Author: News Desk

  • रायपुर : छत्तीसगढ़ के सर्वांगीण विकास के लिए ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों का समन्वित विकास जरूरी : मुख्यमंत्री साय

    रायपुर : छत्तीसगढ़ के सर्वांगीण विकास के लिए ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों का समन्वित विकास जरूरी : मुख्यमंत्री साय

    • रायपुर : छत्तीसगढ़ के सर्वांगीण विकास के लिए ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों का समन्वित विकास जरूरी : मुख्यमंत्री साय
    • छत्तीसगढ़ के सर्वांगीण विकास के लिए ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों का समन्वित विकास जरूरी : मुख्यमंत्री साय
    • मुख्यमंत्री नगरीय विकास के सोपान कार्यक्रम में हुए शामिल : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 103 परिजनों को सौंपें अनुकम्पा नियुक्ति पत्र
    • विभिन्न नगरीय निकायों में 155 करोड़ 38 लाख रुपए के 813 कार्यों का शिलान्यास  और 15 करोड़ 25 लाख रुपए के 70 कार्यों का किया गया लोकार्पण
    • क्लीन टायलेट कैम्पेन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रदेश के 14 नगरीय निकाय हुए सम्मानित
    • मुख्यमंत्री ने स्वच्छता दीदियों के मानदेय में 800 रूपये की वृद्धि की घोषणा की : अब स्वच्छता दीदियों को हर महीने मिलेगा 8 हजार रूपये मानदेय

    रायपुर

    मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम के आशीर्वाद से छत्तीसगढ़ विकसित राज्य बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर है। हमारी सरकार को अभी तेरह महीने ही हुए हैं। इस बीच हमने सुशासन के लिए, संवेदनशीलता के साथ, जनसेवा के अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार गठन के साथ ही हम लोगों ने सभी वर्गों के विकास के साथ ही शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किया है। इससे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में अधोसंरचना का विकास, स्वच्छता, स्वच्छ पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं में वृद्धि हुई है। हमारा पहला साल सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़े हुए लोगों के विकास के लिए समर्पित रहा। प्रदेश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए। सभी वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर काम कर रहे हैं। हमारी सरकार ने यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की अधिकांश गारंटियों को एक साल के भीतर ही पूरा कर दिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित ’नगरीय विकास के सोपान’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के मुखिया प्रधानमंत्री से लेकर गांव के सरपंच तक विकास की सोच रखने वाले जनप्रतिनिधि होंगे तो सबका साथ, सबका विकास मूलमंत्र के साथ छत्तीसगढ़ का सर्वांगीण विकास होकर ही रहेगा। उन्होंने कहा कि गांव और नगरीय क्षेत्र का समन्वित विकास होना चाहिए, इसके लिए मानव संसाधन की पर्याप्त उपलब्धता आवश्यक है। नगरीय निकायों में अनुकम्पा नियुक्ति के संबंध में लम्बे समय से मांग की जा रही थी। हमने संवेदनशीलता के साथ विचार कर इसके लिए नए पद भी स्वीकृत किए हैं। नगरीय विकास के सोपान कार्यक्रम में हम लोग आज 103 पदों पर अनुकंपा नियुक्ति का आदेश पत्र अभी वितरण किए हैं। हमारा प्रयास है कि प्रदेश में रोजगार के अवसर बढ़े और ज्यादा से ज्यादा युवा आत्मनिर्भर हों। हमारी सरकार ने नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग और विभिन्न नगरीय निकायों में अनुकम्पा नियुक्ति के लिए 353 पदों की स्वीकृति प्रदान की है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न नगरीय निकायों में 155 करोड़ 38 लाख रुपए के 813 कार्यों का शिलान्यास  और 15 करोड़ 25 लाख रुपए के 70 कार्यों का लोकार्पण अभी यहां पर हुआ है। 6 नगरीय निकायों तखतपुर, रतनपुर, भानुप्रतापुर, छुरिया, मल्हार ओर खोंगापानी में अमृत मिशन-2.0 के तहत 270 करोड़ रूपये की लागत से बनने वाले जल प्रदाय योजनाओं का शिलान्यास भी हम लोगों ने यहां पर किया है। इन नगरीय निकायों में 20 हजार 511 निजी नल कनेक्शन दिए जाएंगे। इससे हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का संकल्प मूर्तरूप लेने वाला है।

