आरंग. आरंग-खरोरा मुख्य मार्ग पर शनिवार को धान से लदे बेलगाम ट्रक ने बाइक सवार तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया. इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो गई. एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक चालक ने ईलाज के दौरान दम तोड़ दिया. मृतकों की पहचान नंदकिशोर लोधी और कुंतीबाई लोधी के रूप में हुई है. वहीं बाइक चालक की मां गंभीर रूप से घायल हैं. तीनो पुलिस ने भाग रहे आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जो नशे की हालत में वाहन चला रहा था.

शादी से लौटने के दौरान हादसा

जानकारी के अनुसार, मृतिका कुंतीबाई लोधी (पति मंगलू लोधी) अपने रिश्तेदारों के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने आरंग आई थीं. कार्यक्रम के बाद, ग्राम गुल्लू निवासी नंदकिशोर लोधी और उसकी मां राजकुमारी लोधी के साथ बाइक पर सवार होकर वापस अपने गांव लौट रही थी. इसी दौरान बजरंग केमिकल डिस्टलरी कंपनी के पास ट्रक ने बाइक को सामने से टक्कर मारी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सामने से आ रहे धान से भरे ट्रक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक को सीधी टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए. घटना में कुंतीबाई लोधी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि नंदकिशोर और राजकुमारी लोधी को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है. इलाज के दौरान नंदकिशोर लोधी ने भी दम तोड़ दिया है और जबकि उसकी मां राजकुमारी लोधी जिंदगी और मौत से जूझ रही है.

शराब के नशे में था ट्रक चालक, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा

वारदात को अंजाम देने के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार होने की कोशिश कर रहा था. घटना की सूचना मिलते ही आरंग थाना प्रभारी हरीश साहू ने तत्परता दिखाते हुए खुद ही ट्रक का पीछा शुरू किया. अंततः पुलिस ने नवापारा – राजिम रोड में ग्राम चरौदा के पास ट्रक को घेराबंदी कर पकड़ लिया.

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने पाया कि ट्रक चालक अत्यधिक शराब के नशे में था. नशे की हालत में भारी वाहन चलाने की उसकी इस सनक ने हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया. आरंग पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है. मृतिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Author Profile

Hasina
Exit mobile version