अगले दिन 00.15 बजे संत हिरदाराम नगर एवं मार्ग के अन्य स्टेशनों से होते हुए तीसरे दिन सुबह 05.30 बजे डॉ.  अंबेडकर नगर स्टेशन पहुंचेगी।

    गाड़ी के हाल्ट:

    रास्ते में यह गाड़ी दोनों दिशाओं में इंदौर जंक्शन, उज्जैन जंक्शन, शुजालपुर, संत हिरदाराम नगर, विदिशा, गंजबासौदा, बीना जंक्शन, लालितपुर जंक्शन, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी जंक्शन, उरई, गोविंदपुरी, फतेहपुर, प्रयागराज जंक्शन, मिर्जापुर, चुनार, वाराणसी, जौनपुर जंक्शन, औंरीहार जंक्शन, गाजीपुर सिटी स्टेशनों पर रुकेगी।

    कोच संरचना:

    इस विशेष ट्रेन में 12 शयनयान श्रेणी, 02 सामान्य श्रेणी, 03 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी एवं 01 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के डिब्बे सहित कुल 20 डिब्बे होंगे।

    यात्रियों से अनुरोध है कि असुविधा से बचने के लिए रेलवे द्वारा अधिकृत रेलवे पूछताछ सेवा NTES/139 से गाड़ी की सही स्थिति की जानकारी पता करके तदनुसार यात्रा प्रारम्भ करें।उक्त विशेष ट्रेनों के विस्तृत समय और ठहराव की विस्तृत जानकारी हेतु कृपया www.enquiry.indianrail.gov.in पर जाएं या एनटीईएस ऐप डाउनलोड करें।

  • भूमि रामतलीकरण से हेमला नंदा के जीवन में आई ख़ुशहाली

    भूमि रामतलीकरण से हेमला नंदा के जीवन में आई ख़ुशहाली

    कसान की आर्थिक समस्या का हुआ समाधान, समतलीकरण से मरान भूमि में उगा धान

    सुकमा,

    कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशन तथा जिला सीईओ श्रीमती नम्रता जैन के मार्गदर्शन में जिले में हितग्राहीमूलक कार्यों को गुणवत्तापूर्ण समयसीमा में पूर्ण किया जा रहा है। इसका सकारात्मक असर गांव और ग्रामीणों में आसानी से देखा जा रहा है।

           कोंटा विकासखंड के ग्राम पंचायत सामस‌ट्टी के ग्रामीण हेमला नंदा पिता जोगा के पास लगभग 01 एकड़ भूमि मरान पड़ी हुई थी। जमीन होने के बावजूद भी जमीन फसल के लायक नहीं थी जिसके लिए हितग्राही द्वारा ग्राम पंचायत में मनरेगा के अंतर्गत भूमि समतलीकरण के लिए विधिवत आवेदन किया गया। कार्य स्वीकृत होने पश्चात् ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव और रोजगार सहायक द्वारा विशेष रूची लेकर भूमि समतलीकरण कार्य को समयावधि में पूर्ण किया गया।

          पूर्व में हितग्राही हेमला नंदा की भूमि बंजर पड़ी हुई थी जिसका भूमि रामतलीकरण किया गया। उनके द्वारा भूमि समतलीकरण के उपरांत अपने खेत में धान फसल का उत्पादन किया जा रहा है और उत्पादित फसल को धान उपार्जन केंद्र के माध्यम से बेचा जा रहा है। इससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है और घर-परिवार में खुशहाली आ रही है। फसल उत्पादन के द्वारा आय के अतिरिक्त स्रोत मिल जाने से परिवार के सभी सदस्य खुश हैं।

           भूमि समतलीकरण होने पर हितग्राही हेमला नंदा के द्वारा छत्तीसगढ़ सरकार के मुखिया विष्णुदेव साय और शासन-प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

  • सीएम आतिशी का दावा, ‘भाजपा हिंदू और बौद्ध मंदिरों को ध्वस्त करने की योजना बना रही है’

    सीएम आतिशी का दावा, ‘भाजपा हिंदू और बौद्ध मंदिरों को ध्वस्त करने की योजना बना रही है’

    दिल्ली: दिल्ली की सीएम आतिशी ने कहा, 'बीजेपी की केंद्र सरकार दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में हिंदू मंदिरों और बौद्ध मंदिरों को तोड़ने की योजना बना रही है. एक धार्मिक समिति है, जो मंदिरों को शिफ्ट करने या उन्हें तोड़ने के बारे में फैसला लेती है. यह दिल्ली सरकार के गृह मंत्री के अधीन आती थी. पिछले साल तक इस समिति के सभी फैसले पहले गृह मंत्री के सामने रखे जाते थे और उनकी मंजूरी के बाद ही कोई कार्रवाई होती थी, लेकिन पिछले साल दिल्ली के एलजी ने आदेश दिया कि किसी भी धार्मिक स्थल को तोड़ना कानून व्यवस्था का मामला है और इसलिए यह दिल्ली के एलजी के अधीन आता है और इसलिए दिल्ली के सीएम या गृह मंत्री का इससे कोई लेना-देना नहीं है.'