    स्वच्छ भारत अभियान में सभी की सहभागिता से नगरीय क्षेत्रों में बड़ी सफलता मिल रही है। स्वच्छता को प्रोत्साहित करने के लिए हम लोग समय-समय पर उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित भी कर रहे हैं। ऐसे ही मिशन क्लीन सिटी के अंतर्गत क्लीन टायलेट कैम्पेन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रदेश के 14 नगरीय निकायों को आज हम लोग सम्मानित कर रहे हैं। अंबिकापुर, छुरा, छुरिया, डोंगरगढ़, कोरबा, महासमुंद, रायपुर, राजनांदगांव, बिलासपुर, मंदिर हसौद और चंदखुरी आदि नगरीय निकायों को आज पुरस्कृत किया जा रहा है। इन्हें सम्मानित करके हम खुद भी गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरों में स्वच्छता और डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन करने में स्वच्छता दीदियों का बड़ा योगदान है। इनके लगन और मेहतन से ही स्वच्छता मिशन सफल हो पा रहा है। स्वच्छता दीदियों का सम्मान, इनके योगदान को प्रोत्साहन देता है। हम इनका सम्मान करके खुद भी सम्मानित महसूस कर रहे हैं। राज्य के नगरीय निकायों में इस समय स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत  9 हजार से अधिक स्वच्छता दीदी कार्यरत हैं। इन्हें 7200 रुपये मानदेय दिया जाता है। मुझे यह बताते हुए अत्यंत खुशी हो रही है कि स्वच्छता दीदियों के मानदेय में आज 800 रूपये की बढ़ोत्तरी की जा रही है। अब स्वच्छता दीदियों को हर महीने 8 हजार रूपये मानदेय मिलेगा।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का सपना है कि कोई भी भारतीय खुले आसमान के नीचे नहीं सोएगा। हर नागरिक का पक्का मकान होगा। मोदी जी की गारंटी के मुताबिक छत्तीसगढ़ में 13 दिसंबर को हमारी सरकार बनते ही, हमने 14 दिसंबर 2023 को पहले कैबिनेट की बैठक में पहला निर्णय 18 लाख प्रधानमंत्री आवास की मंजूरी का लिया। हमें प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए डबल इंजन की सरकार में भरपूर सहयोग मिल रहा है। बीते दिनों केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हमें दुर्ग में बड़ी संख्या में प्रधानमंत्री आवास की सौगात दी। अगले वित्तीय वर्ष के लिए उन्होंने 3 लाख अतिरिक्त आवास की स्वीकृति भी दी है। प्रधानमंत्री आवास 2024 प्लस योजना में सर्वे का काम प्रारंभ हो गया है। इसका लाभ अब उन लोगों को भी मिलेगा, जिनके पास दोपहिया वाहन है। जिनके पास ढाई एकड़ तक सिंचित और पांच एकड़ तक असिंचित खेती है, उन्हें भी प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलेगा। जिनकी मासिक आय 15 हजार रूपये तक है, उन्हें भी योजना का लाभ मिलेगा। इसके लिए ऑनलाइन और सुगम सर्वेक्षण की व्यवस्था भारत सरकार ने की है। अब घर बैठे ही मोबाइल एप के माध्यम से पात्रता संबंधी पंजीयन करा सकते हैं।

    उन्होंने कहा कि इस समय प्रयागराज में महाकुंभ का भव्य आयोजन चल रहा है। यह शुभ संयोग 144 साल बाद बना है। छत्तीसगढ़ के तीर्थयात्री भी इसका लाभ उठायें, इसके लिए हमारी सरकार ने मेला स्थल में विशेष व्यवस्था की है। हमारे प्रदेश से जो भी श्रद्धालु महाकुंभ में जा रहे हैं। वहां उनके लिए ठहरने की अच्छी व्यवस्था है। खाने और नाश्ते का भी इंतजाम किया गया है। आप सभी को हम महाकंुभ में स्नान के लिए आमंत्रित कर रहे हैं।

    मोदी जी की एक गारंटी प्रदेश के पांच लाख से अधिक भूमिहीन श्रमिकों को दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन श्रमिक योजना अंतर्गत 10 हजार रूपये देने की व्यवस्था हमारी सरकार ने की है। आज के कार्यक्रम में माता-बहनों की बड़ी संख्या में उपस्थिति है। यह इस बात का प्रमाण है कि इनके खाते में हर महीने एक-एक हजार रूपये सांय-सांय आ रहा है। इससे महिला सशक्तिकरण को बल मिला है।

    उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में काम करने वाली और सुशासन की सरकार है। विष्णु के सुशासन में किसी को निराश होने की जरूरत नहीं है। नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा प्रदेश के 23 नगरीय निकायों में मिशन अमृत 2.0 के अंतर्गत लगभग चार लाख जनसंख्या को शुद्व पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसके तहत माना कैम्प, कुम्हारी, मंदिर हसौद, सुकमा और कोंडागांव नगर पालिका तथा समोदा, चंदखुरी, कुंरा, नगरी, आमदी, फिंगेश्वर, गुण्डरदेही, अर्जुन्दा, बोदरी, राहोद, खरोद, शिवरीनारायण, सरिया, प्रेमनगर, भटगांव, झगराखंड, कुनकुरी और नरहरपुर नगर पंचायत में 1154 करोड़ रुपए की लागत की जलप्रदाय परियोजनाओं का योजनाबद्ध ढंग से क्रियान्वयन किया जा रहा है। वन मंत्री तथा रायपुर जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य में शहरी क्षेत्रों में लगातार विकास की गंगा बह रही है।

    इस अवसर पर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, विधायकगण सर्वराजेश मूणत, धर्मजीत सिंह, सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, गुरू खुशवंत साहेब, अनुज शर्मा और इन्द्रकुमार साहू, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस., संचालक आर. एक्का सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं नगरीय प्रशासन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी कार्यक्रम में उपस्थित थे।

  • मोतिहारी में बेखौफ बदमाशों ने ज्वैलरी शॉप में की 50 लाख डकैती, फायरिंग कर हुए फरार

    मोतिहारी में बेखौफ बदमाशों ने ज्वैलरी शॉप में की 50 लाख डकैती, फायरिंग कर हुए फरार

    मोतिहारी: मोतिहारी जिले में बेखौफ बदमाशों का तांडव जारी है. यहां बदमाशों ने एक ज्वैलरी शॉप में करीब 50 लाख की लूट की वारदात को अंजाम दिया है. घटना कोटवा थाना से चंद कदमो पर स्थित कोटवा बाजार की है. बताया जा रहा है कि डकैतों ने श्री लक्ष्मी साहेब ज्वेलर्स और एक बर्तन दुकान पर को अपना निशाना बनाया. डकैतों ने करीब 20 मिनट तक डकैती डाली और उसके बाद फायरिंग करके वहां से फरार हो गए. डकैती के दौरान जब इलाके के लोग जग गए और मौके पर पहुंचे तो डकैतो ने उन्हें हथियार की दम पर बंधक भी बना लिया था.

    पुलिस को आने में लगा 20 मिनट का समय
    डकैतों ने भीड़ पर फायरिंग शुरू कर दी और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए. बताया जा रहा है कि करीब 5 से 6 की संख्या में हथियारबंद डकैतों ने वारदात को अंजाम दिया है. बदमाशों ने 170 ग्राम सोना, 20 किलोग्राम चांदी के अलावा 5 लाख 80 हजार नकदी लूट ली है. बदमाशों ने भागते समय चौकीदार पर फायरिंग की. गनीमत रही कि उसको गोली नहीं लगी. गोलीबारी के दौरान चौकीदार ने भागकर अपनी जान बचाई. वारदात के दौरान स्थानीय लोगों ने पुलिस को भी फोन किया था. लेकिन पुलिस को आने में करीब 20 मिनट का वक्त लगा और तब तक अपराधी भाग चुके थे.

  • कर्नाटक बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष को लेकर मचा बवाल, विधायकों ने खोला मोर्चा

    कर्नाटक बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष को लेकर मचा बवाल, विधायकों ने खोला मोर्चा

