रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरा कल से शुरू होगा। वे 7 से 9 फरवरी तक राज्य में रहेंगे। इस दौरान उनका फोकस आंतरिक सुरक्षा, वामपंथी उग्रवाद (LWE) के खिलाफ चल रहे अभियानों की समीक्षा और विकास कार्यों की प्रगति पर रहेगा। इसके साथ ही वे राज्य के एक प्रमुख सांस्कृतिक आयोजन में भी शामिल होंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, अमित शाह 7 फरवरी की शाम करीब 7 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से वे सीधे अपने प्रवास स्थल जाएंगे। रात करीब 8 बजे रायपुर में वे राज्य के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ एक अहम समीक्षा बैठक करेंगे। इस बैठक में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा चुनौतियों और केंद्र व राज्य सरकार के बीच समन्वय से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

8 फरवरी को गृह मंत्री वामपंथी उग्रवाद को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, राज्य शासन के शीर्ष अफसर, पुलिस महानिदेशक सहित CRPF, BSF, ITBP और अन्य केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे ऑपरेशनों, सुरक्षा बलों की रणनीति, इंटेलिजेंस इनपुट और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही नक्सलवाद के खिलाफ आगे की रणनीति पर भी मंथन होगा।

9 फरवरी को अमित शाह बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर पहुंचेंगे। यहां वे बस्तर पंडूम महोत्सव के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह महोत्सव बस्तर की जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और लोककलाओं को मंच देने वाला प्रमुख आयोजन है। कार्यक्रम के बाद अमित शाह जगदलपुर से ही दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

Author Profile

Hasina
Exit mobile version