    आतिशी ने कहा, 'अब धार्मिक समिति सीधे दिल्ली एलजी के अधीन है. समिति के अध्यक्ष गृह विभाग के प्रमुख सचिव हैं और वह समिति के सुझावों को मंजूरी के लिए सीधे दिल्ली एलजी के पास भेजते हैं. धार्मिक समिति की बैठक 22 नवंबर को हुई थी. कल एलजी के कार्यालय ने मीडिया को बताया कि मंदिरों को तोड़ने का कोई आदेश नहीं है, लेकिन यह झूठ है. 22 नवंबर को हुई बैठक में वेस्ट पटेल नगर, दिलशाद गार्डन, सीमापुरी, गोकलपुरी, न्यू उस्मानपुर और सुल्तानपुरी में स्थित कई मंदिरों और सुंदर नगरी में स्थित एक बौद्ध मंदिर को गिराने का फैसला लिया गया था। यह सब बैठक के मिनट्स में है। दिल्ली के एलजी ने इसे मंजूरी दे दी है और अब डीएम और एसडीएम इन मंदिरों को गिराने की तैयारी कर रहे हैं।'

    आतिशी ने कहा

    आतिशी ने आगे कहा, 'आप और अरविंद केजरीवाल ने पुजारियों और ग्रंथियों को 18 हजार रुपये वेतन देने की घोषणा की है। भाजपा मंदिरों को गिराने की योजना बना रही है। धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए तोड़फोड़ की कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए। किसी भी भगवान की मूर्ति या बौद्ध मंदिर को नहीं तोड़ा जाना चाहिए।'

  • मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर नए वर्ष में मरीजों को मिलेगी बेहतर सुविधाएं

    मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर नए वर्ष में मरीजों को मिलेगी बेहतर सुविधाएं

    स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के निर्देश पर रायगढ़ मेडिकल कालेज चिकित्सालय के सुविधाओं में किया गया विस्तार

    आयुष्मान योजना कक्ष का विस्तार, आईपीडी मरीजों  के लिए अलग से पर्ची कटवाने की आवश्यकता नहीं, फीडबैक के लिए लगाई गयी सुझाव पेटी

    रायपुर

    रायगढ़ मेडिकल कालेज 35मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की पहल पर शासकीय अस्पतालों में आम नागरिकों को मिलने वाली चिकित्सा सुविधाओं में लगातार विस्तार किया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल के निर्देश पर नए वर्ष की शुरूआत में ही चिकित्सा सुविधाओं की सभी लोगों को सुगम एवं सहज उपलब्धता सुनिश्चित हो सके, यह प्रयास किया जा रहा है। स्व.श्री लखीराम अग्रवाल स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध संत बाबा गुरु घासीदास जी स्मृति शासकीय चिकित्सालय रायगढ़ में शहीद वीर नारायण सिंह आयुष्मान स्वास्थ्य योजना की सुविधा हेतु सभी तलों (फ़्लोर )में कक्ष का शुभारंभ 1 जनवरी 2025 को किया गया है।  वित्त मंत्री और रायगढ़ के स्थानीय विधायक श्री ओ. पी. चौधरी ने स्वास्थ्य सेवाओं की सुगम उपलब्धता हेतु किया जा रहे इस पहल का स्वागत किया है।

    मेडिकल कालेज रायगढ़ के अधिष्ठाता डॉ. विनित कु‌मार जैन एवं अस्पताल अधीक्षक डॉ. एम. के. मिंज के अनुसार इस सुविधा विस्तार से भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों को काफी सुविधा होगी।इससे अनावश्यक भीड़ एवं कतार का सामना नहीं करना पड़ेगा और समय की बचत होगी।  पूर्व में यह सुविधा सिर्फ एमआरडी के रजिस्ट्रेशन ओपीडी काऊंटर के समीप ही उपलब्ध थी। अस्पताल अधीक्षक डॉ. एम के मिंज के अनुसार आयुष्मान योजना कक्ष के विस्तार के साथ ही चिकित्सालय में अब ओपीडी , आईपीडी मरीज़ के जाँच के लिये अलग से जाँच पर्ची कटवाने की आवश्यकता नहीं हैं।  सभी जांच पूर्णतः निःशुल्क है।  ओपीडी की 10 रुपये की पंजीयन पर्ची एवं आईपीडी मरीज के लिये 85 रुपये की पर्ची के अलावा अलग से पर्ची कटवाने की आवश्यकता नहीं हैं।  इसके संबंध में आदेश भी जारी कर दिया गया है।