    प्रभारी शिवराज सिंह बोले- नए प्रदेश अध्यक्ष के लिए कराया जाएगा चुनाव 

    बेंगलुरु। नए प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव से पहले कर्नाटक बीजेपी में गुटबाजी और कलह इतनी बढ़ गई है कि पार्टी के नेता सार्वजनिक सभाओं में एक-दूसरे की खिंचाई कर रहे हैं। कर्नाटक बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र के खिलाफ विधायक बसनगौड़ा आर पाटिल यतनाल और रमेश जारकीहोली ने मोर्चा खोल दिया है। विधायक जारकीहोली ने उन्हें बच्चा बताया और दावा किया वह लंबे समय तक पार्टी अध्यक्ष पद पर नहीं रहेंगे। 
    विजयेंद्र ने आरोप लगाया है कि दोनों विधायक कांग्रेस के इशारे पर पार्टी में कलह कर रहे हैं और उनके पिता बीएस येदियुरप्पा के खिलाफ अनाप-शनाप बोल रहे हैं। इसकी शिकायत केंद्रीय नेतृत्व से करेंगे ताकि उन्हें पार्टी से बाहर किया जा सके। कर्नाटक में बीजेपी के दो गुटों में लंबे समय से खींचतान चल रही है। कर्नाटक बीजेपी चीफ को लेकर बवाल मचा है। पार्टी के कई नेता और विधायक पार्टी में यदियुरप्पा के वर्चस्व को चुनौती दे रहे हैं। केंद्रीय मंत्री और कर्नाटक बीजेपी के प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने संकेत दिए हैं कि राज्य में नए प्रदेश अध्यक्ष के चयन के लिए चुनाव कराया जाएगा। इसके बाद से प्रदेश अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र के विरोधी गुट के नेता और मुखर हो गए। दोनों गुटों में जुबानी जंग छिड़ गई है। विजयेंद्र ने पूर्व सीएम येदियुरप्पा को भला-बुरा कहने के लिए गोकक विधायक रमेश जारकीहोली को चेतावनी दे दी है।
    विजयेंद्र ने कहा कि रमेश जारकीहोली को अपनी जुबान पर काबू रखें। येदियुरप्पा एक राजनेता और कार्यकर्ता हैं। उन्होंने अनंत कुमार के साथ मिलकर राज्य के कोने-कोने की यात्रा करके पार्टी का निर्माण किया है। जारकीहोली हाल ही में पार्टी में शामिल हुए हैं। दिग्गज नेता के बारे में अनाप-शनाप बोलकर वह पार्टी कार्यकर्ताओं की भावनाओं को ठेस पहुंचा रहे हैं। उन्होंने विधायक जारकीहोली को सलाह दी कि अगर उन्हें पार्टी के कामकाज से समस्या है तो दिल्ली में नेताओं के साथ बात करनी चाहिए।
    इसके जवाब में विधायक रमेश जारकीहोली ने बीवाई विजयेंद्र को चुनौती दे दी। उन्होंने कहा कि विजयेंद्र ने मुझे चेतावनी दी है कि मैं राज्य में कहीं भी स्वतंत्र रूप से नहीं घूम सकता। अब मैं शिकारीपुरा जाऊंगा और विजयेंद्र के घर के सामने अपना आंदोलन शुरू करूंगा। मैं कोई पुलिस या बंदूकधारी के साथ नहीं बल्कि अकेले जाऊंगा। बेलगावी में एक सार्वजनिक रैली में बोलते हुए जारकीहोली ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि विजयेंद्र, आप एक बच्चा हैं। आप प्रदेश अध्यक्ष नहीं रहेंगे। येदियुरप्पा हमारे नेता हैं और हमने हमेशा उनका सम्मान किया है। 
    दोनों विधायकों के बयान के बाद विजयेंद्र समर्थकों और पूर्व मंत्रियों एमपी रेणुकाचार्य और कट्टा सुब्रमण्य नायडू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यतनाल और जरकीहोली को पार्टी से निष्कासित करने की मांग की। विजयेंद्र समर्थकों ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष पहले ही राजनीति में अपनी पहचान बना चुके हैं और अपने संगठनात्मक कौशल के माध्यम से अपनी योग्यता साबित कर चुके हैं। उनके खिलाफ अब इस तरह की आलोचना बर्दाश्त नहीं करेंगे। इस बीच बीजेपी के राज्य महासचिव और पूर्व मंत्री वी सुनील कुमार संगठनात्मक पद छोड़ने की इच्छा जताई है। पार्टी सूत्रों ने का कहना है कि उन्हें अभी तक सुनील कुमार से इस संबंध में कोई औपचारिक अनुरोध नहीं मिला है।

  • भागलपुर के रिक्शा चलाने वाले पिता की बेटी मोनिका ने खो-खो वर्ल्ड कप में भारतीय महिला टीम को दिलवाया गोल्ड

    भागलपुर के रिक्शा चलाने वाले पिता की बेटी मोनिका ने खो-खो वर्ल्ड कप में भारतीय महिला टीम को दिलवाया गोल्ड

    भागलपुर: मेहनत कभी किसी पहचान का मोहताज नहीं होता. दिल्ली में हुए खोखो वर्ल्ड कप में भारतीय महिला टीम ने इस बात को प्रमाणित भी किया है. एक सब्जी बेचने वाले और भागलपुर की बेटी मोनिका के नेतृत्व में भारतीय महिला टीम फाइनल मैच खेल कर विश्व विजेता बनी है. मोनिका की इस उपलब्धि पर केवल भागलपुर ही नहीं, पूरा देश गौरवांवित हो रहा है. खोखो वर्ल्ड कप का फाइनल मैच 19 जनवरी की रात दिल्ली में खेला गया था. इसमें भारत की टीम ने प्रतिद्वंद्वी नेपाल को बड़े मार्जिन से हराकर जीत हासिल की है. इस प्रतियोगिता में भारतीय टीम को मोनिका ने शुरू से लीड दिलाई और आखिर में विजय हासिल किया. भागलपुर के नवगछिया अनुमंडल के गोपालपुर प्रखंड में डिमहा गांव निवासी विनोद साह की बेटी मोनिका ने इस मैच में 6 अंक हासिल किए. 13 तारीख से शुरू इस टुर्नामेंट में 11 नम्बर की जर्सी में मोनिका का बेहतर प्रदर्शन रहा. बेहद गरीब परिवार से आने वाली मोनिका के पिता कभी रिक्शा चलाकर तो कभी सब्जी बेचकर परिवार पालते हैं.

    प्रधानमंत्री आवास भी नहीं मिला
    गांव में मोनिका का घर आज भी मिट्टी और खपरैल का है और उसकी मां लकड़ी चूल्हे पर रसोई बनाती हैं. परिजनों के मुताबिक मोनिका के परिवार को अब तक न तो प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला है और ना ही उज्ज्वला योजना का. एक जर्जर मकान से निकलकर मोनिका ने देश और दुनिया में बिहार का मान बढ़ाया है. हालांकि अब तक बिहार सरकार ने उसकी कोई सुध नहीं ली है. पांच बच्चों में मोनिका शुरू से ही खेल में ही अपना करियर बनाना चाहती थी. उसके पिता ने भी विपरीत परिस्थिति के बावजूद उसे कभी रोका नहीं, बल्कि हमेशा उसका हौंसला बढ़ाया.

    घर में नहीं है गैस सिलेंडर
    अब विश्वकप जीतने पर मोनिका के घरवालों ने उसे वीडियो कॉल पर बात की और उसे जीत की बधाई दी है. मोनिका की मां जुदा देवी के मुताबिक एक समय ऐसा भी था कि मोनिका के पास खेलने के लिए जूता तक नहीं था. बावजूद इसके वह लगातार मेहनत और लगन से खेलती रही. उन्होंने बताया कि घर की माली हालत खराब हैं. उन लोगों कई बार प्रधानमंत्री आवास और उज्जवला योजना के लिए फार्म भरा लेकिन उन्हें अब तक सरकार की कोई सुविधा नहीं मिली है.

  • हयूदै क्रेटा इलेक्ट्रिक ऑटो एक्सपो 2025 में लॉन्च

    हयूदै क्रेटा इलेक्ट्रिक ऑटो एक्सपो 2025 में लॉन्च

    नई दिल्ली । हयूदै कंपनी ने बहुप्रतीक्षित इलेक्ट्रिक एसयूवी हयूदै क्रेटा इलेक्ट्रिक को ऑटो एक्सपो 2025 में लॉन्च कर दिया है। क्रेटा इलेक्ट्रिक दो बैटरी विकल्पों में आती है – 51.4केडब्ल्यूएच और 42केडब्ल्यूएच ।
    कंपनी का दावा है कि 51.4केडब्ल्यूएच  बैटरी पैक फुल चार्ज पर 472 किलोमीटर की रेंज देता है, जबकि 42केडब्ल्यूएच बैटरी 390 किलोमीटर तक चल सकती है। यह एसयूवी 0-100 किमी/घंटा की रफ्तार महज 7.9 सेकंड में पकड़ लेती है। फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करने वाली यह गाड़ी डीसी चार्जर से 58 मिनट में 10-80 प्रतिशत चार्ज हो जाती है, जबकि 11केडब्ल्यू होम चार्जर से 4 घंटे में पूरी तरह चार्ज हो जाती है। इसमें एडवांस फीचर्स का शानदार सेटअप है, जिसमें ड्यूल 10.25-इंच स्क्रीन, 8-स्पीकर बोस साउंड सिस्टम, ड्यूल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, हवादार सीट्स और कूल्ड स्टोरेज बॉक्स शामिल हैं।
     इसके अलावा, अडास-लिंक्ड रीजनरेटिव ब्रेकिंग सिस्टम, 6 एयरबैग, ऑल-व्हील डिस्क ब्रेक और हयूदै स्मार्टसेंस लेवल 2 अडास जैसे सुरक्षा फीचर्स इसे खास बनाते हैं। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 17.99 लाख रुपए रखी गई है। यह गाड़ी 5 वेरिएंट्स – एक्सीक्यूटिव, स्मार्ट, स्मार्ट (ओ), प्रीमियम और एक्सीलेंस में उपलब्ध है। इच्छुक ग्राहक इसे 25,000 रुपए के टोकन अमाउंट के साथ हयूदै डीलरशिप या ऑनलाइन बुक कर सकते हैं।