    इसके साथ ही एक नई पहल करते हुए चिकित्सालय में सुझाव एवं शिकायत पेटी (बॉक्स) की व्यवस्था की गई है । साथ ही वार्ड में भर्ती मरीज के इलाज के सम्बन्ध में प्रतिदिन  चिकित्सा सामाजिक कार्यकर्ता  और व्यावसायिक सलाहकार द्वारा  फीडबैक लिया जा रहा है। सुझाव एवं शिकायत पेटी में प्राप्त पत्र एवं फीडबैक को अस्पताल प्रबंधन द्वारा समिति में रख कर उसका निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

  • 09031/09032 उधना-बलिया-उधना महाकुंभ मेला विशेष ट्रेन (02-02 ट्रिप)

    09031/09032 उधना-बलिया-उधना महाकुंभ मेला विशेष ट्रेन (02-02 ट्रिप)

    भोपाल: रेल प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं एवं यात्रियों को सुगम, सुरक्षित एवं आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महाकुंभ मेला विशेष ट्रेनें संचालित की जा रही हैं। इसी कड़ी में, गाड़ी संख्या 09031/09032 उधना – बलिया – उधना महाकुंभ मेला विशेष ट्रेन 02-02 ट्रिप चलाई जा रही है, जो भोपाल मंडल के संत हिरदाराम नगर, विदिशा, गंजबासौदा एवं बीना स्टेशनों पर ठहरकर गंतव्य तक जाएगी।

    गाड़ी संख्या 09031 उधना-बलिया महाकुंभ मेला विशेष ट्रेन (02 ट्रिप)
    गाड़ी संख्या 09031 उधना-बलिया महाकुंभ मेला विशेष ट्रेन दिनांक 17 जनवरी 2025 एवं 16 फरवरी 2025 को उधना स्टेशन से सुबह 06.40 बजे प्रस्थान कर, 19.10 बजे संत हिरदाराम नगर, 20.40 बजे विदिशा, 21.10 बजे गंजबासौदा, 23.05 बजे बीना एवं मार्ग के अन्य स्टेशनों से होते हुए अगले दिन शाम 19.00 बजे बलिया स्टेशन पहुंचेगी।

    भोपाल मंडल के संत हिरदाराम नगर, विदिशा, गंजबासौदा एवं बीना स्टेशन से होकर गुजरेगी

    गाड़ी संख्या 09032 बलिया-उधना महाकुंभ मेला विशेष ट्रेन (02 ट्रिप)
    गाड़ी संख्या 09032 बलिया-उधना महाकुंभ मेला विशेष ट्रेन दिनांक 18 जनवरी 2025 एवं 17 फरवरी 2025 को रात्रि 23.30 बजे बलिया स्टेशन से प्रस्थान कर, अगले दिन 21.55 बजे बीना, 22.36 बजे गंजबासौदा, 23.06 बजे विदिशा, तीसरे दिन 00.15 बजे संत हिरदाराम नगर एवं मार्ग के अन्य स्टेशनों से होते हुए दोपहर 12.45 बजे उधना स्टेशन पहुंचेगी।

    गाड़ी के हाल्ट

    रास्ते में यह गाड़ी दोनों दिशाओं में भरूच जंक्शन, विश्वामित्री, वडोदरा जंक्शन, गोधरा जंक्शन, दाहोद, रतलाम जंक्शन, नागदा जंक्शन, उज्जैन जंक्शन, शुजालपुर, संत हिरदाराम नगर, विदिशा, गंजबासौदा, बीना जंक्शन, लालितपुर जंक्शन, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी जंक्शन, उरई, गोविंदपुरी, फतेहपुर, प्रयागराज जंक्शन, मिर्जापुर, चुनार, वाराणसी जंक्शन, जौनपुर जंक्शन, औंरीहार जंक्शन, गाजीपुर सिटी स्टेशनों पर रुकेगी।

    कोच संरचना

    इस विशेष ट्रेन में 12 शयनयान श्रेणी, 02 सामान्य श्रेणी, 03 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी एवं 01 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के डिब्बे सहित कुल 20 डिब्बे होंगे।

    यात्रियों से अनुरोध है कि असुविधा से बचने के लिए रेलवे द्वारा अधिकृत रेलवे पूछताछ सेवा NTES/139 से गाड़ी की सही स्थिति की जानकारी पता करके तदनुसार यात्रा प्रारम्भ करें।उक्त विशेष ट्रेनों के विस्तृत समय और ठहराव की विस्तृत जानकारी हेतु कृपया www.enquiry.indianrail.gov.in पर जाएं या NTES ऐप डाउनलोड करें।