  • बक्सर निवासी को सूचना आयोग से 5 साल बाद मिला जवाब, व्यक्ति हुआ हैरान

    बक्सर निवासी को सूचना आयोग से 5 साल बाद मिला जवाब, व्यक्ति हुआ हैरान

    बक्सर: बक्सर के रहने वाले शिवप्रकाश राय ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकारी यात्रा से जुड़ी सूचना के साथ ही चार अन्य अलग-अलग सूचनाओं पर राज्य सूचना आयोग से जानकारी मांगी थी. इसमें उन्होंने 2005 से 2020 तक सीएम नीतीश कुमार के द्वारा की गई सरकारी यात्रा में हुए खर्च की जानकारी मांगी थी. इसके अलावा राज्य सूचना आयोग में विभिन्न पदों पर स्वीकृत कार्यबल और रिक्त पदों की संख्या, सूचना आयोग में पत्रकारिता के क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले किस प्रतिनिधि को रखा गया है. चाणक्य नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के तत्कालीन वीसी पर व्यय की गई राशि की जानकारी मांगी गई थी. शिवप्रकाश बताते हैं कि इन सभी सूचनाओं को देने के लिए RTI के माध्यम से उन्होंने मार्च 2020 में आवेदन लगाया था. इसके बारे में राज्य सूचना आयोग की तरफ से यह कहा गया है कि इस संबंध में अब सुनवाई की जाएगी.

    अब दिया गया है जवाब
    शिव प्रकाश बताते हैं कि करीब 5 साल के बाद राज्य सूचना आयोग की तरफ से जानकारी दी गई कि उनके द्वारा सूचना के अधिकार के तहत मांगी गई दो सूचनाओं की सुनवाई दिसंबर में और दो की सुनवाई जनवरी माह के अंत में होगी. इनमें दिसंबर महीने में सीएम नीतीश कुमार की यात्रा और सूचना आयोग में स्वीकृत कार्यबल और रिक्त कार्यबल की सुनवाई की जानकारी शामिल थी. इसमें भी दिसंबर महीने में जिन सूचनाओं के बारे में सुनवाई की बात कही गई थी, उनमें दो में से एक ही सूचना के बारे में सुनवाई होगी. दूसरी सूचना की सुनवाई कब होगी, इसके बारे में जानकारी नहीं दी गई है. वहीं जनवरी महीने में सूचना जनसंपर्क विभाग में मीडिया के प्रतिनिधि के लिए किसकी संस्तुति की गई थी और चाणक्य नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के तत्कालीन वीसी पर व्यय की गई राशि की जानकारी वाली सूचना पर सुनवाई की जानकारी दी गई.

    एक महीने में देनी होती है सूचना
    शिवप्रकाश कहते हैं कि सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत 30 दिनों में सूचना देनी होती है, नहीं तो प्रथम अपील होगा. इसके 70 दिन बाद अपीलीय अधिकारी भी सूचना नहीं दिला पाए तो मामला राज्य सूचना आयोग में चला जाता है. मेरी सूचना के मामले में भी यही हुआ है. 5 वर्ष होने जा रहा है. इसके लिए गठित शीर्ष आयोग ही इस कानून के बिंदुओं को अनदेखा कर रहा है. आयोग के स्तर से न सूचना मिल पा रही है और न ही दोषी अधिकारी दंडित हो रहे हैं. वह आरोप लगाते हुए कहते हैं कि सरकार ने जान-बूझकर वैसे लोगों को आयुक्त बनाया है, जो इस कानून को खत्म कर दें. प्रति वर्ष करीब 10 करोड़ रुपए का खर्च इस आयोग के संचालन में होता है. अगर सही वक्त पर सूचना ही नहीं मिले तो ऐसे आयोग को बंद ही कर देना चाहिए. इससे जनता की गाढ़ी कमाई का पैसा तो बच जाता.

    आयोग की आगे की कार्रवाई का इंतजार
    शिवप्रकाश बताते हैं कि इनमें एक मामला, सूचना आयोग में स्वीकृत कार्यबल और रिक्त कार्यबल की सुनवाई हुई, लेकिन सीएम नीतीश कुमार की यात्रा की जानकारी नहीं दी गई. वह कहते हैं कि सूचना कमीश्नर ने उनसे ही सवाल किया है कि आप बताएं कि प्रावधान क्या है, फंड कैसे मिलता है?. शिव प्रकाश कहते हैं कि पहले सूचना आयोग में डबल बेंच, ट्रिपल बेंच भी हुआ करता था. उद्देश्य यही होता था कि अगर किसी सूचना से आवेदक संतुष्ट नहीं है. तो वह मुख्य सूचना आयुक्त उसकी सुनवाई करे या फिर डबल या ट्रिपल बेंच को बनाकर के सुनवाई करे. पहले यह प्रक्रिया थी,अगर सुनवाई के बाद जो जवाब मुझे मिला. वह संतोषजनक रहा तो ठीक है नहीं तो फिर मैं आगे की प्रक्रिया का सहारा लूंगा.

  • इंदिरा गांधी हवाई अड्डे पर विदेशी करेंसी का मामला, 1.35 करोड़ नकदी की बरामद

    इंदिरा गांधी हवाई अड्डे पर विदेशी करेंसी का मामला, 1.35 करोड़ नकदी की बरामद

    दिल्ली: कस्टम विभाग ने दिल्ली के इंदिरा गांधी के इंटरनेशनल एयरपोर्ट विदेशी नोट की तस्करी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है. विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक युवक के पास से 1.35 करोड़ रुपये मूल्य की विदेशी नोट बरामद हुई है. कस्टम विभाग ने बताया कि आरोपी युवक सूटकेस में छिपाकर विदेशी नोट ले जा रहा था.

    करेंसी में यूएस डॉलर, सऊदी रियाल और कतर रियाल शामिल
    दिल्ली के कस्टम विभाग अधिकारियों ने उत्तर प्रदेश के 26 वर्षीय भारतीय पुरुष यात्री के खिलाफ विदेशी मुद्रा से जुड़ी तस्करी का मामला दर्ज किया है. जब्त किए गए नोटों की कुल कीमत ₹1,35,01,150 है. जब्त की गई विदेशी नोट में यूएस डॉलर- 20,000, सऊदी रियाल- 5 लाख 25 हजार 500 और कतर रियाल- 1000 शामिल है.

    काले रंग के ट्रॉली बैग में छिपाई थी विदेशी नोट
    कस्टम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पूछताछ में यात्री ने भारत से बाहर मुद्रा की तस्करी का प्रयास करने की बात स्वीकार की. आरोपी व्यक्ति IGI एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 से हैदराबाद और फिर उसी दिन संयुक्त अरब अमीरात के रस अल खैमा जाने की योजना में था. हालांकि गुप्त सूचना के आधार पर कस्टम अधिकारियों ने आरोपी को पहले ही पकड़ लिया. ऐसे में उसके सामान की जांच पर काले रंग के ट्रॉली बैग में छिपाई गई विदेशी नोट बरामद हुई.

    सोना तस्करी का मामला
    कुछ दिनों पहले दिल्ली में IGI एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने सोना तस्करी के एक मामले का खुलासा करते हुए एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है. विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक मोजे में सोना छिपाकर दुबई से भारत ला रहा था. बरामद सोने की कुल कीमत 81.76 लाख रुपये आंकी गई है. बरामद कैप्सूल का कुल वजन 1,259 ग्राम था, जिसमें भूरी पॉलिथीन की पैकिंग की गई थी. सोने के पेस्ट से 1,101 ग्राम वजन का एक आयताकार सोने का बार निकाला गया. इसकी कुल कीमत 81.76 लाख रुपये है.

  • वल्लभ भवन के आसपास झुग्गियों की शिफ्टिंग का मामला

    वल्लभ भवन के आसपास झुग्गियों की शिफ्टिंग का मामला

    भोपाल । वल्लभ भवन के आसपास से झुग्गियों की शिफ्ट करने के मामले में नया अपडेट सामने आया है। 3 किलोमीटर के दायरे में आने वाले 8000 परिवार कोटरा सुल्तानाबाद में शिफ्ट होंगें। दक्षिण-पश्चिम विधानसभा के भीतर ही 8000 से अधिक परिवारों को सरकार फ्लैट बनाकर देगी। प्रति हेक्टेयर 50 करोड़ की शिफ्टिंग और फ्लैट बनाकर देने में खर्च आएगा।
    राजधानी में बनी अधिकांश झुग्गियां शहर के पॉश इलाकों में हैं। यह बस्तियां जिन क्षेत्रों में हैं, उसकी कीमत पांच हजार रुपए वर्गफीट या इससे अधिक ही है। एक अनुमान के हिसाब से सरकारी जमीन पर बनी बस्तियों की कीमत 19 हजार करोड़ से अधिक है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश थे कि झुग्गी में रहने वाले हर व्यक्ति को उसी स्थान पर मकान बनाकर दिया जाए, जिस स्थान पर वह रहा है। सीएम के इस दिशा निर्देश पर काम शुरू कर दिया गया है।

  • लॉस एंजिलिस में तेज हवाओं से हालात हुए और भी भयावह, अब तक 27 लोगों की मौत

    लॉस एंजिलिस में तेज हवाओं से हालात हुए और भी भयावह, अब तक 27 लोगों की मौत

    लॉस एंजिलिस: लॉस एंजिलिस में जंगलों से लेकर शहरों तक फैली आग विनाशकारी साबित हुई है। आग पर अभी तक पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका है। जहां भी आग लगी थी वो जगह पूरी तरह से राख में तब्दील हो गई है। आग ने बड़े पैमाने पर नुकसान किया है। आग की चपेट में आने से अब तक कुल 27 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि बहुत से लापता है। लापता लोगों का सुराग नहीं मिल पाया है। आग की चपेट में आने से 22 हजार से ज्यादा घर भी जल चुके हैं। 

    तेज हवाओं ने बढ़ाई परेशानी
    आग से मची तबाही के बीच एक बार फिर मौसम ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। आग को फैलाने के लिए जिम्मेदार तेज हवाओं की वापसी ने खतरे को और बढ़ा दिया है। कुछ स्थानों पर 142 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। जिससे एक बार फिर आग भड़कने का खतरा पैदा हो गया है।

    बढ़ सकती है आग
    नेशनल वेदर सर्विस के एरियल कोहेन ने AFP को बताया, "आग विस्फोटक रूप से बढ़ सकती है। इसलिए यह एक विशेष रूप से खतरनाक स्थिति है।" अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने जोखिम वाले क्षेत्रों में पहले से ही इंजन और अग्निशमन दल तैनात कर दिए हैं। 

    लॉस एंजिलिस की मेयर ने क्या कहा
    लॉस एंजिलिस की मेयर कैरन बास ने पत्रकारो से कहा, "मुझे विश्वास है कि हम अगले कुछ दिनों में सबसे खराब संभावित स्थिति के लिए तैयार रहेंगे।" सबसे बड़ी आग, पैलिसेड्स फायर, सोमवार तक 59 प्रतिशत नियंत्रित कर ली गई थी। ईटन फायर, जिसने अल्ताडेना क्षेत्र के एक बड़े हिस्से को तबाह कर दिया था, 87 प्रतिशत नियंत्रित कर ली गई है।  

    डोनाल्ड ट्रंप करेंगे दौरा
    सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने वाले डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वो सप्ताह के अंत में आग से तबाह हुए क्षेत्रों का दौरा करेंगे। 47वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने के बाद ट्रंप ने कैलिफोर्निया के डेमोक्रेटिक नेतृत्व पर फिर से कटाक्ष किया था। उन्होंने कहा था कि हम देख रहे हैं कि कई दिनों पहले की आग अभी भी दुखद रूप से जल रही है, और बचाव का कोई उपाय नहीं है। उन्होंने कहा, "हम ऐसा नहीं होने दे सकते।"

  •  चाइनीज मांझा से मासूम की मौत, नगर निगम की टीम ने पतंग दुकानों का किया निरीक्षण

     चाइनीज मांझा से मासूम की मौत, नगर निगम की टीम ने पतंग दुकानों का किया निरीक्षण

    रायपुर। राजधानी रायपुर में चाइनीज मांझा से 7 साल के बच्चे की जान चली गई, जिसके बाद नगर निगम ने गंभीरता से कार्रवाई शुरू की। इस घटना को लेकर नगर निगम की टीम ने आज विभिन्न पतंग दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संतोषी नगर क्षेत्र में दो पतंग दुकानों से 8 बंडल चाइनीज मांझा जब्त किया गया। नगर निगम जोन 6 के कमिश्नर रमेश जायसवाल के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। कलेक्टर एवं नगर निगम प्रशासक डॉ. गौरव कुमार सिंह और निगम आयुक्त अबिनाश मिश्रा के आदेश पर नगर निगम उपायुक्त राजस्व डॉ. अंजलि शर्मा की निगरानी में पतंग दुकानों का निरीक्षण किया गया। जिन दुकानों से चाइनीज मांझा मिला, वहां जब्ती की कार्रवाई की गई और दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी गई। निगम जोन 4 की टीम ने भी संजय पतंग दुकान को सील कर दिया, क्योंकि दुकान के पास अनुज्ञप्ति लाइसेंस नहीं था। इसके अलावा श्याम टाकीज बूढ़ापारा क्षेत्र की दो पतंग दुकानें निरीक्षण के दौरान बंद पाई गईं। नगर निगम ने यह भी बताया कि राजधानी में चाइनीज मांझा की बिक्री के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और जनजीवन की सुरक्षा के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी की जाएगी।